अयोध्या के पास जंगल से सिनेमाघरों तक पहुंची ‘डियर हसबैंड’

'Dear Husband' travels from the forests near Ayodhya to cinema halls

सांप-बिच्छुओं के बीच शूट हुई ‘डियर हसबैंड’, ट्रेलर ने बढ़ाया रोमांच

मुंबई (अनिल बेदाग): प्यार, इंतजार और रिश्तों की भावनाओं से शुरू होने वाली कहानी जब अचानक खतरनाक हालात और जानलेवा संघर्ष में बदल जाए, तो रोमांच अपने आप बढ़ जाता है। अभिनेता से निर्माता बने रोहित राजावत की हिन्दी फिल्म ‘डियर हसबैंड’ कुछ ऐसी ही दिलचस्प कहानी लेकर आ रही है। शूटिंग सेंस के बैनर तले बनी इस थ्रिलर फिल्म का मुंबई में रोमांचक ट्रेलर लॉन्च किया गया। फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्देशन धर्मेंद्र कुमार ने किया है, जबकि कहानी, पटकथा और संवाद अजीत गोस्वामी ने लिखे हैं।

फिल्म की खासियत इसकी चुनौतीपूर्ण शूटिंग भी रही। अयोध्या से करीब 30 किलोमीटर दूर गोंडा जिले के मनकापुर स्थित टिकरी जंगल में रात के समय सांप-बिच्छुओं के बीच कई महत्वपूर्ण दृश्यों को फिल्माया गया। अभिनेता सतीश त्रिपाठी, जो फिल्म में इंस्पेक्टर की भूमिका निभा रहे हैं, ने कहा, “शूटिंग बेहद चुनौतीपूर्ण रही। जंगल में सांप-बिच्छुओं के खतरे के बीच काम किया। रोज रात दो-ढाई बजे अचानक लाइट बंद हो जाती थी। थ्रिल और एडवेंचर से भरा यह सफर यादगार रहा।”

निर्माता-अभिनेता रोहित राजावत ने कहा, “यह मेरी पहली फिल्म है। कहानी अलग है और मेरा किरदार भी अतरंगी है। पूरी टीम उत्तर प्रदेश से है और नए कलाकारों ने अभिनय की बारीकियां सीखी हैं। उम्मीद है दर्शकों को फिल्म पसंद आएगी।”

निर्देशक धर्मेंद्र कुमार ने बताया, “फिल्म पूरी करने के लिए दिन-रात मेहनत करनी पड़ी। यह एक प्रेमी की उस जद्दोजहद की कहानी है, जो अपनी प्रेमिका की निशानी के लिए मुश्किल हालात से लड़ता है।” लेखक-अभिनेता अजीत गोस्वामी के मुताबिक, “एक सीधा-सादा गांव का लड़का अजीब परिस्थितियों में लूटपाट करने वालों के बीच फंस जाता है। यह सर्वाइवल स्टोरी है, जिसमें इमोशन, ड्रामा और एक्शन के साथ भरपूर थ्रिल है।” उन्होंने बताया कि 30 दिनों की शूटिंग में टीम ने लगभग 60 घंटे ही सोया।

फिल्म में पूर्णिमा शर्मा, विश्वजीत माइती सहित कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। संगीत रोहित दुबे, जय मेहता, देवरथ शर्मा और अभय त्यागी ने दिया है। फिल्म के तीन गीत—होली गीत, ‘खो जाना’ और ‘रंग तेरा’—ट्रेलर लॉन्च के दौरान आकर्षण का केंद्र रहे।