के.सी. मालू की स्मृति को समर्पित ‘स्वर सरिता भावांजलि विशेषांक’ .का लोकार्पण आज 30 सितंबर को

Launch of the ‘Swar Sarita Bhavanjali Special Issue’, dedicated to the memory of K.C. Malu, today, September 30

रविवार दिल्ली नेटवर्क

जयपुर : राजस्थान की कला, संस्कृति, संगीत और साहित्य को अपना जीवन समर्पित करने वाले के.सी. मालू की स्मृति को समर्पित ‘स्वर सरिता भावांजलि विशेषांक’ का लोकार्पण समारोह 30 सितंबर को होटल मैरियट, जवाहर सर्किल के पास, टोंक रोड, जयपुर में आयोजित किया जाएगा।

समारोह की अध्यक्षता राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी करेंगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य वक्ता तथा राजस्थान सरकार के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

‘स्वर सरिता’ के प्रधान संपादक हेमजीत मालू ने बताया कि ‘भावांजलि विशेषांक’ में के.सी. मालू के साथ जुड़े लोगों के संस्मरण, उनके व्यक्तित्व के विविध आयाम तथा राजस्थान की कला-संस्कृति के प्रति उनके समर्पण को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। यह विशेषांक उनके जीवन-संघर्ष, सांस्कृतिक दृष्टि और कलाकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की स्मृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

वीणा म्यूजिक ग्रुप की मासिक पत्रिका ‘स्वर सरिता’ के संस्थापक-संपादक रहे के.सी. मालू के बहुआयामी सांस्कृतिक अवदान को स्मरण करते हुए आयोजित इस समारोह में वरिष्ठ राजनेता व प्रशासनिक अधिकारी, मालू परिवार, ‘स्वर सरिता’ परिवार, वीणा ग्रुप तथा कला-संस्कृति जगत से जुड़े प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि के.सी. मालू ने राजस्थान की लोक कला, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को व्यापक मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘स्वर सरिता’ के माध्यम से उन्होंने राजस्थान की लोकधुनों, लोक कलाकारों और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सतत प्रयास किया। उनके निधन के बाद प्रकाशित यह विशेषांक उनके जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व और सांस्कृतिक योगदान को शब्दों और स्मृतियों के माध्यम से सहेजने का महत्वपूर्ण प्रयास है।