मुंबई (अनिल बेदाग) : अभिनेत्री कृष्णा गौतम इन दिनों अभिनय और संगीत, दोनों क्षेत्रों में अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं। राम गोपाल वर्मा की हॉरर फिल्म 12 O’Clock में प्रेतबाधित लड़की का चुनौतीपूर्ण किरदार निभाकर उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया था। अब उन्होंने फिल्म के सेट से जुड़े कुछ ऐसे अनुभव साझा किए हैं, जो निर्देशक राम गोपाल वर्मा की अनोखी कार्यशैली की झलक देते हैं।
कृष्णा के मुताबिक, राम गोपाल वर्मा सेट पर बेहद शांत, विनम्र और धैर्यवान रहते थे। अगर उन्हें लगता कि किसी दिन कलाकार अपेक्षित प्रदर्शन नहीं दे पा रहा है, तो वे दबाव बनाने के बजाय शूटिंग टालकर कलाकार को तैयारी का समय देते थे। उनका एक खास तरीका कृष्णा को सबसे ज्यादा प्रभावित करता था—वे खुद कलाकारों के संवाद बोलकर वीडियो रिकॉर्ड करते और उन्हें दिखाते, ताकि कलाकार उनके मन में मौजूद भाव, एक्सप्रेशन और सीन की कल्पना को बेहतर समझ सकें।
अभिनय के साथ कृष्णा अपने XYZ Music चैनल को भी आगे बढ़ा रही हैं। चैनल के तीन गाने एक मिलियन से अधिक व्यूज पार कर चुके हैं, जबकि O Janeja और Me & You दो मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुके हैं। इस तरह कृष्णा अभिनय और संगीत, दोनों मोर्चों पर अपनी रचनात्मक पहचान को लगातार विस्तार दे रही हैं।





