पाक पर जीत में टीम में सभी ने योगदान दिया
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : भारत के कप्तान सूर्य कुमार यादव और पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कोलंबो में आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप मैच में न तो हाथ मिले और न ही दिल। इशान किशन की 77 रन की तूफानी पारी से सूर्य कुमार यादव के धुरंधरों पाकिस्तान को पस्त कर भारत को 61 रन से जीत दिला कर ग्रुप ए में रविवार रात लगातार तीसरी जीत के साथ सुपर 8 में स्थान दिलाने के साथ चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ टी 20 विश्व कप में नौ मैचों में आठवीं जीत के साथ स्कोर 8-1 कर दिया। भारत के कप्तान सूर्य कुमार ने जब दुबई में पाकिस्तान को बीते बरस टी 20 एशिया कप में लगातार तीसरी जीत के बाद कहा था कि चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अब प्रतिद्वंद्विता ही नहीं है तो ठीक ही कहा था। पाकिस्तान ने 20 में 18 स्पिनरों से कराए और इसमें सैम अयूब(तीन), कप्तान सलमान अली और मिस्ट्री स्पिनर बताए जा रहे उस्मान तारिक के रूप में उसके स्पिनरों की त्रिमूर्ति ने भारत के कुल गिरने वाले सात में पांच विकेट बांटे जबकि तेज गेदबाज शाहीन शाह अफरीदी के हिस्से एक विकेट आया जबकि शिवम दुबे रन आउट हुए। इसके ठीक उलट स्पिनरों की मददगार पिच पर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले व हार्दिक पांडया ने तीन ओवर में तथा बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल और मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने दो दो विकेट चटका कर भारत को जीत दिला कर साबित किया की पिच से मदद से ज्यादा किसी भी पिच पर विकेट चटकाने के लिए गेंदबाजी कौशल की ज्यादा जरूरी है।
पाकिस्तान पर बेहद एकतरफा जीत के बाद भारत के कप्तान सूर्य कुमार यादव ने ठीक कहा,‘ यह जीत भारत के लिए है। हमने उसी ब्रैंड की क्रिकेट खेली जैसी हम खेलना चाहते थे। इशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ रविवार रात उसी अंदाज में बल्लेबाजी की जिसमें वह पिछले कुछ घरेलू मैचों में कर रहे थे। इशान ने कुछ अलग ही हटकर सोचा। हमने अभिषेक शर्मा (0)के रूप में पहला विकेट पहले ही ओवर में एक रन पर खो दिया। ऐसे में हमारे किसी एक बल्लेबाज को तो जिम्मेदारी लेनी ही थी और इशान ने यह जिम्मेदारी बढ़िया ढंग से निभाई। हमारी पारी बीच में कुछ लड़खड़ाई जरूर लेकिन यही टी 20 क्रिकेट की खूबसूरती है। जिस तरह तिलक, शिवम दुबे और रिंकू ने बल्लेबाजी की वह वाकई काबिलेतारीफ है। मेरे लिए यह बताना मुश्किल था कि पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा स्कोर था। जब हमने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बना लिए तो मुझे लगा कि हमने पिच पर पहले बल्लेबाजी करते हुए सामान्य से 15-20 रन ज्यादा बना। इस पिच पर हमने पहले बल्लेबाजी करते हुए यदि 155 रन बना तो पाकिस्तान के खिलाफ यह मैच खासा करीबी हो सकता था। हार्दिक ने नई गेंद से गेंदबाजी का जिम्मा संभाला। फिर बुमराह ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट चटका कर बताया कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज क्यों हैं। यह देख कर अच्छा लगा कि पाकिस्तान पर जीत में टीम में सभी ने योगदान दिया। जहां तक अपनी इस जीत के सिलसिले को आगे जारी रखने की बात है तो हम कुछ आराम करने के बाद अहमदाबाद पहुंचने के बाद इस बाबत सोचेंगे।’
मैंने ऑफ साइड के अपने खेल पर बहुत मेहनत की है : इशान किशन
मात्र 40 गेंदों में कोलंबो के प्रेमदास स्टेडियम में 77 रन की तूफानी पारी खेल भारत की पाकिस्तान पर जीत में रविवार को मैन ऑफ द’ मैच रहे इशान किशन ने कहा, ‘ मैंने ऑफ साइड के अपने खेल पर बहुत मेहनत की है। ऐसे में मैं अगर ऑफ साइड में अच्छे शॉट खेलता हूं तो इससे मुझे वे गेंदें मिलेंगी जहां मैं चाहता हूं कि प्रतिद्वंद्वी गेंदबाज मुझे गेंद करें। बाउंड्री बहुत बड़ी थी और इसलिए मैंने क्षेत्ररक्षकों के बीच से गेंद को निकाल कर रन बनाए। जब मैदान बड़ा होता है तो आपको क्षेत्ररक्षकों के बीच गेंद निकालने के लिए भी बड़ी दरारें मिलती हैं।
पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी। ऐसे में मेरी सोच बस गेंद को क्षेत्ररक्षकों के बीच से निकाल कर रन बनाने की थी। मेरे जेहन में अपनी टीम के स्कोर को 160-170 रन तक पहुंचाने की थी और मेरा मानना था कि हमारे लिए यह बहुत अच्छा स्कोर होगा।हमारे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांडया ने वाकई शानदार गेंदबाजी की। जब में बल्लेबाजी कर और पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शहीन शाह अफरीदी गेंदबाजी कर रहे थे तो मुझे ऐसा महसूस नहीं हुआ कि तेज गेंदबाजों की गेंद बहुत हरकत कर रही है।ऐसे में हार्दिक और बुमराह का दो बेहतरीन ओवर फेंकना हमारे लिए बहुत बढ़िया रहा । खासतौर पर आप यह जानते हैं कि जब जस्सी भाई के हाथ में गेंद होती है तो वह चाहे नई गेंद से गेंद कर रहे हों अथवा आखिर के मारधाड़ वाले ओवरों वह किसी भी स्थिति में बेहतरीन गेंदबाजी करना जानते हैं। हार्दिक को भी इस बात का श्रेय जाता है कि उन्होंने बहुत कसी हुई गेंदबाजी कर योजना को अमली जामा पहनाया।’
हमारे स्पिनरों का दिन अच्छा नहीं रहा: सलमान आगा
पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा,‘ हमने चार स्पिनर उतारे लेकिन उनका दिन अच्छा नहीं रहा। हमारी गेदबाजी में कुछ खामी दिखी। बल्लेबाजी में हमारा आगाज ठीक नहीं रहा। आप यदि पहले पॉवरप्ले में दो तीन विकेट गंवा देते तो फिर आप मैच में पिछड़ जाते हैं। हमन पिच के मुताबिक गेंदबाजी नहीं की। बल्लेबाजी करते हुए जिस प्रतिबद्बता की जरूरत थी वह भी हमारे बल्लेबाजों मे नहीं दिखी। जब भारत पहले बल्लेबाजी कर रहा था था तब गेंद कुछ रुक कर आ रही थी। जब हम बाद में बल्लेबाजी के लिए उतरे तो यह बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो गई। हमें सुपर आठ के लिए क्वॉलिफाई करने के लिए अगला मैच जीतना होगा।





