दूसरा भारत शिखर सम्मेलन: 2026 वैश्विक अग्रदूत

2nd India Summit: 2026 Global Herald

प्रो. नीलम महाजन सिंह

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने तेलंगाना के हैदराबाद में दूसरे ‘भारत शिखर सम्मेलन’ (Bharat Summit -2) का आयोजन किया। 14 नवंबर 2026 को हुए इसके समापन सत्र में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हिस्सा लिया। यह आयोजन, दिसंबर 2026 में होने वाले उस ‘ग्लोबल समिट’ से अलग है, जो निवेश पर केंद्रित है व जिसे तेलंगाना-आंध्र सरकार द्वारा आयोजित किया जा रहा है। ‘भारत शिखर सम्मेलन 2026’ का दूसरा संस्करण 13-14 नवंबर 2026 को हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में तेलंगाना सरकार व मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 70 देशों के करीब 1,000 प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें राजनीतिक नेता, राजनयिक, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, बुद्धिजीवी व नागरिक समाज के प्रतिनिधि मौजूद थे। 14 नवंबर को समापन सत्र में राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के साथ भाग लिया। राहुल गांधी के लिए निकाली गई एक राजनीतिक मोटरसाइकिल रैली ने एक विशेष राजनीतिक संकेत दिया है। सम्मेलन में राहुल गांधी की भागीदारी मुख्य आकर्षणों रही। इस सम्मेलन के घोषणापत्र में अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक संस्थाओं पर चर्चा, राजनीतिक स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय और बदलती वैश्विक राजनीतिक व्यवस्था जैसे प्रमुख मुद्दों को शामिल किया गया। प्रतिनिधियों ने ‘वैश्विक सहयोग’ (Global Cooperation) पर चर्चा की और ‘ग्लोबल नॉर्थ’ (विकसित देशों) तथा ‘ग्लोबल साउथ’ (विकासशील देशों) के बीच मज़बूत साझेदारी की संभावनाओं को तलाशा। इसके अलावा, ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ के विशेषज्ञों ने ऐ.आई. ‘क्लाउड कैपिटलिज्म’, तकनीकी बदलाव व समाज पर इनके प्रभावों का विश्लेषण किया। वैश्विक जलवायु परिवर्तन, पर्यावरणीय स्थिरता और सामूहिक अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई जैसे समकालीन विषयों पर चर्चा हुई। आर्थिक न्याय के मुद्दों पर भी बात की गई। असमानता, बेरोज़गरी, समावेशी विकास, आर्थिक अवसर, संसाधन व उनके वितरण जैसे विषयों पर बहस हुई। राहुल गांधी व रेवंत रेड्डी ने ‘तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम’ की शुरुआत की, जिसमें ऐप-आधारित और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा के महत्व पर ज़ोर दिया गया। इस शिखर सम्मेलन में प्रगतिशील राजनीतिक विचारों और सहयोग के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मंच बनाने के विचार को भी बढ़ावा दिया गया। ‘भारत सम्मिट 2’ ने हैदराबाद को अंतरराष्ट्रीय संवाद, प्रगतिशील विचारों व लोकतांत्रिक चर्चाओं को महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित किया। राहुल गांधी की भागीदारी ने इसमें राष्ट्रीय और राजनीतिक उत्साह व महत्व जोड़ा, जबकि अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने साझा वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान किया। शिखर सम्मेलन का मुख्य संदेश यह था कि लोकतंत्र, शांति, समानता, सामाजिक न्याय और अंतरराष्ट्रीय सहयोग—ये सभी एक अधिक समावेशी और टिकाऊ दुनिया के निर्माण के केंद्र में होने चाहिए। राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र की स्थिति को वैश्विक चिंता का विषय बताया और उन अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों से माफी मांगी, जिन्हें कथित तौर पर भारत सरकार द्वारा इस शिखर सम्मेलन में आने के लिए प्रवेश या वीजा देने से मना कर दिया गया था। