प्रभास के ‘पिता’ बनेंगे बड़े स्टार, ‘सालार 2’ में खुलेगा नया राज!

A big star to play Prabhas’s ‘father’; a new secret to be revealed in ‘Salaar 2’!

मुंबई (अनिल बेदाग): प्रभास की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सालार: पार्ट 1 – सीजफायर’ की जबरदस्त सफलता के बाद अब दर्शकों की नजरें इसके बहुप्रतीक्षित सीक्वल ‘सालार: पार्ट 2 – शौर्यांग पर्वम’ पर टिकी हैं। प्रशांत नील के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। खबरों के मुताबिक, एक बड़े और जाने-माने अभिनेता फिल्म में प्रभास के किरदार देवा के पिता धरा शौर्यांग की भूमिका निभाएंगे।

यह किरदार कहानी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि पहले भाग के अंत में देवा की पहचान और उसकी वंशावली से जुड़े रहस्य ने आगे की कहानी के लिए कई सवाल खड़े किए थे। ऐसे में पिता के किरदार की एंट्री कहानी को नई दिशा देने के साथ-साथ खांसार की दुनिया में छिपे कई राज भी खोल सकती है। होम्बले फिल्म्स के प्रोड्यूसर विजय किरागंदूर और प्रशांत नील सीक्वल के प्री-प्रोडक्शन पर तेजी से काम कर रहे हैं। ‘सालार 2’ से अब दर्शकों को पहले से भी बड़ा एक्शन, ड्रामा और रोमांच देखने की उम्मीद है।