सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं के स्थायी चेहरे : जिनसे बनता है समावेशी भारत

विवेक शुक्ला

ये सब भारत के समावेशी चरित्र की गवाही देने वाले चेहरे हैं। ये महात्मा गांधी के बलिदान दिवस और गांधी जयंती से लेकर खास सरकारी आयोजनों में होने वाली सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भाग लेते हैं। पिछले कुछ समय पहले जब देश की नई संसद का उदघाटन हुआ तब ये वहां पर हुई सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भाग ले रहे थे।

सर्वधर्म प्रार्थना का विचार गांधी जी ने ही संसार को दिया था। आइये मिलते हैं विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं का पाठ करने वालों।

जब होती अनुपम अनुभूति
डॉ.बलदेव आनंद सागर
हिन्दू प्रार्थना
कब से- 2002 से

डॉ. बलदेव आनंद सागर के लिए तीन तिथियां विशेष हैं। 2 अक्तूबर और 30 जनवरी के साथ 21 अगस्त, 1994 भी। उन्होंने 21 अगस्त, 1994 को दूरदर्शन पर पहली बार प्रसारित हुए संस्कृत समाचार बुलेटिन को पढ़ा था। हालांकि वे 1974 से आकाशवाणी में संस्कृत का समाचार बुलेटिन पढ़ रहे थे। दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिन्दू कॉलेज के छात्र रहे डॉ. आनंद को राजघाट और 30 जनवरी मार्ग पर आयोजित होने वाली सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भाग लेने का मौका उनके एक मित्र की मार्फत मिला। दरअसल एक बार किसी कारणवश उनके एक मित्र उस सभा में गीता का पाठ करने के लिए नहीं जा पा रहे रहे थे। तब उन्होंने डॉ. आनंद के नाम की सिफारिश आयोजकों से कर दी। इस तरह उन्हें एक अति महत्वपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनने का अवसर मिला। वे कहते हैं कि उन्हें जिस तरह की अनुपम अनुभूति पहली बार सर्वधर्म प्रार्थना सभा का हिस्सा बनने पर हुई थी, उसी तरह की अनुभूति अब भी होती है। वे राजघाट की प्रार्थना में गीता के 5-6 श्लोकों को पढ़ देते हैं। जबकि तीस जनवरी मार्ग की सभा में पंचदेव की प्रार्थना का पाठ करते हैं। सनातन परंपरा में प्रत्यक्ष देवता सूर्य, प्रथम पूज्य भगवान गणेश, देवी दुर्गा, देवाधिदेव भगवान शिव और भगवान विष्णु, पंचदेव कहलाते हैं।

जॉर्ज सोलोमन
ईसाई प्रार्थना
कब से-2005 से

महात्मा गांधी की सर्वधर्म प्रार्थनाओं में ईसाई प्रार्थना पहले दिन से ही आरंभ हो गई थीं। उनका ईसाई धर्म, बाबइल और मिशनरियों के कामकाज से साक्षात्कार तब हुआ जब वे दक्षिण अफ्रीका में रहते थे। यह जॉनकारी जॉर्ज सोलोमन देते हैं। वे राजधानी की पीतमपुरा चर्च में पादरी भी हैं। जॉर्ज सोलोमन विभिन्न स्थानों पर हुईं सर्वधर्म प्रार्थनाओं में बाइबल का पाठ करते रहे हैं। वे कहते हैं कि भारत में सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं का सरकारी आयोजनों में भी होना इस बात की गवाही है कि ये भारत सबका है। बाकी धर्मों के ग्रंथों की तरह बाइबल का भी रास्ता एक-दूसरे से प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। सर्वधर्म प्रार्थना का विचार वास्तव में बहुत बड़ा और व्यापक है। ये एक महत्वपूर्ण संदेश देता है कि भारत में सब धर्मों को मानने वाले एक-साथ बैठकर अपने धर्मग्रंथों के मुख्य बिन्दुओं को रख सकते हैं। जॉर्ज सोलोमन ने बताया कि गांधी जी को बाइबल और ईसाई धर्म के संबंध में करीब से जानने का अवसर मिला जोसेफ डॉक से। गांधी जी और डॉक दक्षिण अफ्रीका में घनिष्ठ मित्र बन गए थे। डॉक ने गांधी जी की जीवनी भी लिखी थी। उसे गांधी जी की पहली जीवनी माना जाता है। उनका दीनबंधु सी.एफ.एन्ड्रूज से भी घनिष्ठ संबंध रहा। एन्ड्रूरज सेंट स्टीफंस कॉलेज में पढ़ाते थे।

