कॉमेडी, इमोशन और प्रेरणा का अनोखा संगम है ‘आर्यभट्ट का जीरो’

'Aryabhata ka Zero' is a unique blend of comedy, emotion, and inspiration

मुंबई (अनिल बेदाग) : फिल्म ‘आर्यभट्ट का जीरो’ का ट्रेलर यह संदेश देता है कि जिंदगी में असफलताएं अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत का अवसर होती हैं। 2 मिनट 38 सेकंड का ट्रेलर एक साधारण युवक ब्रह्मगुप्त श्रीवास्तव उर्फ ‘बग्गू’ की भावनात्मक यात्रा को सामने लाता है, जिसमें पिता-पुत्र के रिश्ते की गहराई, अधूरे सपनों का दर्द, प्रेम में हार और आत्मसम्मान की लड़ाई को प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया है। ट्रेलर में कॉमेडी, इमोशन और प्रेरणा का संतुलित मेल इसे खास बनाता है।

अभिनेता हिमांश कोहली कहते हैं, “बग्गू सिर्फ एक किरदार नहीं है, बल्कि उन लाखों युवाओं का प्रतिनिधित्व करता है जो जिंदगी में बार-बार गिरते हैं, लेकिन कभी हार नहीं मानते।” वहीं निर्माता बीरेंद्र भगत का मानना है, “यह हर उस इंसान की कहानी है जिसे कभी समाज ने कम आंका हो। हर ज़ीरो के भीतर एक हीरो बनने की क्षमता होती है।”

निर्देशक कमल चंद्रा के अनुसार, “हर असफलता के पीछे एक नई शुरुआत छिपी होती है। बग्गू का किरदार गिरकर फिर उठने और खुद पर विश्वास रखने की प्रेरणा देता है।” हिमांश कोहली, सोनाली सहगल, रवि किशन और राजेश शर्मा जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में दर्शकों को उम्मीद, आत्मविश्वास और संघर्ष की नई कहानी सुनाने के लिए तैयार है।