- पेट की गड़बड़ के चलते अभिषेक के खेलने को ले संशय
- भारत के इशान,तिलक,शिवम व अक्षर की कोशिश बड़ी पारियां खेलने की
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पेट में गड़बड़ के चलते खेलने को लेकर संशय के बावजूद मौजूदा चैंपियन भारत के लिए नामीबिया के खिलाफ बृहस्पतिवार को यहां अरुण जेटली स्टेडियम में आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप में ग्रुप ए मैच के लिए अपने तुरुप के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर का फिट होना अच्छी खबर है। कप्तान सूर्य कुमार यादव की अविजित 84 रन की तूफानी पारी तथा बुखार के चलते जसप्रीत बुमराह के बाहर रहने पर आखिरी वक्त में एकादश में जगह पाने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज द्वारा चटकाए तीन विकेट की बदौलत भारत ने अमेरिका पर 29 रन से जीत से आगाज किया था। वहीं नामीबिया इसी मैदान पर मंगलवार को अपने पहले मैच में नीदरलैंड से सात विकेट से हार गई थी। भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 197 रन बनाने के बाद अभ्यास मैच में नामीबिया को मात्र 67 रन पर ढेर कर 130 रन से जीत हासिल की थी। इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद नामीबिया के लिए भारत को उसके घर में रोकना बेहद मुश्किल लगता है।
भारत के सहायक कोच रेयन टेन दोइत्श की मानें तो अभिषेक पेट की गड़बड़ी से तेजी से उबर रहे हैं और उनके फिट होकर नामीबिया के खिलाफ मैच में खेलने के लिए उपलब्ध होने की पूरी उम्मीद है। अभिषेक यदि बृहस्पतिवार के मैच के लिए उपलब्ध नहीं होते तो भी भारत के पास इशान किशन के साथ पारी का आगाज करने के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन उपलब्ध रहेंगे। दोइत्श ने कहा,‘हम अभिषेक शर्मा के फिट होने का इंतजार कर रहे हैं। यदि अभिषेक फिट नहीं हुए तो हमें अलग बल्लेबाजी संयोजन के साथ उतरना होगा।‘
भारत ने पहले मैच में छह विकेट 77 रन पर खो दिए थे लेकिन कप्तान सूर्य की तूफानी पारी ने उसे 161 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया था। भारत की टी 20क्रिकेट में नीति पहली ही गेंद से दे दनादन कर रन बनाने की है और यह इस टी 20 विश्व कप से पहले खासी कारगर भी रही है। भारत ने दे दनादन की कोशिश में जिस तरह शुरू में छह विकेट खो दिए उसके मद्देनजर उसे पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को कोलंबो में मैच से पहले अपनी इस रणनीति पर फिर से विचार कर सकता है।
भारत उम्मीद करेगा कि सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बृहस्पतिवार को नामीबिया के खिलाफ मैच के लिए फिट रहे। बाएं हाथ के इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह और उपकप्तान अक्षर पटेल जैसे भारत के शीर्ष क्रम के पांचों बाएं हाथ के बल्लेबाज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की दोहरे उछाल वाली पिच पर जूझने के बाद अब यहां बृहस्पतिवार को अरुण जेटली स्टेडियम की अपेक्षाकृत सपाट पिच पर बड़ी पारियां खेल पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को खेले जाने अहम मैच से पहले पूरे रंग में आने की कोशिश करेंगे। सच तो यह है कि नामीबिया के खिलाफ बृहस्पतिवार का यह मैच भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ अहम मैच से पहले रंगत पाने के बेहद अहम होगा। घुटने की चोट के चलते बिना खेले ही तेज गेंबाज हर्षित राणा के टी 20 विश्व कप से बाहर होने से भारतीय टीम में शामिल और जसप्रीत बुमराह को बुखार के चलते अमेरिका के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में खेलने तीन विकेट चटका कर अपनी उपयोगिता साबित करने वाले मोहम्मद सिराज को यदि भारत बृहस्पतिवार को