एफआईएच प्रो लीग मैचों से हमें मालूम पड़ जाएगा राष्ट्रमंडल खेलों कहां क्या सुधार की जरूरत : रीड

एशिया कप में बढिय़ा प्रदर्शन से हमारे पास बढ़े हैं विकल्प

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमें अब से 50 दिन बाद बर्मिंघम (इंग्लैंड) में शुरू होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों सहित व्यस्त हॉकी सत्र के लिए कमर कस चुकी हैं। भारत की पुरुष टीम चीफ कोच ग्राहम रीड और महिला हॉकी टीम यॉकी शॉपमैन के मार्गदर्शन में बुुधवार को बेंगलुरू से एफआईएच प्रो लीग के अंतिम चरण के मैचों में शिरकत करने के लिए यूरोप रवाना हो गईं। यूरोप रवाना होने से पहले भारत की पुरुष टीम के चीफ कोच रीड और महिला हॉकी टीम की चीफ कोच शॉपमैन ने कहा कि उनकी टीमें आगे की चुनौती के लिए तैयार हैं। भारत की पुरुष टीम जुलाई में राष्ट्रमंडल खेलों से पहले एफआईएच हॉकी प्रो लीग में अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही नीदरलैंड और बेल्जियम से खेलेगी।

भारत की पुरुष हॉकी टीम बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पूल बी में मेजबान इंग्लैंड, कनाडा, घाना और वेल्स के साथ है। भारतीय पुरुष अपने अभियान का आगाज 31 जुलाई को घाना के खिलाफ मैच से करेगी। भारत 1 अगस्त को इंग्लैंड, 3 अगस्त को कनाडा और 4 अगस्त को वेल्स से खेलेगा। सेमीफाइनल 6 अगस्त और फाइनल 8 अगस्त को खेला जाएगा। भारत की पुरुष टीम के चीफ कोच ग्राहम रीड ने कहा, ‘ अब बर्मिंघम (इंग्लैंड) में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों को शुरू होने में दो महीने से कम बचे हैं। हम बचे दो महीने से कम वक्त का इस्तेमाल खुद को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए बेहतरीन ढंग से तैयार करने के लिए करेंगे। एफआईएच प्रो लीग मैचों से राष्ट्रमंडल खेलों से पहले हमें यह मालूम पड़ जाएगा कि हमारे कहां क्या सुधार की जरूरत है। हम राष्ट्रमंडल खेलों के लिए फिर से राष्ट्रय शिविर जून के आखिरी हफ्ते में आयोजित करेंगे। हमारी टीम को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए बर्मिघम रवाना होने से पहले तीन हफ्तों का खासा वक्त मिलेगा। हमारे सभी खिलाड़ी खासे आशान्वित हैं। हमारी भारतीय टीम को बेल्जियम और नीदरलैंड में एफआईएच प्रो लीग में बढिय़ा प्रदर्शन करने से जुलाई में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए सही लय मिल जाएगी। एशिया कप में भारत की नौजवान टीम ने भी बढिय़ा प्रदर्शन किया है और इससे हमारे पास और विकल्प बढ़े है। इससे हमारे लिए बड़े टूर्नामेंटों के लिए टीम को चुनना और रोचक और मुश्किल हो जाएगा।’