मैं बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में अपनी भारतीय हॉकी टीम के पदक जीतने को लेकर आशान्वित: वंदना

  • हमने एक पखवाड़ा बतौर टीम अपनी खामियों को दूर करने पर लगाया
  • हमने कभी हार नहीं मानी और यही हमारी टीम की बड़ी ताकत

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : भारत की तेज-तर्रार अनुभवी स्ट्राइकर वंदना कटारिया ने हाल ही सम्पन्न एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में भारत के लिए छह मैचों में सबसे ज्यादा तीन गोल किए। वंदना ने बर्मिंघम में शुक्रवार को शुरू राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों की बाबत पूछे जाने पर कहा, ‘हमारी तैयारियां जोरदार रहीं। महिला हॉकी विश्व कप के बाद हमें राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के लिए एक पखवाड़े का वक्त मिला। हमने एक पखवाड़ा बतौर टीम अपनी खामियों को दूर करने और खुद को मजबूत करने पर लगाया। मेरा मानना है इस एक पखवाड़े में हमारी टीम बहुत बेहतर हुई है जहां तक मेरी खुद की फॉर्म और मेरे लय में होने की बात है तो फिलहाल विश्व कप से मैंं लय में हूं। मैं राष्टï्रमंडल खेलों में बढिय़ा प्रदर्शन को बेताब हूं। मैं बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में अपनी भारतीय हॉकी टीम के पदक जीतने को लेकर आशान्वित हूं।’

वंदना कटारिया लगातार तीसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला टीम की नुमाइंदगी कर रही हैं। वंदना ने कहा, ‘हमारी टीम हालांकि महिला हॉकी विश्व कप में अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। बावजूद इसके मुझे इस बात की खुशी है कि हमने विश्व कप में बराबर अपना खेल खेलने की कोशिश की। हमने कभी हार नहीं मानी और यही हमारी टीम की बड़ी ताकत है।