
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : हॉकी इंडिया ने शनिवार को साई सेंटर, बेंगलुरू में 21 जुलाई से 29 अगस्त, 2025 तक के आगामी सीनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी शिविर के 40 कोर ग्रुप संभावितों की घोषणा कर दी। यह शिविर 5 सितंबर से हांगजू (चीन) में होने वाले महिला एशिया कप 2025 की तैयारियों में जुटी भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए बेहद अहम है। भारत की निगाहें महिला हॉकी एशिया कप जीत सीधे 2026 में होने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करने पर लगी हैं।
पिछले शिविर की सभी खिलाड़ियों को कोर ग्रुप की संभावितों में बरकरार रखना चीफ कोच हरेन्द्र सिंह की अगुआई वाली मौजूदा कोचिंग टीम का जोर स्थायित्व और दीर्घकालिक विकास पर है। इस शिविर में स्ट्राइकर दीपिमोनिका टोपो, ऋतिका सिंह,काजल सदाशिव अतपढ़कर मिडफील्डर अलबेला रानी टोपो, फुलबैक अंजना डुंगडुंग और असम की गोलरक्षक समीक्षा सक्सेना के रूप में आधा दर्जन नई खिलाड़ी सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में अपनी जगह पक्की करने की पुरजोर कोशिश करती दिखेंगी।
भारतीय महिला हॉकी हाल ही एफआईएच प्रो लीग के यूरोपीय चरण में अपनी लय पाने के लिए जूझती दिखी और एक भी मैच नहीं जीत पाई थी। भारतीय महिला हॉकी टीम का एशिया कप में इतिहास खासा अच्छा रहा और इसे दोहरा कर इसमें खिताब जीतने की पुरजोर कोशिश करेगी।
विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करने के लिए अहम है एशिया कप : हरेन्द्र
भारत महिला हॉकी टीम के चीफ कोच हरेन्द्र सिंह ने कहा,‘हमारे लिए यह हॉकी शिविर बहुत ही नाजुक मोड़ पर आया है। एशिया कप अहम महाद्वीपीय टूर्नामेंट होने के साथ सीधे 2026 के एफआईएच विश्व कप के लिए सीधे क्वॉलिफाई करने के लिए भी बेहद अहम है। हम बेंगलुरू में लगने वाले इस शिविर को पूरी शिद्दत से लेंगे और हमारा फोकस इस बात पर रहेगा कि हम हांगजू में महिला हॉकी एशिया कप में मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार होकर पहुंचे। हमने निरंतरता बरकरार रखने के लिए पिछले शिविर की ही कोर ग्रुप को संभावितों को बरकरार रखा है। साथ ही हम नौजवान खिलाड़ियों को सीनियर स्ट्रक्चर के साथ तालमेल बैठाने के लिए और समय देना चाहते हैं। एफआईएच प्रो लीग के मुश्किल यूरोपीय चरण में हम वांछित नतीजे नहीं हासिल कर पाए। अब बेंगलुरू में लगने वाला यह शिविर हमें फिर से तालमेल बैठाने, ध्यान लगा कर वापसी करने का मौका देगा। साथ ही प्रो लीग के दौरान चिंता का सबब रहे मुश्किल कोण से पेनल्टी कॉर्नर को रोकने पर खासी मेहनत की है। हमारे कोर ग्रुप में सकारात्मक उर्जा है। हमारी खिलाड़ी जानती हैं कि क्या दांव पर है। हर सत्र में जोर अपना स्ट्रक्चर धारदार बनाने,दबाव में बेहतर फैसले लेने और एक इकाई के रूप में बेहतर तालमेल बनाने पर रहेगा।’
सीनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी शिविर के घोषित 40 कोर ग्रुप संभावित हैं :
गोलरक्षक : सविता, बिच्छू देवी खरीबम, बांसुरी सोलंकी, माधुरी किंडो, समीक्षा सक्सेना।
रक्षापंक्ति : महिमा चौधरी, निकी प्रधान, सुशीला चानू पुखरंबम, उदिता, इशिका चौधरी,ज्योति छेत्री,ज्योति, अक्षता अबासो ढेकले, अंजना डुंगडुंग, सुमन देवी थोडम।
मध्यपंक्ति : सुजाता कुजूर, वैष्णवी विट्ठल फाल्के,ललरेमसियामी, नेहा, सलीमा टेटे, मनीषा चौहान, अजमीना कुजूर, सुनीलिता टोपो, शर्मिला देवी, बलजीत कौर, महिमा टेटे, अलबेला रानी टोपो, पूजा यादव।
अग्रिम पंक्ति : दीपिमोनिका टोपो, ऋतिका सिंह, दीपिका सोरेंग , नवनीत कौर, संगीता कुमारी, दीपिका, ऋतुजा डडासो पिसल,ब्यूटी डुंगडुंग, मुमताज खान, अनु, चांदना जगदीश, काजल सदाशिव अतपढ़कर।