भारत के पास तीसरी बार टी 20 विश्व कप जीत नया इतिहास रचने का मौका

India has a chance to create history by winning the T20 World Cup for the third time

  • भारत को रोकने के लिए प्रतिद्वंद्वी टीम को चमत्कार ही करना होगा
  • चोट के चलते हर्षित के खेलने को लेकर संशय, पर भारत के पास पर्याप्त विकल्प
  • अमेरिका के खिलाफ मैच में भारत का ध्यान अपने खेल पर

सत्येन्द्र पाल सिंह

मुंबई : भारत के पास अपने घर में पहली बार, लगातार दूसरी बार और कुल तीसरी बार आईसीसी टी 20 पुरुष क्रिकेट विश्व कप जीत एक नया इतिहास रचने का मौका है। भारत को ऐसा करने रोकने के लिए किसी भी प्रतिद्वंद्वी टीम को चमत्कार ही करना होगा। अब तक हुए नौ टी 20 विश्व कप में भारत ने 2007 में पहले संस्करण में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में दक्षिण अफ्रीका में और फिर 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में वेस्ट इंडीज में दूसरी बार खिताब जीता था। भारत की तरह इंग्लैंड और वेस्ट इंडीज की टीमें भी अब तक दो-दो बार खिताब जीत चुकी हैं। वहीं पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया ने अब तक एक-एक बार खिताब जीता है। विस्फोटक सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में मेजबान भारत अपने घर में दसवें आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप 2026 में खिताब बरकरार रख रिकॉर्ड तीसरी बार चैंपियन बन सकता है। नौजवान तेज गेंदबाज हर्षित राणा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में जांघ की मांसपेशी में आई चोट के चलते खेलने को लेकर संशय से लगे झटके के बावजूद भारत के कप्तान सूर्य कुमार यादव ने ठीक ही कहा है कि टीम के पास पर्याप्त विकल्प हैं।

भारत अपने खिताब बरकरार रखने के अभियान का आगाज कप्तान मोनाक पटेल, हरमीत सिंह, सौरभ नेत्रवलकर, शुभम रंजने, मिलिंद कुमार, संजय कृष्णामूर्ति, साई तेजा मक्कामला, जसदीप सिंह जैसे आठ दर्जन से ज्यादा भारतीय मूल के आधा दर्जन से ज्यादा खिलाड़ियों से सज्जित पिछले संस्करण में सुपर 8 में पहुंचने वाली अमेरिका के खिलाफ यहां वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार को ग्रुप ए के मैच से करेगा। अमेरिका ने पिछले संस्करण में पाकिस्तान को सुपर ओवर में हरा सनसनी मचाई थी।

भारत के कप्तान सूर्य कुमार यादव ने अमेरिका की टीम हरमीत सिंह, सौरभ व शुभम रंजने जैसे तीन चार खिलाड़ियों के साथ खेलने की बाबत कहा कि वह उनकी बाबत जानते हैं लेकिन उनकी बजाय उनका और उनकी टीम का ध्यान अपने खेल पर है।

अमेरिका की टीम में शेहान जयसूर्या के रूप में श्रीलका के कई अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके शेहान जयसूर्या भी हैं यानि कुल मिला टीम में ज्यादातर एशियाई और भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं। अमेरिका ने भारत ए के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में भारत के लिए खेल चुके तेज गेंदबाज ख़लील अहमद और लेगस्पिनर रवि बिश्नोई जैसे गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ 238 रनों का पीछा करते हुए, 200 रन बनाए थे। हालांकि अमेरिका क्रिकेट में लंबे समय से चल रहे संकट और इसके चलते आईसीसी द्वारा बोर्ड के निलंबन ने टीम को विश्व कप से पहले अच्छी तैयारी का मौक़ा नहीं दिया है। अमेरिका ने अप्रैल 2025 के बाद से कोई भी टी 20 अंतर्राष्ट्रीयमैच नहीं खेला है। 2025 में उन्होंने नौ में से आठ मैच जीते। हालांकि विपक्ष में ओमान, कनाडा, बरमूडा और केमैन आइलैंड्स जैसी टीमें थीं।

