भगवान श्रीराम–माता श्रीजानकी की आस्था को मिली भारतीय रेल की रफ्तार

The devotion to Lord Shri Ram and Mother Shri Janaki gets a boost from the speed of Indian Railways

  • पवित्र नगरीअयोध्या से जनकपुर धाम तक भारत–नेपाल मैत्री का ऐतिहासिक सेतु बनी सरयू– कमला एक्सप्रेस;
  • 604 किलोमीटर की रेल यात्रा से धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और सीमापार जनसंपर्क को मिलेगी नई दिशा

विनोद सिंह ‘तकियावाला’’

भारत और नेपाल के बीच सदियों से चले आ रहे धार्मिक, सांस्कृतिक,सामाजिक और पारिवारिक संबंधों को 23 नवंबर 2026 को एक नई ऐतिहासिक उपलब्धि मिली। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुर धाम को जोड़ने वाली सरयू–कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ दोनों देशों की मैत्री, साझा सभ्यतागत विरासत और जन-जन की आत्मीयता का नया अध्याय बन गया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने नई दिल्ली से दृश्य-श्रव्य माध्यम द्वारा इस ऐतिहासिक रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहे। यह शुभारंभ महज एक नई रेल सेवा का आरंभ नहीं, बल्कि उन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को आधुनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास है, जिनकी जड़ें रामायणकालीन परंपराओं और भारत–नेपाल की साझा लोकसंस्कृति में गहराई तक समाई हुई हैं। रामायण की स्मृतियों से जुड़ेंगे दो पावन तीर्थ भारतीय जनमानस में अयोध्या और जनकपुर धाम का संबंध भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग से जुड़ा हुआ है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर धाम माता जानकी की जन्मस्थली के रूप में श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाता है। जनकपुर की पावन धरती राजा जनक, माता सीता और रामायण की अनेक ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्मृतियों को अपने भीतर समेटे हुए है। अवध और मिथिला के बीच यह संबंध केवल धार्मिक आख्यानों तक सीमित नहीं है। विवाह संस्कारों, लोकगीतों, पारिवारिक परंपराओं और सामाजिक व्यवहार में आज भी इसकी आत्मीय झलक दिखाई देती है। दोनों क्षेत्रों के बीच सदियों से प्रचलित रोटी-बेटी के संबंध इस सांस्कृतिक निकटता के जीवंत प्रमाण हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा के बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। दूसरी ओर जनकपुर धाम भी नेपाल सहित भारत और दुनिया के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं का प्रमुख तीर्थस्थल है। ऐसे में दोनों पवित्र नगरों के बीच रेल संपर्क स्थापित होना धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। अब श्रद्धालुओं को रामायण से जुड़े इन दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा के लिए सुविधाजनक रेल विकल्प उपलब्ध होगा। इससे धार्मिक यात्राओं के साथ-साथ भारतीय और नेपाली संस्कृति, परंपराओं तथा ऐतिहासिक विरासत को समझने के इच्छुक पर्यटकों और शोधार्थियों को भी लाभ मिलेगा। 604 किलोमीटर की दूरी, 19 घंटे में पूरा होगा सफर सरयू–कमला एक्सप्रेस लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए भारत और नेपाल के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ेगी। 17 डिब्बों वाली यह रेलगाड़ी अपनी यात्रा लगभग 19 घंटे में पूरी करेगी। निर्धारित मार्ग में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। अयोध्या कैंट से सोमवार शाम 5 बजकर 50 मिनट पर प्रस्थान करने वाली रेलगाड़ी मंगलवार को नेपाली समयानुसार दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर जनकपुर धाम पहुँचेगी। वापसी यात्रा शनिवार को नेपाली समयानुसार दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर जनकपुर से प्रारंभ होकर रविवार सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या पहुँचेगी। इस रेल सेवा का नियमित परिचालन 28 नवंबर 2026 से निर्धारित किया गया है। इस रेल संपर्क का महत्व केवल यात्रा की दूरी और समय में कमी तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह आवागमन का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। सीमापार परिवारों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को इससे सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से बुजुर्ग श्रद्धालुओं और परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों के लिए रेल संपर्क सुविधाजनक एवं अपेक्षाकृत किफायती विकल्प उपलब्ध करा सकता है। इतिहास के इस क्षण का साक्षी बनने का गौरव भारतीय रेलवे के सौजन्य से इस ऐतिहासिक शुभारंभ का प्रत्यक्ष साक्षी बनने का अवसर मेरे लिए अत्यंत गौरव, आत्मीयता और अविस्मरणीय अनुभूति का विषय रहा। अयोध्या की पावन धरती पर इस रेल सेवा के शुभारंभ को देखना केवल एक पत्रकार के रूप में किसी सरकारी कार्यक्रम में शामिल होना नहीं था, बल्कि भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक परिवहन व्यवस्था के माध्यम से साकार होते देखना था। जब भगवान श्रीराम की नगरी से माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के लिए रेलगाड़ी रवाना