स्वच्छ भारत मिशन राजस्थान के नए ब्रांड एंबेसडर के के गुप्ता ने हिल स्टेशन माउंट आबू में निकाय अधिकारियों की ली प्रथम बैठक

KK Gupta, the new brand ambassador of Swachh Bharat Mission Rajasthan, held the first meeting of civic officials in the hill station Mount Abu

नीति गोपेन्द्र भट्ट

राजस्थान स्वच्छ भारत मिशन के नए ब्रांड एम्बेसेडर के के गुप्ता ने अपना नया दायित्व संभालने ही प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन माउंट आबू में स्थानीय निकाय अधिकारियों के साथ अपनी प्रथम बैठक में निर्देश दिए है कि कचरा फैलाने वालो पर चाहे वे स्थानीय नागरिक हों या पर्यटक उन पर जुर्माना लगाया जाए। ऐसा करने पर कुछ ही दिनों में इसके अच्छे परिणाम दिखेंगे तथा शहर सुन्दर हो जाएगा।
गुप्ता ने इस बात पर चिंता जताई कि माउंट आबू जो कि अंतरराष्ट्रीय ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय संस्थान का प्रमुख केन्द्र और पड़ोसी राज्य गुजरात का भी सांझा हिल स्टेशन भी है, यहां गन्दगी का फैला होना इस पर्यटन और आध्यात्मिक स्थल के लिए कदापि उचित नहीं है।

माउंट आबू के नगरपालिका पुस्तकालय में आयोजित इस बैठक में नगरपालिका आयुक्त आशुतोष आचार्य के साथ विकास प्राधिकरण और आबू रोड नगर पालिका के अधिकारी राजकिशोर शर्मा और के अनिल एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी गण उपस्थित थे।

बैठक मे गुप्ता ने कहा कि मेरी मंशा है कि स्वच्छ माउंट आबू से स्वच्छ राजस्थान की शुरुआत हो। उन्होंने कहा कि गुजरात से सटे इस सुन्दर पर्यटन स्थल में अब किसी प्रकार की गन्दगी स्वीकार्य नहीं होगी। गुप्ता ने कहा कि माउंट आबू न केवल राजस्थान का बल्कि गुजरात की सीमा से सटा होने से वहां के बाशिंदों के लिए भी एक खूबसूरत पर्वतीय पर्यटन स्थल है। माउंट आबू में प्रति वर्ष करीब पैंतीस लाख पर्यटक आते हैं लेकिन विडंबना है कि वे राजस्थान की गलत छवि लेकर जा रहे हैं क्योंकि यहाँ पर व्याप्त गंदगी और अन्य परेशानियां सैलानियों को अपेक्षित सकून नहीं दे रही हैं।

माउंट आबू की बदहाल सड़कों पर चिंता करते हुए उन्होंने कहा कि तुरंत प्रभाव से सड़क पर पड़े गड्ढे एवं टूटी सड़कों की मरम्मत हो जानी चाहिए। साथ ही माउंट आबू के मुख्य मार्ग पर रिफ्लेक्टर्स रेडियम पट्टी के माध्यम से सड़क के दोनों ओर निशान लगाए जाये ताकि आने वाले पर्यटकों को कोहरे के समय परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी खुले में शौच न जाए इसीलिए अगर माउंट आबू के किसी भी क्षेत्र में लोग खुले में शौच जाने के लिए मजबूर हैं तो वहां पर सार्वजनिक सुलभ कांप्लेक्स बनाया जाए एवं उसकी साफ सफाई सुनिश्चित की जाए ।

उन्होंने नगरपालिका कर्मचारियों से शहर की वास्तविक हालत को जाना और मौजूदा हालात को कैसे सुधारा जाए और कमियों को कैसे पूरा किया जाए इस बारे में कई सुझाव दिए।गुप्ता ने माउंट आबू की स्वच्छता को लेकर निर्देश दिए कि किसी भी स्कूल के पास डंपिंग यार्ड नहीं होना चाहिए। यदि कही ऐसा हो तो उसे अतिशीघ्र किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट कर डंपिंग यार्ड में गीला कचरा अलग एवं सूखा कचरा अलग संग्रह करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही वहाँ गाय और अन्य जानवर कचरा न खाये। उसके लिए अनिवार्य रूप से ऊँची दीवार एवं गेट लगाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि हम एक ओर जहाँ गाय को माता कहते हैं दूसरी ओर गाय प्लास्टिक या कचरा खाती है तो उसे उचित कहा जा सकता है। इससे असमय उनको मौत हो जाती है तथा उनके दूध की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है।माउंट आबू में सड़क पर घूम रही गायों को अब गौशाला भेजना होगा ताकि वे वहाँ सुरक्षित रहे। उन्होंने स्थानीय निकाय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अब किसी भी तरह की बहानेबाजी नहीं चलेगी।

बैठक में के के गुप्ता ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का सपना है कि भारत स्वच्छ और सुन्दर बने। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राजस्थान की निकायों को स्वच्छ बनाने की मुझे जो जिम्मेदारी दी है, मैं इस कसौटी में खरा उतरने के लिए पूरी ताकत और ऊर्जा के साथ काम करूंगा तथा प्रदेश की सभी निकायों को स्वच्छ बनाने हेतु उचित मार्गदर्शन देकर मुख्यमंत्री की भावना अनुसार राजस्थान को श्रेष्ठ स्वच्छ राजस्थान बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित रहूंगा।

गुप्ता ने सामाजिक कार्यकर्ता गीता अग्रवाल की स्वच्छता से गौमाता अभियान तक चल रही कोशिशों और भावनाओं को सराहा यह कहा कि सामूहिक एकजुट प्रयासों से स्वच्छता को लेकर स्थानीय लोगों की उम्मीदें एवं पर्यटकों की आशाओं को गति मिल कर रहेगी।

उल्लेखनीय है कि दक्षिणी राजस्थान के डूंगरपुर नगरपरिषद के पूर्व अध्यक्ष के के गुप्ता ने अपने सभापतित्व काल में डूंगरपुर शहर की स्वच्छता के कई कीर्तिमान स्थापित्व किए। डूंगरपुर के सभापति रहते हुए भी उन्होंने डूंगरपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में हर बार प्रथम स्थान पर लाने का कार्य किया जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक सम्मानित किया जा चुका है।