पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सभी आरोपों को दिल्ली पुलिस ने किया खारिज

Delhi Police dismissed all allegations made by West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee

दीपक कुमार त्यागी

दिल्ली स्थित बंग भवन पर दिल्ली पुलिस की तैनाती मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा के लिए – देवेश चंद्र श्रीवास्तव, स्पेशल सीपी दिल्ली पुलिस

दिल्ली : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एसआईआर मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने दिल्ली आई हैं, लेकिन दिल्ली स्थित बंग भवन पर दिल्ली पुलिस की भारी तैनाती देख कर ममता बनर्जी भड़क गयी है, उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाते हुए आरोपों की बौछार कर दी है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने भी प्रेस कांफ्रेंस करके इस पर अपना पक्ष रखा है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव व अतिरिक्त पुलिस आयुक्त व जन संपर्क अधिकारी संजय त्यागी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके स्थिति स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिसकर्मी बंग भवन के अंदर नहीं घुसा है। स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली पुलिस ममता बनर्जी की सुरक्षा के लिए वहां मौजूद थी, ना कि बंग भवन की तलाशी लेने के लिए गयी थी। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिल्ली में Z+ कैटेगरी की सुरक्षा निर्धारित है। तय प्रोटोकॉल के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में उनकी सुरक्षा व्यवस्था की ज़िम्मेदारी दिल्ली पुलिस की है, और इस बारे में पश्चिम बंगाल पुलिस ने हमें पहले ही बता दिया था। इसके बाद, दिल्ली पुलिस ने चाणक्य पुरी और हेली रोड, दिल्ली स्थित बंग भवन में व्यापक सुरक्षा और कानून व्यवस्था के इंतज़ाम किए। दिल्ली पुलिस सामान्यतः साल भर अलग-अलग सुरक्षा और कानून व्यवस्था की ड्यूटी के लिए CAPF के कर्मियों की भी मदद लेती है और उन्हें भी इन कानून व्यवस्था/सुरक्षा इंतज़ामों के लिए तैनात किया गया था।

इस सिलसिले में, आज न तो कोई पुलिसकर्मी बंग भवन में घुसा है और न ही वहां रहने वालों की आवाजाही पर कोई रोक लगाई गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बताया गया था कि एक राजनीतिक पार्टी के लगभग 150-200 समर्थक पश्चिम बंगाल से आए हैं और दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर रह रहे हैं, जिसमें साउथ दिल्ली, नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली इलाकों के गेस्ट हाउस होटल शामिल हैं। यह भी जानकारी मिली थी कि VVIP और वरिष्ठ नेता इन गेस्ट हाउस होटलों में जाएँगे। उसी के अनुसार इन जगहों पर पर्याप्त तैनाती की गई थी।

चूंकि संसद का बजट सत्र चल रहा है, इसलिए दिल्ली पुलिस संसद परिसर के अंदर और आसपास के साथ-साथ राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में भी पुख्ता सुरक्षा और कानून व्यवस्था के इंतज़ाम सुनिश्चित करने के लिए उचित एहतियाती कदम उठा रही है। इसे हासिल करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अलग-अलग होटलों और गेस्ट हाउस के साथ-साथ व्यक्तियों की भी नियमित चेकिंग की जाती है। इसके अलावा, हम अलग-अलग स्तरों पर पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ लगातार संपर्क में हैं और हमें आधिकारिक या गैर-आधिकारिक तौर पर किसी भी अप्रिय घटना या सुरक्षा में चूक के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

दिल्ली पुलिस VIPs के साथ-साथ दिल्ली में आने वाले सभी लोगों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उचित कानून व्यवस्था के इंतज़ाम करने के लिए प्रतिबद्ध है।