विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उदयपुर में पत्रकार वार्ता को किया सम्बोधित

Assembly Speaker Vasudev Devnani addressed a press conference in Udaipur

  • वैश्विक परिदृश्य में भारत एक मजबूत ताकत बनकर उभरा
  • देश की एजेंसियों पर सवाल उठाना संविधान की मूल भावना के विरुद्ध

गोपेन्द्र नाथ भट्ट

उदयपुर : विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि आज वैश्विक परिदृश्य में भारत एक मजबूत ताकत बनकर उभरा है। विदेशों में भारत का मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक, सामरिक और सांस्कृतिक ऊंचाइयों को छू रहा है। यह प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वो नेशन फर्स्ट का भाव रखें।

देवनानी ने उदयपुर सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान ये बात कही। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सदन को गुलाबी रंग से सुसज्जित कर इसके परिवेश को बेहतर बनाया गया है। इस दौरान उदयपुर ग्रामीण विधायक श्री फूलसिंह मीणा और समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़ भी उपस्थित रहे।

देश में लोकतंत्र की जडे़ं इतनी गहरी है कि कोई भी लोकतंत्र को नुकसान नहीं पहुंचा सकता है। संविधान में स्पष्ट लिखा है कि यदि केंद्र सरकार बहुमत के साथ किसी बिल को पास करती है तो उसे सभी राज्यों को मानना पड़ता है। यह संघीय ढांचे का आधार है। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सरकारी एजेंसियों की स्वायतत्ता पर सवाल उठाना देश के लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। वक्फ बिल संसद के दोनों सदनों ने पारित किया है, इसके बावजूद इस पर सवाल उठाना संविधान की मूल भावना पर सवाल उठाने के समान है। सुप्रीम कोर्ट ने भी वक्फ बिल पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। सभी राजनीतिक दलों को देश की सर्वोच्च अदालत और संवैधानिक सदनों पर विश्वास रखना चाहिए।

विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि राजस्थान विधानसभा में कई नवाचार किए गए हैं।पहली बार विधानसभा में पेपरलेस कार्रवाई, विधायकों के लिए आईपेड उपलब्ध करवाने सहित कई नवाचार किए गए हैं। विधानसभा को पेपरलेस करना पर्यावरण के लिए भी लाभदायी है और गुड गवर्नेंस के लिए भी। महाराणा प्रताप का शौर्य, आदिवासी संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों आदि कलाकृतियों को विधानसभा की दर्शक दीर्घा में संजोया गया है। इससे नई पीढ़ी को हमारी अनमोल धरोहर से रूबरू होने का मौका मिल रहा है।

देवनानी ने बताया कि विधायिका के प्रति राज्य की कार्यपालिका को उत्तरदायी बनाने का प्रयास भी किया गया है। फलस्वरूप इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। विधानसभा में 10 हजार से अधिक लंबित प्रश्नों में से 95 प्रतिशत के जवाब आए हैं। इनमें लगभग साढे़ चार हजार प्रश्न तो 15वीं विधानसभा के भी लंबित थे। इससे लोकतंत्र व जनता के प्रति उत्तरदायी शासन की संकल्पना मजबूत हुई है।

अरविन्दसिंह मेवाड़ को अर्पित की श्रद्धांजलि, पूर्व केबिनेट मंत्री की जानी कुषलक्षेम

वासुदेव देवनानी बुधवार को उदयपुर प्रवास के दौरान सिटी पैलेस स्थित शंभु निवास पहुंच कर उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के अरविन्दसिंह मेवाड़ के निधन पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। देवनानी ने दिवंगत अरविन्दसिंह मेवाड़ के पुत्र डॉ लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ सहित परिवारजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त की। इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष गीतांजलि अस्पताल पहुंचे तथा वहां उपचार करवा रहें राजस्व मंत्री हेमन्त मीणा के पिता पूर्व केबिनेट मंत्री नंदलाल मीणा की कुशलक्षेम जानी। इसके अलावा देवनानी ने भाजपा नेता स्वर्गीय भानु कुमार शास्त्र के भाई शिक्षाविद नारायणलाल शर्मा के निवास पर पहुंचकर उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की।