दिलीप कुमार पाठक
विदेश नीति और जज़्बात के बीच की लकीर बहुत पतली होती है, और हर कोई इसे संभाल नहीं पाता। इज़राइल और ग़ाज़ा के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जो रुख़ रखा है, उसने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। वामपंथी दलों से लेकर कांग्रेस के अपने सहयोगियों तक, कई लोग इस पर सवाल उठा रहे हैं। मगर राजनीतिक, कूटनीतिक नज़रिए से देखें, तो यह एक सधे हुए और परिपक्व राजनेता का कदम दिखता है।
ग़ाज़ा में मासूमों की मौत और तबाही की तस्वीरें देखकर किसी भी संवेदनशील इन्सान का मन कचोट जाता है। आम लोगों की भावनाएं वाजिब हैं। पर विदेश नीति सिर्फ़ नारों या भावनाओं से नहीं चलती। यहीं पर एक ह्यूमन राइट एक्टिविस्ट और एक ज़िम्मेदार राजनेता का फ़र्क दिखता है। एक्टिविस्ट सिर्फ़ अपने दिल और आदर्शों की सुनता है, उसे देश चलाने या कूटनीतिक रिश्ते संभालने की फ़िक्र नहीं होती। दूसरी तरफ़, भारत जैसे बड़े देश के नेता प्रतिपक्ष के कंधों पर देश के हितों, सुरक्षा और भविष्य की कूटनीति की ज़िम्मेदारी होती है। राहुल के भीतर मानवीयता की कोई कमी नहीं है। उन्होंने ग़ाज़ा में हो रहे जुल्म और निर्दोष लोगों की मौत की साफ़ निंदा करके इंसानियत का पक्ष मजबूती से रखा, पर यह भी समझदारी दिखाई कि विदेश नीति भावुकता के बजाय व्यावहारिक समझ से चलती है।
राहुल के इस संतुलित रुख़ में पंडित जवाहरलाल नेहरू की विदेश नीति की झलक साफ दिखती है, जहाँ आदर्शवाद और व्यावहारिक यथार्थवाद साथ चलते हैं। कई लोग मान लेते हैं कि नेहरू की नीति बस आदर्शों तक सिमटी थी, जबकि असलियत यह है कि उन्होंने दुनिया भर के अन्याय और मानवाधिकार हनन के ख़िलाफ़ आवाज़ ज़रूर उठाई, पर जब भारत की संप्रभुता और हितों की बात आई, तो हमेशा व्यावहारिक फ़ैसले लिए। 1947 में भारत ने फ़िलिस्तीन के बंटवारे का विरोध किया था, लेकिन जब इज़राइल हकीकत बन गया, तो 1950 में नेहरू सरकार ने उसे एक देश के तौर पर मान्यता दी। 1954 में नेहरू जी ने साफ़ कहा था कि वे ऐसे किसी प्रस्ताव के साथ नहीं होंगे जो इज़राइल के वजूद को अंतरराष्ट्रीय क़ानून के ख़िलाफ़ माने। 1962 के चीन युद्ध और 1965 के पाकिस्तान युद्ध के वक़्त भारत ने इज़राइल से रक्षा सामग्री भी ली थी। इससे यह बात पक्की होती है कि पीड़ितों के साथ खड़े होना और अपनी सुरक्षा के लिए ज़रूरी साझेदारी करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं, जिन्हें साथ लेकर चलना पड़ता है।
घरेलू राजनीति में कई बार इज़राइल और पाकिस्तान की तुलना कर दी जाती है, जो हमारे संदर्भ में पूरी तरह बेमानी है। पाकिस्तान के साथ हमारा सीधा सीमा विवाद और सीमा पार से आतंकवाद का टकराव है। इसके उलट, इज़राइल बरसों से भारत का भरोसेमंद रक्षा, कृषि और तकनीक साझेदार रहा है। 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान जब कई बड़े देश हिचकिचा रहे थे, तब इज़राइल ने ज़रूरी रक्षा उपकरण और तकनीक देकर भारत की बड़ी मदद की थी। इस ज़मीनी सच्चाई को अनदेखा करके कोई भी ज़िम्मेदार नेता विदेश नीति पर बात नहीं कर सकता।
दूसरी ओर, इस पूरे मामले का एक आलोचनात्मक पक्ष भी है, जिसे वामपंथी दल और मानवाधिकार से जुड़े लोग लगातार उठा रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि ग़ाज़ा में हो रहे भारी नुकसान को देखते हुए विपक्षी दलों को फ़िलिस्तीन के पक्ष में और खुलकर व बिना किसी शर्त के खड़ा होना चाहिए। उनका मानना है कि इज़राइल के साथ रक्षा और रणनीतिक रिश्तों की वजह से संतुलन साधने की कोशिश भारत की पुरानी गुटनिरपेक्ष और उपनिवेशवाद-विरोधी सोच को कमज़ोर करती है। उनके मुताबिक़, विपक्ष के नेता से उम्मीद की जाती है कि वह सरकार की लाइन पर चलने के बजाय नैतिक सिद्धांतों को ज़्यादा तवज्जो दे।
फिर भी, एक ज़िम्मेदार नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राहुल गांधी के बयानों को दुनिया भारत की भावी विदेश नीति के संकेत की तरह देखती है। आलोचनाओं के बावजूद उनके इस बयान के बाद देश में कोई बड़ी नकारात्मक राजनीतिक हलचल नहीं हुई, और राहुल के लिए यही ठीक भी है। आज जब दुनिया के ज़्यादातर बड़े मुस्लिम और अरब देश भी इज़राइल से सीधे टकराव के बजाय अपने व्यापारिक और कूटनीतिक हित साध रहे हैं, तब भारत में बैठकर अनावश्यक रूप से ‘राजनीतिक खुदकुशी’ करने का कोई मतलब नहीं बनता। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा कद बनाने के लिए नेहरू जी के उसी रास्ते यानी मानवीय संवेदना और कूटनीतिक समझ के संतुलन की सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है, और राहुल ने इसी दिशा में कदम बढ़ाया है।





