- स्मृति बोली, कभी भी मिताली दी के रिकॉर्ड को तोड़ने की बाबत सोचा न था
- स्मृति के शतक से हांगकांग को हरा भारत महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में
- -भारत का आखिरी ग्रुप मैच में आज मुकाबला पाकिस्तान से
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : उपकप्तान स्मृति मंधाना के दूसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय शतक से भारत ने हांगकांग को बृहस्पतिवार रात दुबई में 137 रन से हरा ग्रुप ए में लगातार दूसरी जीत की बदौलत एसीसी महिला एशिया कप टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में स्थान बना लिया। स्मृति मंधाना (कुल 10880 रन) इसके साथ भारत की ही पूर्व कप्तान मिताली राज (10868) के महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ रन बनाने में शीर्ष पर पहुंच गईं। स्मृति मंधाना के नाम अब महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा18 शतक हैं और इसके साथ ही उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की मेग लेनिंग और दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वुल्फर्ट के 17-17 शतक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। स्मृति ने अब तक टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में दो, टेस्ट में दो तथा वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 14 शतक जड़े हैं। स्मृति की यहां एशिया कप में 124 रन की पारी किसी भी भारतीय बल्लेबाज की टी 20अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी है और इसके साथ उन्होंन 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने ही 112 रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
स्मृति मंधाना की मात्र 64गेंदों पर सात छक्कों और 14 चौकों की बदौलत 124 रन की तूफानी पारी और शैफाली वर्मा(28रन, 17 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) के साथ 8ओवर में 74 रन की भागीदारी की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 193 रन बनाए। तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा (2/6) और अनुभवी ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (3/9), बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी (2/16) और लेग स्पिनर प्रेमा रावत(2/12) की स्पिन त्रिमूर्ति ने गेंदबाजी इकाई के रूप में दमदार प्रदर्शन हांगकांग को 16.2 ओवर में मात्र 56 रन पर ढेर कर भारत को बेहद आसान जीत दिला दी। सेमीफाइनल में स्थान तय कर चुकी भारतीय महिला टीम अपन आखिरी ग्रुप मैच में शनिवार को पाकिस्तान से भिड़ेगी।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने के बाद भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा,‘जब मैं बल्लेबाजी कर रही थी तो तब तक मुझे नहीं मालूम था क्या रिकॉर्ड है और दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन कितने है। पलट कर देखती तो यह वाकई भारतीय क्रिकेट के बहुत बढ़िया दिन रह। बेशक मिताली दी लीजेंड है और हमारे लिए आदर्श हैं ।हम सभी उन्हें बल्लेबाजी करते देख कर बड़ी हुई हैं। ऐसे में मैंने कभी भी मिताली दी के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ने की बाबत कभी सोचा तक न था।
बेशक अब मुझे इस बात की खुशी है कि महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने में दो भारतीय बल्लेबाज हैं। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अब सबसे ज्यादा 18 शतक जडना एक अच्छी उपलब्धि है। मिताली राज और मेघ लेनिंग दो ऐसी बल्लेबाज हैं, जिन्हें खेलते देखकर में बड़ी हुई और इन दोनों से बतौर बल्लेबाज मैंने बहुत कुछ सीखा। मैं वाकई बहुत खुशी हूं कि मैं किसी तरह इन दोनों से आगे निकल पाई। फिर भी मैं यही कहूंगी कि यह तो बस एक आगाज है।’
स्मृति ने कहा,‘ दुबई की उमस और गर्मी में बृहस्पतिवार को बल्लेबाजी करना बेहद मुश्किल था। मैं खुशकिस्मत रही कि मुझे मैं कुछ छक्के और चौके जड़ पाई और दो दो रन के लिए बहुत दौड़ना नहीं पड़ा।‘
उम्मीद, तुम आगे भी ऐसे ही नए शिखर चूमेंगी’
‘मैंने तुम्हे एक यंग खिलाड़ी से भारत की एक बेहतरीन बल्लेबाज बनते देखा है। मुझे तुम्हें मेरा रिकॉर्ड तोड़ने और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज बनते देखना मेरे लिए वाकई गौरव का क्षण है। उम्मीद करती हूं कि तुम आगे भी ऐसे और बहुतेरे रन और नए शिखर चूमेंगी। बस यूं ही आगे बढ़ते रहो। -मिताली राज, भारत की पूर्व क्रिकेट कप्तान
महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पांच सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज
स्मृति मंधाना(भारत) 10880 रन
मिताली राज (भारत) 10868 रन
सूजी बेटस (न्यूजीलैंड) 10740 रन
चार्लोट एडवडर्स (इंग्लैंड) 10273 रन
स्टेफनी टेलर(वेस्ट इंडीज) 10007 रन