हुई, तब यह अनुभूति विशेष रूप से प्रबल हुई कि परिवहन के साधन केवल भौगोलिक दूरियाँ नहीं घटाते, बल्कि इतिहास, संस्कृति, आस्था और मानवीय संवेदनाओं को भी एक-दूसरे के निकट लाते हैं। सरयू और कमला नदियों के नाम से जुड़ी इस रेल सेवा का प्रतीकात्मक महत्व भी उल्लेखनीय है। एक ओर भगवान श्रीराम की नगरी से जुड़ी सरयू की पावन पहचान है, तो दूसरी ओर मिथिला की धरती से जुड़ी कमला नदी की सांस्कृतिक पहचान। इस प्रकार रेलगाड़ी का नाम भी दोनों क्षेत्रों की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को एक सूत्र में पिरोता है। मोदी–बालेन्द्र शाह वार्ता से मजबूत होंगे द्विपक्षीय संबंध नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी उच्चस्तरीय वार्ता ने इस रेल सेवा को व्यापक कूटनीतिक और आर्थिक संदर्भ प्रदान किया। दोनों नेताओं के बीच संपर्क व्यवस्था, व्यापार, ऊर्जा, निवेश, आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के विशेष मैत्री संबंधों, साझा सभ्यतागत विरासत और दोनों देशों के नागरिकों के बीच गहरे आत्मीय जुड़ाव को रेखांकित किया। वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने नेपाल की विकास प्राथमिकताओं तथा आर्थिक सहयोग, ऊर्जा और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर अपना पक्ष रखा। बालेन्द्र शाह के प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद भारत उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा का गंतव्य बना। यह तथ्य दोनों देशों के संबंधों में भारत के महत्व और आपसी विश्वास को दर्शाता है। इस यात्रा के दौरान भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ उनकी बैठक में संपर्क, व्यापार, पारगमन, ऊर्जा, संस्कृति, शिक्षा, खेल और जन-से-जन संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले ने भारतीय निवेशकों को नेपाल में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इससे स्पष्ट है कि भारत और नेपाल अपने पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को आर्थिक साझेदारी और विकास के नए अवसरों से जोड़ना चाहते हैं। अवध और मिथिला की आत्मीयता को मिलेगा नया विस्तार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर अवध और मिथिला के सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए इस रेल सेवा को दोनों क्षेत्रों की आत्मीयता का नया माध्यम बताया। उन्होंने रोटी-बेटी के रिश्तों और श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल बनाने में इसके महत्व को रेखांकित किया। वस्तुतः भारत और नेपाल के बीच संबंधों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि दोनों देशों की जनता एक-दूसरे के इतिहास, परंपराओं, भाषा, खानपान, धार्मिक मान्यताओं और पारिवारिक जीवन से गहराई से जुड़ी हुई है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा और सामाजिक संपर्क ने इस आत्मीयता को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखा है। सरयू–कमला एक्सप्रेस इस पारंपरिक संबंध को आधुनिक परिवहन सुविधा के माध्यम से नई मजबूती प्रदान कर सकती है। इसके परिचालन से अयोध्या, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जनकपुर जैसे क्षेत्रों में पर्यटन एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। धार्मिक यात्रियों की संख्या बढ़ने से होटल, परिवहन, खानपान, हस्तशिल्प, स्थानीय बाजार और छोटे व्यवसायों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इसके साथ ही दोनों देशों के पर्यटन विभागों और स्थानीय प्रशासन को संयुक्त रूप से रामायण परिपथ विकसित करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा, आवास, दर्शन और स्थानीय परिवहन की बेहतर सुविधाएँ मिल सकें। रेल संपर्क से आगे बढ़ेगी साझा समृद्धि इस ऐतिहासिक पहल की सफलता के लिए नियमित परिचालन, समयबद्धता, यात्रियों की सुरक्षा और सीमा पार आवागमन की सरल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना आवश्यक होगा। दोनों देशों के रेलवे और संबंधित प्रशासनिक विभागों के बीच बेहतर समन्वय से यात्रियों को निर्बाध सुविधा मिल सकती है। साथ ही मार्ग में पड़ने वाले ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र से जोड़ने की आवश्यकता है। इससे यह रेल सेवा केवल अयोध्या और जनकपुर के बीच यात्रा का साधन न रहकर पूरे क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है। भारत और नेपाल की मैत्री किसी औपचारिक कूटनीतिक समझौते की मोहताज नहीं रही है। यह संबंध साझा इतिहास, धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और जनमानस की भावनाओं से निर्मित हुआ है। सरयू–कमला एक्सप्रेस इसी आत्मीय विरासत को विकास और आधुनिकता की पटरी पर आगे ले जाने का सार्थक प्रयास है। निस्संदेह, राम की अयोध्या और जानकी की जनकपुर नगरी के बीच दौड़ने वाली यह रेलगाड़ी केवल 604 किलोमीटर की भौगोलिक दूरी नहीं घटाएगी, बल्कि सदियों से प्रवाहित आस्था, विश्वास, प्रेम और सांस्कृतिक एकता के रिश्तों को भी नई मंजिल तक पहुँचाएगी। यह रेल सेवा भारत–नेपाल मैत्री का ऐसा ऐतिहासिक सेतु बने, जिसकी सकारात्मक गूँज आने वाली पीढ़ियों तक सुनाई देती रहे।