समाजवादी पार्टी का भाषाई विरोध युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के खिलाफ षड्यंत्र : डॉ. राजेश्वर सिंह

Samajwadi Party's linguistic opposition is a conspiracy against the bright future of the youth: Dr. Rajeshwar Singh

रविवार दिल्ली नेटवर्क

लखनऊ : सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा में अंग्रेजी भाषा के विरोध को लेकर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (एक्स) पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी ग्लोबल सिटीजन है, और उसे अंग्रेजी भाषा से वंचित करना उनके करियर, शिक्षा और वैश्विक अवसरों पर कुठाराघात है।

डॉ. सिंह ने बताया कि विश्वभर में 1.5 अरब से अधिक लोग अंग्रेजी बोलते हैं, और इंटरनेट पर 60% से अधिक सामग्री अंग्रेजी में उपलब्ध है। ऐसे में, इस भाषा का ज्ञान रखना न केवल आवश्यक बल्कि सफलता के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं को रेखांकित करते हुए बताया कि, अंग्रेजी जानने वाले लोग औसतन 30% अधिक वेतन पाते हैं। दुनिया के 50% शीर्ष विश्वविद्यालय अंग्रेजी में कार्यक्रम संचालित करते हैं। 75% अंतरराष्ट्रीय नौकरियों के लिए अंग्रेजी अनिवार्य है। अंग्रेजी 70 देशों की आधिकारिक भाषा है। हर दिन 2 अरब से अधिक लोग अंग्रेजी में संवाद करते हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी का यह विरोध प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के खिलाफ एक षड्यंत्र है। आज की प्रतिस्पर्धी दुनिया में अंग्रेजी का विरोध करना प्रगति में बाधा डालने जैसा है। विधायक ने समाजवादी पार्टी से सामाजिक और आर्थिक सच्चाई को समझने और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप सोचने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।