रविवार दिल्ली नेटवर्क
बेंगलुरु : महादेवपुरा के डोड्डनेकुंडी स्थित सौल स्पेस अरिस्ता अपार्टमेंट में महाअष्टमी पर अनूठे ढंग से कन्या पूजन किया गया। रहवासी परिवारों ने अपने-अपने घरों में बालिकाओं को आमंत्रित कर पारंपरिक विधि-विधान से पूजन किया।
अपार्टमेंट में विभिन्न राज्यों के परिवार रहते हैं। इस पहल के तहत बच्चों को अलग-अलग घरों में प्रचलित धार्मिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिला। कई घरों में पारंपरिक ‘बोम्मई गोलू’ की झांकियां सजाई गईं। कन्याओं के चरण पखारकर तिलक लगाया गया, रक्षा सूत्र बांधा गया और हलवा-पूरी का प्रसाद परोसने के साथ उपहार व दक्षिणा भेंट की गई।
इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक विविधता, सामुदायिक सौहार्द और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया।