धर्मनिरपेक्षता का मतलब क्या
मकसूद अहमद
प्रार्थना- इस्लाम
कब से – 2001

मकसूद अहमद को महात्मा गांधी के दर्शन ने बचपन से ही प्रभावित किया। वे गांधी साहित्य को अपने कॉलेज के दिनों में पढ़ चुके थे। उन्हें याद है जब उन्होंने पहली बार गांधी जयंती पर राजघाट पर कुरआन की आयतें पढ़ीं थीं। उसके बाद वे राष्ट्रपति के.आर. नारायणन, प्रणव कुमार मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर इन सबके सरकारी आवासों में आयोजित की गई सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं में कुरआन का पाठ करने गए थे।

गांधी जी और बहाई एक-दूसरे के करीब
ड़ॉ. ए.के. मर्चेट
धर्म- बहाई प्रार्थना
कब से- 1985

राजघाट, 30 जनवरी मार्ग और देश के विभिन्न भागों में होने वाली सर्वधर्म सभाओं का विस्तार होता रहा। इसमें हिन्दू, इस्लाम,ईसाई और सिख धर्मों के बाद अन्य धर्मों की प्रार्थनाएं शामिल की जा जाती रहीं। बहाई धर्म की प्रार्धना को 1985 में शामिल किया गया। बहाई प्रार्थना का पाठ करने वाले ड़ॉ. ए.के. मर्चेट ने बताय़ा कि बहाई प्रार्थना को सर्वधर्म प्रार्थना से जोड़ा गया प्रख्यात गांधीवादी श्रीमती निर्मला देशपांडे के प्रयासों से। उन्होंने इस बाबत स्वयं पहल की। ड़ॉ. मर्चेट कहते हैं कि महात्मा गांधी ने सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं का सबसे पहले आयोजन राजधानी के वाल्मिकी मंदिर में शुरू किया था। तब देश में सांप्रदायिक दंगे हो रहे थे। गांधी जी की चाहत थी कि इस पहल से विभिन्न धर्मों को अनुयायी एक-दूसरे के धर्मों और उनकी शिक्षाओं को जान लेंगे।

राजघाट के कण-कण में पवित्रता
जसपाल कौल
प्रार्थना- सिख
कब से- 2002 से

जसपाल कौर गांधी जयंती और गांधी जी के बलिदान दिवस पर होने वाली सर्वधर्म प्रार्तना सभाओं में गुरुग्रंथ साहब के अंशों का पाठ करती हैं। वो अपने को भाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें इन अवसरों का हिस्सा और साक्षी बनने का अवसर मिलता है। वो इस बात के लिए ईश्वर का कोटि-कोटि धन्यवाद करती हैं। जसपाल कौर कहती हैं- “ देश के राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री और सैकड़ों नागरिकों की उपस्थिति में गुरुग्रंथ साहब का पाठ करने पर जो अनुभूति होती है, उसकी शब्दों में अभिव्यक्ति करना असंभव है। वे पल अलौलिक होते हैं। उन पलों की शांति और पवित्रता अपूर्व होती है। सच में राजघाट और गांधी स्मृति के कण-कण में पवित्रता है।”

पचास सालों से प्रार्थना सभाओं का अंग
कात्सू सान
प्रार्थना- बुद्ध धर्म
कब से- पचास सालों से

कात्सू सान दो अक्तूबर तथा 30 जनवरी को राजघाट और फिर 30 जनवरी मार्ग(बिड़ला हाउस) में आयोजित होने वाली सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं का स्थायी चेहरा हैं। वह गुजरी आधी सदी से भी कुछ कुछ अधिक समय से सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं में भाग ले रही हैं। वह इन दोनों दिनों में प्रात: सात बजे तक राजघाट पहुंच ही जाती हैं। यहां पर सर्वधर्म प्रार्थना के बाद वह शाम को तीस जनवरी मार्ग में उपस्थित रहती हैं। 85 साल की कात्स जी की उर्जा देखने लायक है। उन्होंने अपने पिछले 50 सालों के सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं के दौरान फखरूद्धीन अली अहमद, शंकर दयाल शर्मा, के.आर. नारायणन, एपीजे अब्दुल कलाम, प्रतिभा सिंह पाटिल, प्रणव कुमार मुखर्जी, राम नाथ कोविंद जैसे राष्ट्रपतियों तथा श्रीमती इंदिरा से लेकर नरेन्द्र मोदी तक के सामने बुद्ध धर्म ग्रंथों से प्रार्थना पढ़ी है। कात्सू सान के बिना सर्वधर्म प्रार्थना की कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्हें सब कात्सू बहन कहते हैं। गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्दातों को लेकर उनकी निष्ठा निर्विवाद है। कात्सू सान मूलत: जापानी नागरिक हैं। वो 1956 में भगवान बुद्ध के देश भारत में आईं थी ताकि उन्हें और गहराई से जान लें। एक बार यहां आईं तो उनका गांधीवाद से भी साक्षात्कार हो गया। उसके बाद तो उन्होंने भारत में ही बसने का निर्णय ले लिया।

