महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी बिहार के राजगीर में 11 से 20 सितंबर होगी

Women's Asian Champions Trophy Hockey will be held in Rajgir, Bihar from 11 to 20 September

  • भारत महिला टीम की कोशिश नए चीफ कोच हरेन्द्र के मार्गदर्शन में खिताब बरकरार रखने की
  • मेजबान भारत सहित छह टीमों के शिरकत करने की उम्मीद
  • एएचएफ अध्यक्ष ओगुरा ने कामयाब आयोजन का विश्वास जताया

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : बिहार के हॉकी प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी बिहार के नालंदा जिले के ऐतिहासिक, पावन धार्मिक महत्व तथा गर्म पानी के झरने लिए ख्यात राजगीर में होगी। इस चैंपियनशिप का आयोजन हॉकी इंडिया और बिहार सरकार संयुक्त रूप से नवनिर्मित राजगीर हॉकी स्टेडियम में 11 से 20 सितंबर, 2024 तक कर रही है। बीते बरस महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी का आयोजन झारखंड ने रांची में सफल आयोजन किया था और वहां मेजबान भारतीय महिला हॉकी टीम ने खिताब जीता था। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में मौजूदा चैंपियन मेजबान भारत, मौजूदा ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन,जापान दक्षिण कोरिया, मलयेशिया व थाईलैंड के शिरकत करने की उम्मीद है। मेजबान महिला हॉकी टीम की कोशिश अपने नए चीफ कोच हरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब बरकरार रखने की होगी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने कहा, ‘मैं बिहार सरकार के आठवीं महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन में सहयोग करने पर बहुत खुश हूं। हम इसमें शिरकत करने आने वाली सभी अंतर्राष्ट्रीय टीमों का तहेदिल से स्वागत करते हैं।हम उम्मीद करते हैं कि इस चैंपियनशिप में शिरकत करने वाली टीमें, अधिकारी और इसे देखने आने वाले हॉकी प्रेमी हमारे लोगों की मेहमान नवाजी का लुत्फ उठाएंगे। हम महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी को कामयाब बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।’

एशियन हॉकी फेडरेशन (एएचएफ) के अध्यक्ष दातो फुमियो ओगुरा ने कहा, ‘मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि आठवीं महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भारत में होगी। मैं हॉकी इंडिया का महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी की मेजबानी करने की जिम्मेदारी उठाने के लिए आभार जताता हूं। भारत ने 2023 में चेन्नै में पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी और रांची झारखंड में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का कामयाब आयोजन किया था। मुझे पूरा विश्वास है कि राजगीर (बिहार) में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन इसके 2023 में रांची में पिछले संस्करण की तरह कामयाब रहेगा।’

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पूर्व ओलंपियन दिलीप तिर्की ने बिहार सरकार का आभार जताते हुए कहा, ’ हॉकी इंडिया महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी को पहली बार राजगीर (बिहार) में कराने को लेकर खासी रोमांचित है। हॉकी के लिए ऐतिहासिक मौका है जब बिहार में पहली बार कोई अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट हो रहा है। हम एशियन हॉकी फेडरेशन(एएचएफ) और बिहार सरकार के आभारी हैं कि उन्होंने हमें महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी के आयोजन और समर्थन का अहम मौका दिया।’

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, ‘भारतीय महिला हॉकी के यह बहुत बड़ा क्षण है कि महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी लगातार दूसरी बार भारत में हो रही है।

हमने बीते बरस रांची में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का यादगार आयोजन किया था और हम यह भरोसा दिलाते हैं बिहार में इसका आयोजन यादगार रहेगा। हॉकी इंडिया देश भर तें महिला हॉकी के विकास के लिए शिद्दत से जुटी है। हमारा मानना है कि महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी जैसे बड़े टूर्नामेंट के बिहार में आयोजन से बिहार में बच्चे हॉकी खेलने को प्रेरित होंगे।’