अपनी एकादश में शामिल करता तो फिर किसे एकादश से बाहर रखेगा? बतौर स्पिनर तो मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ही खेलेंगे लेकिन बुमराह , अर्शदीप सिंह और सिराज जैसे तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति को एकादश में शामिल करने के लिए क्या भारत रिंकू सिंह को एकादश से बाहर रखेगा? भारत यदि दो ही तेज गेंदबाज के साथ उतरने का फैसला करता है तो फिर उसे सिराज या टी 20 वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के अपने सबसे कामयाब बाएं हाथ के अर्शदीप सिंह में से किसी एक को बाहर बैठाना पड़ेगा।
अमेरिका के तेज गेंदबाज शेल वान शल्कवेक ने मुंबई में पहले मैच में अपने दूसरे ओवर में तीन विकेट चटका भारत के शीर्ष क्रम को बुरी तरह बिखेर दिया था। बावजूद इसके कप्तान सूर्य कुमार द्वारा तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर के आखिरी दो ओवर में बनाए 21-21 रन की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाने के बाद अमेरिका को 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन पर रोक जीत के साथ आगाज किया। भारत को मुंबई में वानखेड़े स्टेडियम की दोहरे उछाल वाली पिच पर अमेरिका के खिलाफ जीत के लिए कुछ संघर्ष करना पड़ा। सूर्य की अगुआई वाली हर लिहाज से संतुलित मौजूदा चैंपियन भारत के नामीबिया पर भी बृहस्पतिवार को जीत के साथ सुपर 8 में स्थान बनाने की ओर पूरी उम्मीद है। दोनों टीमें अब तक टी 20 विश्व कप में इससे पहले केवल एक और आखिरी बार 2022 में दुबई में भिड़ी थी लेकिन तब रोहित शर्मा और केएल राहुल के अर्द्धशतकों से भारत ने विराट कोहली की कप्तानी में नामीबिया को नौ विकेट से शिकस्त दी थी। कप्तान सूर्य कुमार यादव, हार्दिक पांडया और जसप्रीत बुमराह अब भी मौजूदा भारतीय टीम में हैं और इन तीनों की ही नामीबिया के खिलाफ मैच में भूमिका अहम रहने वाली है। नामीबिया की बल्लेबाज ऑलराउंडर लॉफ्टी एटन, कप्तान गेरहार्ड इरासमस जैसे ऑलराउंडर पर निर्भर है और यदि ये दोनों बल्लेबाजी और गेंदबाजी एक में नाकाम रहे तो फिर उसका पूरा का पूरा संतुलन ही गड़बड़ा जाता है। एृेसे में भारत की कोशिश एटन व जॉन फ्रेलिंक और गेरहार्ड इरासमस को सस्ते में आउट कर पैवेलियन लौटाने की होगी।
‘हमें दूधिया रोशनी में खेलने के मुताबिक ढालना होगा’
‘मेरा मानना है कि हमने मैच में शुरू में अच्छा खेल दिखाया। पिच सुबह शुरू में गेंद कुछ रुक कर तेज आ रही थी। इसलिए एक पिच पर शुरू में 40 रन कम थे लेकिन इससे हमें खेल के आकलन में मदद मिली। हमने देखा की खासतौर पर स्पिनरों की गेंद कुछ रुक कर आ रही थी। कुल मिला कर पारी के अधबीच तक हम अच्छा खेले। नीदरलैंड के खिलाफ हमने पूरी कोशिश की लेकिन हम पर्याप्त रन नहीं बना पाए। जहां तक भारत के खिलाफ बृहस्पतिवार के मैच की बात है तो हमें बिजली की दूधिया रोशनी में खेलने के मुताबिक खुद को ढालना होगा। भारत के खिलाफ मैच में बहुत शोर होगा । हम इस माहौल का पूरा लुत्फ उठाना चाहेंगे। मेरा मानना है कि यदि आप खेल का लुत्फ उठाते हैं और सकारात्मक रहते हैं तो अच्छे नतीजे मिलते है।-गेरहार्ड इरासमस, नामबिया के कप्तान
‘भारत के खिलाफ मैच में ध्यान अपने खेल पर’
नीदरलैंड के खिलाफ हमने 20 -30 रन कम रह गए। नीदरलेंड की टीम हमसे मैच में हर समय दस रन आगे रही। भारत के खिलाफ अगले मैच को लेकर रोमांचित हैं। भारत के खिलाफ खेलना मुश्किल है लेकिन हम अपना बेस्ट देंगे। भारतीय टीम की हौसलाअफजाई के लिए बड़ी तादाद में मैदान पर उसके प्रशंसक होंगे। भारत के खिलाफ मैच में हम अपने खेल पर ध्यान देंगे। हमारी कोशिश भारत के खिलाफ मैच में बढ़िया भागीदारी बनाने पर रहेगा। – क्रेग विलियम्स, नामीबिया के कोच





