मान न मान, मैं तेरा मेहमान, केन्द्र ने रोक लगाई

नई दिल्ली। पंजाब के मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान का केन्द्र सरकार ने दिल तोड़ दिया। वह ओलिम्पिक खेलों को देखने के लिए पेरिस जाना चाहते थे लेकिन केन्द्र ने अनुमति नहीं दी। दरअसल भारतीय कानून के मुताबिक किसी भी महत्वपूर्ण सरकारी पद पर बैठे व्यक्ति को विदेश जाने के लिए केन्द्र सरकार के विदेश मंत्रालय से अनुमति लेनी होती है। मंत्रालय ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें जाने से रोक दिया। मान चाहते थे कि व ह भारतीय हॉकी टीम का प्रदर्शन देखने वहां जायें। ध्यान रहे कि भारतीय हॉकी टीम ने 52 वर्षों के बाद ऑस्ट्रेलिया को हराया है। लेकिन विदेश मंत्रालय ने उनकी बात नहीं मानी। उसका कहना है कि मान को जेड सिक्योरिटी मिली हुई है और उनके लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध करने होंगे जो इतने कम समय में संभव नहीं हैं। इसलिए उन्हें अनुमति नहीं दी जा सकती है।