पम्मा के जनसंघर्षों पर आधारित 10वां गीत हुआ रिलीज

10th song based on Pamma's people's struggles released

नई दिल्ली (योगेश कुमार गोयल) : जनहित के मुद्दों पर बेबाक और मुखर आवाज के रूप में पहचान बना चुके तथा बीबीसी द्वारा ‘एंग्री मैन’ की उपाधि से सम्मानित नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा के संघर्षमय जीवन पर आधारित 10वां गीत ‘पम्मा बिना धरना सफल नहीं’ संगठन के 30वें स्थापना दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में रिलीज किया गया। यह गीत उनके तीन दशकों से अधिक समय से जारी जनसंघर्ष, समाजसेवा और आम लोगों के अधिकारों के लिए किए गए सतत प्रयासों को समर्पित है। समारोह में गायिका रैश कौर ने अपनी मधुर और ऊर्जावान प्रस्तुति से इस गीत को जीवंत बना दिया। उनके गायन ने उपस्थित लोगों को भाव विभोर कर दिया। रैश कौर ने इस अवसर पर मां और महिला सशक्तिकरण पर आधारित अपने अन्य भावपूर्ण गीत भी प्रस्तुत किए, जिन्हें श्रोताओं ने तालियों की गूंज के साथ भरपूर सराहना दी।

उल्लेखनीय है कि परमजीत सिंह पम्मा पिछले लगभग 32 वर्षों से महंगाई, शिक्षा, व्यापारियों की समस्याओं, महिला अधिकारों, युवाओं को ऑनलाइन गेमिंग जैसी सामाजिक चुनौतियों से बचाने तथा आम नागरिकों की आवाज सरकार तक पहुंचाने जैसे अनेक जनहित के मुद्दों पर लगातार आंदोलन और जनजागरण अभियान चलाते रहे हैं। विपरीत परिस्थितियों और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने समाजसेवा का मार्ग नहीं छोड़ा और जनहित के लिए निरंतर सक्रिय बने रहे। पम्मा के सामाजिक जीवन, जनआंदोलनों और जनसेवा पर इससे पहले भी कई गीत और डॉक्यूमेंट्री बन चुकी हैं। नया गीत ‘पम्मा बिना धरना सफल नहीं’ उनके संघर्ष, नेतृत्व, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा की भावना को संगीत के माध्यम से सशक्त अभिव्यक्ति प्रदान करता है।