मनीष कुमार त्यागी
नई दिल्ली : विश्वविख्यात लव कुश रामलीला कमेटी, लाल किला मैदान के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि आज लीला में कुंभकरण को चिर निद्रा से जागने के लिए 8 ट्रेक साउण्ड, जमीन हिला देने वाली आवाज से, हाथी की चिघाड़, शेर की दहाड़, सौ से ज्यादा मटके फोडे गये, रावण के सैकड़ो सैनिकों ने तीर, भाले से भेदकर, ढोल, नगाडे के नाद से जगाया गया, खाने के लिए सैकड़ो किलो मिठाई, भोजन के बड़े-बड़े पात्र रखे गए, सैकड़ो लीटर पानी पिलाया गया।
अर्जुन कुमार ने आगे बताया कि कुंभकरण वध के बाद, मेघनाथ के यज्ञ में विघ्न डालने, मेघनाथ वध, मकरध्वज और हनुमान के बीच भीषण युद्ध तथा अहिरावण वध तक की लीलाओं का मंचन किया गया। आधुनिक तकनीक, भव्य मंच सज्जा और रोमांचक युद्ध दृश्यों ने रामलीला को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
अर्जुन कुमार ने यह भी बताया कि दशहरा पर्व के अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में लीला का अवलोकन करेंगे तथा फिल्म अभिनेत्री यामी गौतम श्री राम की पूजा अर्चना एवं लीला अवलोकन के लिए पधारेंगी। बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
लव कुश रामलीला कमेटी के जनरल सेक्रेटरी सुभाष गोयल ने बताया कि लोकप्रिय फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता तथा लिजेंड ऑफ हनुमान सीजन 7 के प्रमुख कलाकार शरद केलकर पहुंचे। उन्होंने प्रभु श्रीराम के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। उनके आगमन से लीला स्थल पर उपस्थित दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कमेटी की ओर से पवन गुप्ता, सत्य भूषण जैन, सौरव गुप्ता , अंकुर गोयल, बृजमोहन गोयल, गौरव सुरी, संदीप भूटानी, प्रवीण सिंगल, संजय वर्मा, वीरू सिंधी आदि ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देखकर सम्मानित किया।