भारत अपने घर में 2026 के संस्करण में भी अगर क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट का खिताब जीतता है तो गौतम गंभीर बतौर क्रिकेटर और चीफ कोच उसे यह गौरव दिलाने वाले वाले पहले भारतीय बन जाएंगे।2007 में पहले संस्करण के चैंपियन भारत ने जब दो बरस पहले वेस्ट इंडीज और अमेरिका में अजेय रह जब कुल दूसरी बार आईसीसी टी 20 विश्व कप खिताब जीता था अब टीम इंडिया उससे बेहतर ही हुई है। भारत के पूर्व कप्तान महेद्र सिंह ने ठीक ही कहा है कि रात में ओस के चलते किसी भी मैच कुछ भी उलटफेर मुमकिन है। टॉस हारने बाद में गेंदबाजी करनी पड़ी और बदकिस्मती से वरुण चक्रवर्ती या जसप्रीत बुमराह जैसे भारत के तुरुप के गेंदबाजों का दिन खराब रहा तो फिर नतीजा पलट भी सकता है। यानी टी 20क्रिकेट के मिजाज तब कुछ भी मुमकिन है। भारत को जिन हालात में टी 20 विश्व कप में खेलना है करीब -करीब उन्हीं में वह अपने घर में न्यूजीलैंड से टी 20 सीरीज 4-1 और दक्षिण अफ्रीका पर 3-1 से तब जीती जब तीन में वह टॉस हार गया था। भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ टी 20 सीरीज में सबसे खास बात यह हुई कि तिलक वर्मा के चोट के चलते बाहर रहने पर मौका पाने वाले इशान किशन ने गजब की फॉर्म दिखाई।संजू सैमसन के एकदम नाकाम रहने पर इशान किशन ने बतौर विकेटकीपर टी 20 विश्व कप के लिए भारत की एकादश में स्थान पक्का कर लिया। भारत के लिए सबसे सुखद अपने कप्तान सूर्य कुमार यादव का न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी 20 मैचों की अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में तीन अर्द्धशतक जड़ कर रंग में आना रहा। भारत की टीम कितनी मजबूत है इसका अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है शीर्षक्रम में अभिषेक शर्मा, इशान किशन , कप्तान सूर्य कुमार यादव की मौजूदगी में श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे उत्कष्ट बल्लेबाजों तक के लिए टी 20 विश्व कप टीम में जगह नहीं बन पाई। बेशक टी 20क्रिकेट का मिजाज बेहद अनिश्चित है क्योंकि इसमें कौन कब अर्श से फर्श पर आ जाए कहना मुश्किल है। भारत का असल इम्तिहान सुपर 8 में होगा क्योंकि इसमें उसे एक हफ्ते के भीतर रात में तीन मैचों तीन अलग अलग जगह ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ़्रीका और वेस्टइंडीज़ के खिलाफ खेलने होंगे और इनमें से कम से कम दो जीतने होंगे। भारत को इससे अगले हफ्ते दो नॉकआउट मैच भी जीतने होंगे।

