अपराध व महिला सुरक्षा के प्रति समाजवादी पार्टी की चिंता केवल पाखंड : डॉ. राजेश्वर​ सिंह

  • विधानसभा सत्र को बाधित कर रही सपा को डॉ. राजेश्वर सिंह ने दिखाया आईना, कहा— इनके शासन काल में रोज होती थी 13 हत्याएं

रविवार दिल्ली नेटवर्क

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष ने जमकर हो-हल्ला किया। इस दौरान जब सपा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल उठाया तो सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर​ सिंह ने उसका माकूल जवाब दिया।

सरोजनीनगर विधायक ने सपा के कार्यकाल में हुए अपराधों का आकंड़ा पेश कर विपक्षी पार्टी को आइना दिखाया। उन्होंने एक ट्वीट के माध्यम से सपा के कार्यकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए तो वहीं उन्हें जनता के पैसे को बर्बाद कर सदन को बाधित न करने की भी सलाह दी।

उन्होंने बताया कि कैसे सपा के शासन में अपराध अपने चरम पर था। हर दिन 13 हत्याएं, 19 दंगे, 21 बलात्कार के प्रयास, 24 बलात्कार होता था। साथ ही उस दौरान हर दिन 33 अपहरण, 136 चोरियां, 7650 अपराध होता था। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 2012 से 2016 के बीच सपा के शासन काल में कुल 23,674 लोगों की हत्याएं हुईं।

डॉ. राजेश्वर​ सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर इनकी चिंता मात्र पाखंड है। आज सपा महिला सुरक्षा की बात करती है जबकि उनके शासनकाल में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित थी, अपराध चरम पर था। उन्होंने सत्र के सुचारू रुप से संचालन में विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभाने की सलाह दी।

बता दें कि सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह किसी भी विषय पर मजबूत आंकड़ों के साथ रखने के लिए जाने जाते हैं।