जब उन्होंने भेंट की मोदी जी को अपनी पुस्तकें
डॉ. इंदु जैन
प्रार्थना- जैन धर्म
कब से – 2002 से

ड़ॉ. इंदू जैन सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं का सन 2002 से हिस्सा हैं। वे इन दोनों दिनों के लिए तैयारी कुछ हफ्ते पहले से ही शुरू कर देती हैं। कहती है- “देखिए 30 जनवरी और 2 अक्तूबर देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इन अवसरों पर देश गांधी जी के सत्य और अंहिसा के मार्ग पर चलने का फिर से संकल्प ले रहा होता है। मेरी कोशिश रहती है कि मैं जैन धर्म की उन प्रार्थनाओं का पाठ करूं जो गांधी जी की शिक्षाओं क करीब हों।” काशी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्व विद्लाय की छात्रा रहीं ड़ॉ. जैन कहती हैं कि जैन धर्म की प्रार्थनाओं को आगम वाणी कहा जाता है। वो सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं में भारत की प्राचीनतम भाषा प्राकृत एवं संस्कृत में गाथा, मंगलाष्टक एवं महावीराष्टक की स्वरमयी प्रस्तुति करके न केवल सस्वर मंगल पाठ करती हैं बल्कि जैन धर्म के साथ-साथ भारत की प्राचीनतम भाषा एवं संस्कृति का भी प्रतिनिधित्व करती हैं। डॉ. इंदु जैन कहती हैं सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं का अंग बनकर वो बहुत अभिभूत महसूस करती हैं। ये अवसर सबको नहीं मिलता है। वो सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं में 24 तीर्थंकरों की स्तुति का भी पाठ करती हैं।

सर्वधर्म प्रार्थना सिर्फ भारत में ही संभव
एजिकिल आइजेक मलेकर
प्रार्थना- यहूदी
कब से-1985 से

एजिकिल आइजेक मलेकर बीते लगभग तीस सालों से सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं में यहूदी धर्म की प्रार्थनाओं का पाठ कर रहे हैं। करीब साठ सालों के मलेकर कहते हैं कि सर्व धर्म प्रार्थना का विचार सिर्फ गांधी जी जैसा महामानव ही दे सकता था। वे संत थे। उनके विश्व बंधुत्व और सभी धर्मों का सम्मान जैसे विचार सदैव प्रासंगिक रहेंगे। इसके साथ ही वे यह भी कहते हैं कि सर्वधर्म प्रार्थना सिर्फ भारत में ही संभव है। सब धर्मों का आदर भारत के अलावा किसी अन्य देश में नहीं होता। मलेकर बताते हैं किबाकी धर्मों से अलग है यहूदी धर्म । यहूदी एकेश्वरवाद में विश्वास करते हैं। करीब 4000 साल पुराना यहूदी धर्म वर्तमान में इजराईल का राजधर्म है। एजिकल हिन्दी, मराठी, अंग्रेजी, हिब्रू भाषाएं बोल लेते हैं। मोहम्मद रफी उनके पसंदीदा गायक हैं। वे रफी साहब का गाया बैजू बावरा फिल्म का गीत “ओ दुनिया के रखवाले, सुन दर्द भरे मेरे नाले” गीत गुनगुनाते रहते हैं।”

पारसी- कभी मिस नहीं की सर्वधर्म प्रार्थना
इरवर्ड केवेस डी.बागली
पारसी प्रार्थना
कब से- 1984

इरवर्ड केवेस डी. बागली लगातार गुजरे 38 सालों से सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं से जुड़े हैं। उन्होंने इस दौरान एक बार भी प्रार्थना को मिस नहीं किया है। ये अपने आप में किसी कीर्तिमान से कम नहीं है। उनसे पहले राजघाट तथा तीस जनवरी मार्ग में सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं में उनके पिता पारसी प्रार्थना का पाठ करते थे। अपने पिता की तरह बागली भी राजधानी के पारसी अंजुमन के पुजारी हैं। वे पारसी धर्म के धार्मिक ग्रंथ अवेस्ता, जिसे ज़ेंद अवेस्ता भी कहते हैं, से श्लोक पढ़ते हैं। ये सब विश्व कल्याणा और संसार के सभी प्राणियों की सुख- समृद्धि से संबंधित होते हैं।