डूंगरपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री के के गुप्ता को स्वच्छ राजस्थान का ब्राण्ड एम्बेसेडर बनाया गया

Former Chairman of Dungarpur Municipal Council, Shri KK Gupta has been made the Brand Ambassador of Swachh Rajasthan

राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग के आयुक्त एवं शासन सचिव ने सभी जिला कलक्टर को जारी किया पत्र

नीति गोपेन्द्र भट्ट

जयपुर : स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के राज्य समन्वयक और डूंगरपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री के के गुप्ता को राज्य सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्थान का स्वच्छता ब्राण्ड एम्बेसेडर बनाया है।

मुख्यमन्त्री श्री भजन लाल शर्मा के निर्देश पर स्वायत्त शासन विभाग के आयुक्त एवं शासन सचिव श्री रवि जैन के हस्ताक्षर से उक्त सन्दर्भ में राज्य के समस्त जिला कलेक्टर को पत्र जारी किया है।

राज्य सरकार द्वारा सौपे गए नवीन दायित्व के तहत श्री के के गुप्ता राज्य के समस्त जिलों और निकायी क्षेत्रों में स्वच्छता जागरूकता अभियान को सशक्त बनाने के दायित्व का निर्वहन करेंगे। स्वायत्त शासन सचिव द्वारा जारी पत्र में राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए है कि वे जिला स्तर और राज्य के सभी स्थानीय निकायों में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्री के के गुप्ता की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित करें और स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए उनके द्वारा बताये गए कार्यों और निर्देशों की पालना रिपोर्ट सात दिन में स्वायत्त शासन विभाग को प्रेषित करेंगे। इन बैठकों में स्थानीय निकायॉ के महापौर, सभापति, अध्यक्षों और पार्षदों को भी आमंत्रित करने के साथ ही डूंगरपुर मॉडल के कार्यों का प्रजेंटेशन करने के निर्देश भी दिए गए है । श्री गुप्ता को राज्य के सभी सर्किट हाउसों में राजकीय यात्रा करने पर अ -1 श्रेणी की दर पर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए है ।

श्री के के गुप्ता को विशेष रूप से उनके “डूंगरपुर मॉडल” के लिए जाना जाता है। उनके मार्गदर्शन में डूंगरपुर जिले ने स्वच्छता सर्वेक्षणों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और डूंगरपुर को राज्य का पहला खुले में शौच मुक्त शहर भी बनाया। उनके नेतृत्व में डूंगरपुर जिले ने स्वच्छता सर्वेक्षणों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और प्रदेश ही नहीं, देश और विदेश में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई।

उल्लेखनीय है कि श्री के के गुप्ता पूर्व में भी दो बार राज्य सरकार के स्वच्छता ब्राण्ड एम्बेसेडर रहें है। श्री गुप्ता को उनके अनुकरणीय कार्यों और सेवाओं के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई अवार्ड प्रदान किए गए है। साथ ही विदेशी सरकारों और प्रतिष्ठानों द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया है।

श्री के के गुप्ता ने उन्हें राजस्थान के स्वच्छता एम्बेसेडर की पुनः जिम्मेदारी दिए जाने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि स्वच्छ राजस्थान का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक इसे अपना अभियान माने। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, सम्मान और विकास से जुड़ा एक अति महत्वपूर्ण विषय है। गुप्ता ने कहा कि वे राज्य सरकार की भावना के अनुरूप प्रदेश के हर जिले में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और नवाचार को बढ़ावा देने का प्रयास करेंगे।

उल्लेखनीय है कि श्री के के गुप्ता ने प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किये गए स्वच्छता अभियान को उसके पहले दिन से ही अपने जीवन का मुख्य लक्ष्य बनाया हुआ है । वे पूरे जुनून के साथ अपनी सारी ताक़त इसमें झोंक इस अभियान को सफल बनाने में दिन-रात जुटे हुए है । श्री गुप्ता ने केन्द्रीय गृह मन्त्री श्री अमित शाह के संसदीय क्षेत्र गुजरात की राजधानी गांधीनगर से सटी ग्राम पंचायतों में भी स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया।जिसकी वजह से इन ग्राम पंचायतों को देश भर में अव्वल रहने का सम्मान मिला है। पूर्व में भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा भी श्री गुप्ता की सेवाओं को लिया गया है। उन्हें माननीय न्यायालयों ने न्याय मित्र मनोनीत कर राजस्थान के शेखावाटी और मेवाड़ अंचल की स्थानीय निकायों में स्वच्छता आंदोलन की बागडोर सौंपी है। राज्य के दूसरे सबसे बड़े शहर जोधपुर का नगर विकास प्रन्यास भी उनकी विशेषज्ञ सेवाओं,अनुभवों और सुझावों को क्रियान्वित कर रहा है तथा माननीय उच्च न्यायालय को इससे अवगत कराया है। यही कारण है कि राज्य सरकार ने उनके अनुभव और कार्यकुशलता पर फिर से भरोसा जताया है।