गोलरक्षक सविता राष्ट्रमंडल खेलों में भी होंगी भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान, दीप ग्रेस ही उपकप्तान

  • राष्ट्रमंडल खेलों के लिए संगीता और गोलरक्षक रजनी भारतीय टीम में
  • फिट होने में जुटी रानी को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भी टीम में जगह नहीं
  • भारत की टीम घाना के खिलाफ मैच से शुरू करेगी अभियान
  • चीफ कोच शॉपमैन बोलीं, खिलाडिय़ों को राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने का भरोसा

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : सदाबहार अनुभवी गोलरक्षक ओलंपियन सविता पूनिया 28 जुलाई से बर्मिंघम (इंग्लैंड) में शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारत की 18 सदस्यीय महिला हॉकी टीम की कप्तान होंगी और दीपग्रेस एक्का ही उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। पिछले करीब एक बरस से सविता भारत की कप्तान और दीप ग्रेस एक्का उपकप्तान की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इन दोनों को नीदरलैंड और स्पेन की संयुक्त मेजबानी में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप में भी यही जिम्मेदारी दी गई है। भारत की अगले महिला विश्व कप में शिरकत करने जा रही टीम में दो बदलाव किए हैं। भारत की विश्व कप टीम में शामिल सोनिका और गोलरक्षक बिच्छू देवी खरीबम की जगह राष्ट्रमंडल खेलों के लिए संगीता कुमारी और अनुभवी रजनी इतिमारपू को को शामिल कर दो बदलाव किए हैं। संगीता कुमारी और अक्षता ढेकले महिला हॉकी विश्व कप के लिए बतौर वैकल्पिक खिलाड़ी हैं। अभी भी पूरी तरह फिट होने में जुटी पूर्व अनुभवी कप्तान रानी रामपाल को महिला विश्व कप के साथ राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भी नहीं चुना गया है।

भारत की महिला हॉकी टीम राष्टï्रमंल खेलों में मेजबान इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ पूल ए में हैं। भारत की महिला हॉकी टीम राष्ट्रमंल खेलों में अपने अभियान का आगाज 29 जुलाई को घाना के खिलाफ मैच से करेगी।

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम :
गोलरक्षक : सविता पूनिया (कप्तान), रजनी इतिमारपू।

रक्षापंक्ति : दीप ग्रेस एक्का (उपकप्तान), गुरजीत कौर, निकी प्रधान, उदिता।

मध्यपंक्ति : निशा वारसी, सुशीला चानू पुखरंबम, मोनिका मलिक, नेहा गोयल, ज्योति, नवजोत कौर, सलीमा टेटे।

अग्रिम पंक्ति : वंदना कटारिया, ललरेमसियामी,, नवनीत कौर , शर्मिला देवी, संगीता कुमारी।

भारत की महिला हॉकी टीम गोल्ड कोस्ट में हुए पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक के लिए हुए मैच में इंग्लैंड से हार कर चौथे स्थान पर रही थी। भारत की टीम एफआईएच प्रो महिला हॉकी लीग में प्रभावी प्रदर्शन कर अर्जेंटीना और नीदरलैंड के बाद तीसरे स्थान पर रही। इस बार बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम पदक जीतने को बेताब हैं।

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चुनी भारतीय टीम की बाबत चीफ कोच यांकी शॉपमैन ने कहा, ‘हमने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अनुभवी टीम चुनी है और हमारे खिलाडिय़ों को इस बार इन इनमें पदक जीतने का भरोसा है। एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग में बढिय़ा प्रदर्शन के बाद हमारी टीम यह जानती है कि उससे उम्मीदें बहुत उंची हैं। हम महिला हॉकी विश्व कप में अपना अभियान राष्ट्रमंडल खेलों के शुरू होने से कुछ ही दिन पहले खत्म करेंगे। ऐसे में हमारे लिए शारीरिक रूप से मजबूत टीम को चुनना जरूरी है कि महिला हॉकी विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों के बीच बस दिन का ही अंतर है।’