भारत बेहद संतुलित, पाक की परेशानी बढ़ी
विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन और फिनिशर रिंकू सिंह को चुने जाने के बावजूद सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में आईसीसी टी 20क्रिकेट विश्व कप के लिए चुनी गई भारत की बेहद संतुलित टीम खिताब बरकरार रखने की मजबूत दावेदार है। भारत के साथ अपने पहले खिताब जीतने की बाट जोह रही पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका व न्यूजीलैंड के साथ केवल एक बार चैंपियन रही ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड खिताब की होड़ में दिखाई देती हैं। टी 20 विश्व कप 2026 में सात से 20 फरवरी,2026 तक कुल 40 ग्रुप मैच खेले जाएंगे और चारों ग्रुप की दो-दो शीर्ष टीमें 21 फरवरी से शुरू होने वाले सुपर आठ के लिए क्वॉलिफाई करेंगी। भारत ग्रुप ए में अमेरिका, नामिबिया, हां न में उलझे चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और नीदरलैंड के साथ है। भारत का अपने ग्रुप ए में शीर्ष पर रह सुपर 8 में स्थान पाना तय है। हालांकि प्रतिद्वंदवी टीमें बड़े मंच पर उलटफेर का सपना संजोए हैं। बांग्लादेश द्वारा अपने की खिलाड़ियों की कथित सुरक्षा की दुहाई टी 20 विश्व कप में अपने भारत में खेलने से इनकार करने के बाद आईसीसी ने इस संस्करण से बाहर कर दिया। बांग्लादेश की इस पर भद्द पिटी ही क्योंकि पाकिस्तान को छोड़ कोई उसके साथ नहीं आया। बांग्लादेश से गलबहियां करने के फेर मे पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ कोलंबो में 15 फरवरी को खेले जाने वाले मैच में खेलने से इनकार कर बेवजह आईसीसी से पंगा ले लिया और इसके चलते यह मैच अधर में लटक गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की यह नौटंकी ही है। पीसीबी ने आईसीसी को आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहा है यह उसकी बस बेवजह यह मामला को टालने की कवायद ही लगती है क्योंकि पीसीबी को अपनी टीम पर भरोसा ही नहीं लगता। पाकिस्तान यदि भारत के खिलाफ अपना ग्रुप मैच नही खेलता तो उसके दो अंक कट जाएंगे। ऐसे में बिना खेले पाकिस्तान अपनी ही फजीहत कराएगा। भारत के कप्तान सूर्य कुमार यादव ने ठीक कहा कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने के लिए 15 फरवरी को कोलंबो जाएगी और हम यह देखेंगे कि वह खेलने उतरेगा या नहीं।पाकिस्तान को सुपर 8 में पहुंचने की आस बनाए रखनेके लिए तब नामिबिया , नीदरलैंड और अमेरिका से हर हाल में जीतना होगा। लेकिन अगर यह मैच होता है तो इसमें कोई बेशक इस पर दुनिया भर की निगाहें रहेंगी।पाकिस्तान को अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने हैं। इससे पाकिस्तान यात्रा की थकान से बच जाएगा। अगर उनका एक भी मैच बारिश से धुला तो उसके लिए आगे का रास्ता मुश्किल हो सकता है। भारत के ग्रुप में मौजूद पाकिस्तान किसी भी फॉर्मेट के विश्व कप में उसे अब तक हरा नहीं पाया है। अब अपने कप्तान सूर्य कुमार के रंग में लौटने अपने घर में भारत अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहने के साथ इस बार खिताब बरकरार रखने का सबसे मजबूत दावेदार है। एक एक बार खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया व श्रीलंका के ग्रुप बी से, इंग्लैंड व फिलहाल रंगत पाने के लिए जूझने वाली वेस्ट इंडीज के अपने ग्रुप सी में बांग्लादेश के हटने से सुपर आठ में पहुंचने की पूरी संभावना है। वहीं ग्रुप डी सबसे मुश्किल है क्योंकि इसमें दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड व अफगानिस्तान के रूप में जिस टीम का दिन रहा तो वह दूसरी टीम को हरा सकती है। सुपर आठ से शीर्ष चार टीमें कोलकाता/ कोलंबो और मुंबई में खेले जाने वाले दो सेमीफाइनल के लिए क्वॉलिफाई करेंगी। फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद अथवा कोलंबो में खेला जाएगा।

हार्दिक, अभिषेक, वरुण व बुमराह होंगे भारत की तुरुप के इक्के
हार्दिक पांडया बतौर ऑलराउंडर, अभिषेक शर्मा बतौर सलामी बल्लेबाज, सदाबहार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह व मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के बेशक अपने घर में भारत को रिकॉर्ड तीसरी बार टी 20 क्रिकेट विश्व कप जिताने में तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं क्योंकि ये चारों में अपने दम मैच का पासा पलटने की कूवत रखते हैं। भारत बस यही कामना करेगा कि हार्दिक व जसप्रीत बुमराह जैसे उसके दोनों योद्धा पूरे टूर्नामेंट में पूरी तरह फिट रहें। हार्दिक पांडया ने 2024 के टी 20 विश्व कप के फाइनल में आखिरी ओवर फेंकने के साथ तीन भी चटकाए थे। साथ ही पूरे टूर्नामेंट में हार्दिक ने कुल 11 विकेट चटकाने के साथ एक अर्द्धशतक सहित 140 रन भी बनाए थे। हार्दिक पांडया ( 24 मैच, 16 पारियां, 2 अर्द्धशतक ,357 रन, 24 विकेट) का अब तक टी 20 विश्व कप में बल्ले और गेंद से दमदार प्रदर्शन उन्हें मौजूदा दसवें संस्करण के लिए भी सबसे अहम खिलाड़ी बनाता है। विराट कोहली, सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और रवीद्र जडेजा जैसे तीन दिग्गजों के 2024 के टी 20 विश्व कप के बाद टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद भारत की खुशकिस्मती है कि उसके पास बतौर सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा , इशान किशन की सलामी जोड़ी, तीसरे नंबर पर तिलक वर्मा उपकप्तान नियुक्त किए गए बाएं हाथ के ऑलराउंडर अक्षर पटेल हैं। भारत इसीलिए 2026 में अपने घर में खिताब बरकरार रखने का दावेदार है।

