प्रमोद शर्मा
नई दिल्ली : राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने समरकंद में उज्बेकिस्तान की सीनेट की चेयरपर्सन तंजिला नारबायेवा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अक्टूबर में नई दिल्ली में भारतीय संसद की अध्यक्षता में होने वाले 12वें BRICS संसदीय फोरम में शामिल होने के लिए उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान भारत और उज्बेकिस्तान के बीच बढ़ते संबंधों पर चर्चा हुई। तंजिला नारबायेवा ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया उज्बेकिस्तान यात्रा का गर्मजोशी से उल्लेख किया। उन्होंने BRICS संसदीय फोरम के निमंत्रण में भी गहरी रुचि दिखाई।
चड्ढा ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान के बीच संसदीय संवाद एवं सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तंजिला नारबायेवा अक्टूबर में नई दिल्ली में होने वाले फोरम में शामिल होंगी।
संसदीय सहयोग का अहम मंच
BRICS संसदीय फोरम BRICS देशों के सांसदों को संसदीय संवाद, विधायी अनुभवों के आदान-प्रदान और साझा मुद्दों पर सहयोग का अवसर प्रदान करता है। नई दिल्ली में होने वाला 12वां फोरम भारत की संसदीय कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।
यह बैठक इंटर-पार्लियामेंटरी यूनियन (IPU) के सम्मेलन के दौरान हुई, जिसमें विभिन्न देशों के युवा सांसद और प्रतिनिधि मानवाधिकार, डिजिटल अधिकार तथा भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।





