असहाय माँ का सहारा बने राजेश्वर सिंह

रविवार दिल्ली नेटवर्क

लखनऊ : सरोजिनी नगर के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में 80 वर्षीय वृद्ध महिला श्रीमती रामबेटी मिश्रा, जिसे उनका बेटा अकेला छोड़ कर भाग गया था, का समाचार प्रकाशित होने पर सरोजिनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाते हुए रु. 11000/- की आर्थिक मदद के साथ जरूरत का सामान जैसे साड़ी, चप्पल इत्यादि हाइडिल चौराहा स्थित गौरी वृद्धाश्रम में भिजवाए, जहां कृष्णानगर पुलिस द्वारा महिला को दाखिल किया गया है। इसके साथ ही महिला का उपचार तुरंत शुरू हो सके इसके लिए डॉ. राजेश्वर सिंह ने वृद्धाश्रम के मुख्य व्यवस्थापक  कीर्तिवर्धन बाजपाई को रु.50,000/- का चेक ‘सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान’ के नाम से दिया है।

डॉ. राजेश्वर सिंह बुजुर्ग महिला की दयनीय हालत देख कर काफी व्यथित थे। उन्होंने कहा, ‘आजकल भौतिकतावाद, लालच और स्वार्थ में अंधे होकर कुछ लोग अपने जन्मदाता की जिस तरह उपेक्षा करते है, वह बहुत ही निंदनीय है। इसकी जितनी भर्त्सना की जाये कम है। माता पिता को उचित मान-सम्मान देना, उनका ध्यान रखना, उनको खुश रखना तो हमारा धर्म और परम कर्तव्य है। आखिर कोई अपने धर्म से विमुख कैसे हो सकता है? यह घोर विडम्बना है कि जिन्होंने अपनी सन्तानों की परवरिश में अपने जीवन के न जाने कितने सुखों का त्याग कर दिया, आज उनकी सन्तानें अपने तुच्छ  स्वार्थ के लिए उन्हें इस उम्र में अकेला और असहाय छोड़ देती हैं।’

राजेश्वर सिंह का प्रयास है कि श्रीमती रामबेटी मिश्रा की समुचित देखभाल और इलाज हो और वे जल्दी स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें। इससे पहले राजेश्वर सिंह गौरी वृद्धाश्रम में अपनी माँ तारा सिंह की प्रथम बरसी पर पहुंचे थे और उन्होंने वहाँ रह रहे बुजुर्गों के साथ समय व्यतीत किया था। तब राजेश्वर सिंह ने वृद्धाश्रम की जरूरतों पर ध्यान देते हुए वहाँ 5 कूलर, 5 पेडस्टल पंखे, 5 वॉकर उपलब्ध कराये थे। वृद्धजनों के मनोरंजन के लिए प्रोजेक्टर व साउंड सिस्टम, लाइट हैंडपम्प, सोलर लाइट व अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उन्होंने शुरू कराई थीं। इसके साथ सभी महिलाओं को साड़ी और पुरुषों को अंगवस्त्र भेंट किये थे। बुजुर्गों को पढ़ने के लिए अनेक किताबें तथा ऑनलाइन समाचार पत्रों व मैगजीन का सब्सक्रिप्शन भी उनके द्वारा करवाया गया था। इसके साथ ही बुजुर्गों के दांतों की जांच के लिए ‘स्वास्थ्य दंत शिविर’ का आयोजन भी हुआ था। डॉ. राजेश्वर सिंह का निरंतर यह प्रयास रहता है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में बुजुर्गों को कोई तकलीफ ना हो। बुजुर्ग स्वस्थ रहें, खुश रहें और आराम से रहें।

गौरतलब ही कि 4 जुलाई 2023 को डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे अपने एक पत्र में वृद्धाश्रमों में मूलभूत सुविधाएं बढाए जाने का आग्रह किया था। उन्होंने अपने पत्र में लिखा था कि वृद्धजन हमारे अतीत के महत्वपूर्ण अंग हैं। इस विरासत को संजो कर और संवार कर रखना हमारा दायित्व है। वे स्वयं समय समय पर वृद्धाश्रमों में जाते हैं और वृद्धजनों की जरूरतों को पूरा करने की कोशिश करते हैं। प्रदेश में इस समय 99 सरकारी वृद्धाश्रम संचालित हैं जहां और सुविधाएं देने की आवश्यकता है।