संतुलित बल्लेबाजी व गेंदबाजी संयोजन है भारत की सबसे बड़ी ताकत
भारत की टी 20 विश्व कप 2026 के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम दमदार तो है ही अलग अलग परिस्थितियों के साथ खुद को ढालने में सक्षम है। टीम इंडिया अलग- अलग संयोजनों के मुताबिक खेलना भी जानती है। अभिषेक शर्मा व इशान की सलामी जोड़ी, तिलक वर्मा, कप्तान सूर्य कुमार यादव, अक्षर पटेल, इशान किशन, हार्दिक पांडया व अक्षर पटेल के रूप में भारत की मौजूदा टीम की ताकत उसकी एकादश में पहले से आठवें नंबर तक विस्फोटक बल्लेबाजों की मौजूदगी से उसे पहली से आखिरी गेंद तक टी 20 के मिजाज के मुताबिक दे दनादन का विकल्प देती है। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू और इशान दोनों ही पारी का आगाज करने के साथ जरूरत के मुताबिक तीसरे और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी का विकल्प दे टीम को और संतुलित बनाते हैं। ऐसे में उम्मीद यही है कि अभिषेक के साथ इशान ही भारत की पारी का आगाज करेंगे। तिलक वर्मा तीसरे और सूर्य कुमार चौथे नंबर पर मैच के मिजाज के मुताबिक गियर बदल कर खेलने का विकल्प देते हैं। भारत के पास जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के रूप में दो खालिस तेज गेंदबाजों के साथ ऑलराउंडर हार्दिक पांडया और शिवम दुबे तेज गेंदबाजी में दो और विकल्प देते हैं। ऑलराउंडर अक्षर पटेल, हार्दिक पांडया, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह दे दनादन अंदाज में बल्लेबाजी कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने का दम रखते हैं। खासतौर पर रिंकू बल्ले के साथ गेंद से भी जरूरी तीन ओवर फेंक विकेट निकाल सकते हैं। बतौर खालिस स्पिनर मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव के साथ उपकप्तान स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर के रूप में चार स्पिनर हैं। साथ ही अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा भी वक्त जरूरत दो दो ओवर फेंक कर विकेट चटकाने का दम रखते हैं। बतौर स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के साथ अक्षर पटेल खेलेंगे और बतौर तेज गेंदबाज बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ हार्दिक व शिवम के रूप में भारत को छह गेंदबाज हर हाल में एकादश में उपलब्ध रहेंगे। सबसे संतुलित बल्लेबाजी व गेंदबाजी संयोजन के साथ ऑलराउंडरों की मौजूदगी टी 20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

बतौर बल्लेबाज भारत सूर्य के बल्ले की चमक देखने को बेताब
हार्दिक पांडया अपना पांचवां और सूर्य कुमार यादव और जसप्रीत बुमराह अपना चौथा टी 20 क्रिकेट विश्व कप खेलेंगे। 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी 20 सीरीज में सूर्य कुमार यादव का बल्ला बतौर बल्लेबाज खूब बोला ही बतौर कप्तान उनका ‘सूर्य’ बराबर चमक रहा है। भारत दसवें आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप 2026 में सूर्य कुमार यादव से कप्तान के साथ बतौर बल्लेबाज भी ’सूर्य‘ की तरह उनकी चमक देखने को बेताब है। टी 20 विश्व कप के इतिहास में विराट के नाम हैं सबसे ज्यादा रन
अब तक टी 20 क्रिकेट विश्व कप के इतिहास में भारत के लिए छह सस्करणों में खेलने वाले विराट कोहली को मात्र 35 मैचों, 33 पारियों में 15 अर्द्धशतकों सहित दुनिया में कुल सबसे ज्यादा 1292 रन बनाने का गौरव हासिल है। उनके बाद उनके प्रिय साथी शुरू के सभी नौ संस्करणों में खेलने वाले रोहित शर्मा (47 मैच, 44 पारियां, 14 अर्द्धशतक, 1220 रन) आते हैं जो कि अपनी कप्तानी में भारत को 2024 टी 20 क्रिकेट विश्व कप जिताने के बाद टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं।