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 के आम चुनावों तक विपक्ष भारत में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को राजनीतिक रूप से हरा देगा। उनका भाषण अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए एक संबोधन होने के साथ-साथ प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के लिए तीखी राजनीतिक चुनौती भी था। इस पर बीजेपी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई, जिसने उन पर विदेशी प्रतिनिधियों के सामने भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। इस संबोधन से जो मुख्य सवाल उठता है वह यह है कि भारत राजनीतिक जवाबदेही, आर्थिक अवसरों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखते हुए, अपने लोकतांत्रिक संस्थानों को कैसे मजबूत कर सकता है। प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, आर्थिक न्याय व प्रस्तावित ‘ग्लोबल प्रोग्रेसिव थिंक टैंक, ऑवर वर्ल्ड’ की स्थापना इस शिखर सम्मेलन के प्रमुख निष्कर्ष रहे। सैम पित्रोदा ने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्किंग और रणनीतिक आधार तैयार करने में अहम भूमिका निभाई, जबकि सलमान खुर्शीद ने शिखर सम्मेलन के लिए राजनीतिक, राजनयिक और विदेश-नीति संबंधी नेतृत्व प्रदान किया। सलमान खुर्शीद कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के अध्यक्ष हैं, पूर्व विदेश मंत्री रह चुके हैं और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य हैं। सैम पित्रोदा और सलमान खुर्शीद ने मिलकर ‘भारत सम्मिट: 2’ को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक सामान्य जमावड़े से कहीं अधिक महत्वपूर्ण बनाने में मदद की। यह राजनीतिक सहयोग के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मंच तैयार करने का प्रयास है। पूर्व विदेश मंत्री डा. शशि थरूर ने विदेशी प्रतिभागियों के साथ समन्वय करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। डॉ. थरूर ने कई आमंत्रित लोगों के प्रवेश पर मोदी सरकार द्वारा लगाई गई रोक पर दु:ख व्यक्त किया और सरकार की आलोचना की। ‘अर्जेंटीना के अल्फ्रेडो लेसेरी ने शिखर सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर बात की। दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के सुबरा महामुपीलम ने भारत के साथ द्विपक्षीय व सामाजिक संबंधों को मज़बूत करने पर चर्चा की। नेपाल के ‘महात्मा गांधी मेमोरियल फाउंडेशन’ के अध्यक्ष अर्जुन थापा ने वैश्विक शांति व सहयोग पर अपने विचार रखे। ‘भारत शिखर सम्मेलन: 2’ (Bharat Summit: 2) में देश के भीतर से राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू जैसी राजनीतिक हस्तियों ने अहम भूमिका निभाई। दूसरे ‘भारत शिखर सम्मेलन’ की रिपोर्ट और घोषणा-पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को सौंपा जाना चाहिए, ताकि सरकार इसकी सिफारिशों को लागू कर सके। ‘भारत शिखर सम्मेलन: 2’ नेताओं व राजनीतिक विचारकों को एक मंच पर लाने की एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर अविश्वास, युद्धों व घरेलू संकटों को कम करने के लिए एक ‘श्वेत पत्र’ (white paper) तैयार करना चाहिए। यदि सरकार ने लगभग 1700 प्रतिनिधियों को आने से न रोका होता, तो इस सम्मेलन का अधिक प्रभाव होता। ऐसे मंच प्रतिभागियों को ‘एक दुनिया’ (One World) के सिद्धांत पर अपने विचार रखने का अवसर देते हैं। सलमान खुर्शीद ने ‘भारत शिखर सम्मेलन: 2’ का सारांश देते हुए कहा, “हैदराबाद में आयोजित ‘भारत शिखर सम्मेलन 2026’ का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी व तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के साथ-साथ देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित प्रतिनिधि शामिल हुए। वरिष्ठ नेताओं व वैश्विक प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने उभरती हुई विश्व व्यवस्था, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में भारत की भूमिका पर हुई चर्चाओं को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया।” इस शिखर सम्मेलन ने दुनिया भर की प्रगतिशील आवाज़ों के बीच बातचीत, विचारों के आदान-प्रदान और साझेदारियों को मज़बूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है। सलमान खुर्शीद ने कहा, “मेरा दृढ़ विश्वास है कि आज के समय की चुनौतियों से निपटने के लिए सार्थक बातचीत, लोकतांत्रिक मूल्य और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग अत्यंत आवश्यक हैं।” इस शिखर सम्मेलन को वैश्विक शांति और सद्भाव की दिशा में एक पहल, तथा शांति के अग्रदूत के रूप में देखा जाना चाहिए।

प्रो. नीलम महाजन सिंह, [वरिष्ठ पत्रकार, लेखिका, दूरदर्शन व्यक्तित्व, मानवाधिकार संरक्षण सालिसिटर व परोपकारक]