अब तक हुए नौ संस्करणों में भारत (2007 व 2024) ने इंग्लैंड और वेस्ट इंडीज की तरह दो दो बार खिताब जीता है। भारत ने जब 2007 में पाकिस्तान को फाइनल में पांच रन से हरा कर पहली बार खिताब जीता था तब अब के मौजूदा चीफ कोच गौतम गंभीर सात मैचों में फाइनल मे 75 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ कुल तीन अर्द्धशतकों सहित 227 रन के साथ रन बनाने में दूसरे स्थान पर रहे थे। इरफान पठान फाइनल में मात्र 15 रन दे पाकिस्तान के तीन विकेट चटका मैन ऑफ द‘ मैच रहे थे। युवराज सिंह ने छह मैचों में दो अर्द्धशतकों सहित 148 रन , कप्तान धोनी ने सात मैचों में 154 और वीरेन्द्र सहवाग ने छह मैचों में 133 रन बनाए थे। भारत के लिए तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह ने सात मैचों में सबसे ज्यादा 12 , इरफान पठान ने दस, ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने सात और एस श्रीशांत ने छह विकेट लिए थे। भारत 2014 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में विराट कोहली की 77 रन की पारी के बावूजद श्रीलंका से फाइनल में छह विकेट से हार गया था। तब विराट कोहली छह मैचों में चार अर्द्धशतक सहित कुल 314 रन बना मैन ऑफ द‘ टूर्नामेंट रहे थे। रोहित शर्मा ने दो अर्द्धशतक सहित 200 रन व युवराज सिंह ने एक अर्द्धशतक सहित 100 रन बनाए थे। भारत के लिए ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने छह मैचों में 12 और लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने 11 विकेट व रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट चटकाए थे। विराट कोहली की 59 गेंदों में दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 76 रन की पारी तथा हार्दिक पांडया के 20 रन देकर चटकाए तीन विकेट की बदौलत भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में ब्रिजटाउन में आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप 2024 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हरा कर दूसरी बार खिताब जीता था। भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 15 विकेट चटका कर मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे जबकि अर्शदीप सिंह ने संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 17 विकेट चटकाए थे। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने आठ मैचों में तीन अर्द्धशतकों सहित˜कुल 257 रन बना टूर्नामेंट में रन बनाने में दूसरे स्थान पर रहे थे। वही सूर्य कुमार यादव ने 8 मैचों में दो अर्द्धशतक सहित 199 और ऋषभ पंत ने 171 विराट कोहली ने फाइनल में एक अर्द्धशतक सहित 151 रन और शिवम दुबे ने 133 रन बनाए थे।

आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप सात फरवरी से 8 मार्च , 2026
मैच (कुल 8स्थान) :
भारत (5 स्थान) : नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद), एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेन्नै), अरुण जेटली स्टेडियम( नई दिल्ली), वानखेड़े स्टेडियम (मुंबई) व ईडन गार्डंस (कोलकाता)।
श्रीलंका (3 तीन स्थान) : आर प्रेमदास स्टेडियम (कोलंबो), सिंहली स्पोटर्स क्लब (कोलंबो) व पालीकेल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।

टी 20 क्रिकेट विश्व कप 2026में शिरकत करने वाली 20 टीमों के ग्रुप:
ग्रुप ए : भारत, पाकिस्तान अमेरिका, नीदरलैंड, नामिबिया।
ग्रुप बी: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, आयरलैंड, ओमान।
ग्रुप सी : इग्लैंड, वेस्ट इंडीज, बांग्लादेश, इटली, नेपाल।
ग्रुप डी: दक्षिण अफ्रीका,न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।

भारत की आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप 2026 के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम है :सूर्य कुमार यादव(कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान),अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांडया, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, इशान किशन (विकेटकीपर)।

भारत के ग्रुप ए के मैच :
7 फरवरी : वि.अमेरिका, मुंबई।
12 फरवरी : वि. नामिबिया , दिल्ली
15 फरवरी : वि. पाकिस्तान, कोलंबो।
18 फरवरी : वि नीदरलैंड, अहमदाबाद