- मुख्यमंत्री ने IFFD 2026 के उद्घाटन के साथ दिल्ली को वैश्विक फिल्म हब बनाने का संकल्प दोहराया
- *ग्लोबल फिल्म मैप पर दिल्ली की दस्तक, मुख्यमंत्री ने कहा: मुंबई, पुणे और गोवा के समकक्ष खड़ी होगी राजधानी
- 125 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एवं भारतीय फिल्मों का होगा प्रदर्शन*
- 25 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा महोत्सव, मनोज बाजपेयी, अनुपम खेर और पीयूष मिश्रा जैसे दिग्गज हस्तियां और संवाद सत्रों में साझा करेंगे अनुभव
- AI इन फिल्ममेकिंग से लेकर ‘शोले (रिस्टोर्ड)’ की स्क्रीनिंग तक, IFFD 2026 में दिखेगी आधुनिकता और क्लासिक सिनेमा की जुगलबंदी
रविवार दिल्ली नेटवर्क
“दिल्ली को वैश्विक फिल्म एवं सांस्कृतिक केंद्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल: कपिल मिश्रा
नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बुधवार को भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 के भव्य उद्घाटन समारोह में भाग लेते हुए महोत्सव का शुभारंभ किया। यह ऐतिहासिक अवसर दिल्ली को वैश्विक फिल्म हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, श्री कपिल मिश्रा, मुख्य सचिव श्री राजीव वर्मा , देश-विदेश से आए फिल्मकारों, कलाकारों, निर्देशकों सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान आईएफएफडी पर आधारित एक विशेष ऑडियो-विज़ुअल फिल्म प्रस्तुत की गई, जिसमें भारतीय सिनेमा की यात्रा तथा महोत्सव की परिकल्पना को प्रभावी रूप से दर्शाया गया। इस अवसर पर रेड कार्पेट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गाला प्रीमियर और लाइव परफॉर्मेंस के माध्यम से भारतीय सिनेमा की समृद्ध परंपरा को भव्य रूप में प्रस्तुत किया गया। साथ ही, समारोह के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।इसके अतिरिक्त समारोह के अंत में उद्घाटन फिल्म “SIRÂT” का भी प्रदर्शन किया गया।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दिल्ली के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, जब राजधानी वैश्विक सिनेमा के मंच पर अपनी सशक्त पहचान दर्ज करा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सदियों से कला, संस्कृति और रचनात्मकता का केंद्र रही है और आईएफएफडी उसी विरासत का विस्तार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का नहीं, बल्कि सपनों, संवेदनाओं और कहानियों का उत्सव है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि सिनेमा वह माध्यम है जो भाषाओं और सीमाओं से परे जाकर दिलों को जोड़ता है और समाज को एक नई दृष्टि देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से दिल्ली अब वैश्विक सिनेमा के नक्शे पर अपनी जगह बना रही है और मुंबई, पुणे एवं गोवा जैसे प्रमुख फिल्म केंद्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है। भारत मंडपम जैसे विश्वस्तरीय मंच पर दुनियाभर के कलाकारों और फिल्मकारों का एकत्र होना दिल्ली की विविधता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार इस महोत्सव को एक दीर्घकालिक सांस्कृतिक परियोजना के रूप में विकसित कर रही है, जिससे फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं को अवसर प्राप्त होंगे तथा रचनात्मक अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। सिनेक्सचेंज जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से नए फिल्मकारों को अपनी कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि “Her Lens” जैसे विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से महिला फिल्मकारों को मंच प्रदान किया जा रहा है, जो समावेशी और सशक्त सिनेमा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब एक “क्रिएटिव कैपिटल” के रूप में उभर रही है, जहां कला, संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जाएगा और ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा
कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने भारत मंडपम में आयोजित प्रथम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली के उद्घाटन अवसर पर कहा कि आज भारत मंडपम से प्रारंभ हो रहा यह इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली, राजधानी की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। लगभग एक वर्ष पूर्व रखे गए इस विज़न को माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में साकार होते देखना गर्व का विषय है। दिल्ली अब केवल प्रशासनिक ही नहीं, बल्कि कला, संस्कृति एवं पर्यटन के क्षेत्र में भी अपनी पूर्ण क्षमता के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा एवं आशीष सूद, मुख्य सचिव अजय वर्मा सहित सभी गणमान्य अतिथियों का अभिनंदन किया। साथ ही उन्होंने प्रख्यात अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी, वरिष्ठ अभिनेत्री एवं जनप्रतिनिधि खुशबू सुंदर, सुप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर, दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर तथा प्रख्यात अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत की गरिमामयी उपस्थिति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन दिल्ली को एक प्रमुख फिल्म शूटिंग एवं पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर, प्रख्यात अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत, वरिष्ठ अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी, अभिनेता विवेक ओबेरॉय, अभिनेता अर्जुन कपूर, अभिनेत्री निमरत कौर, अभिनेता विक्की कौशल, अभिनेता अरविंद स्वामी, फिल्म निर्देशक सुदीप्तो सेन, सुप्रसिद्ध निर्देशक मधुर भंडारकर, अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा तथा अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम की भव्यता और प्रतिष्ठा को और बढ़ाया।
आईएफएफडी 2026 की विस्तृत जानकारी
प्रमुख विशेषताएं
- 125 से अधिक भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन
- गाला प्रीमियर एवं स्टार-स्टडेड स्क्रीनिंग
- डिजिटल एवं उभरते सिनेमा की विशेष प्रस्तुतियां
- CineXchange फिल्म मार्केट एवं Cineverse एक्सपो
- मास्टरक्लास, इंडस्ट्री पैनल चर्चा एवं कार्यशालाएं
- सांस्कृतिक संध्याएं एवं लाइव परफॉर्मेंस
महोत्सव के प्रमुख उद्देश्य
- दिल्ली को वैश्विक फिल्म हब के रूप में स्थापित करना
- फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देना
- युवा प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करना
- फिल्म निर्माताओं के लिए सिंगल-विंडो सुविधा
- रचनात्मक अर्थव्यवस्था (Creative Economy) को सशक्त करना
शेड्यूल ऑफ़ फ़िल्म फेस्टिवल
1. 26 मार्च 2026
इस दिन भारत मंडपम के ऑडिटोरियम 1 में Sankranthiki Vasthunam, Lust for Life, Nirontor और Meiyazhagan की स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। ऑडिटोरियम 2 में Sitaare Zameen Par (विशेष सत्र के साथ), Noor, Bhagwanth Kesari और Mahadev Ka Gorakhpur का भी प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही लीडर्स लाउंज में इंडस्ट्री सत्रों के तहत CineXchange का उद्घाटन, Pitch Forum (Co-production एवं Rough Cuts), “The Producer’s Chair” (Women in Cinema), “The Casting Eye”, Enrique Arce के साथ संवाद तथा “History of Bhojpuri Cinema” जैसे महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
2. 27 मार्च 2026
इस दिन Kalamkaaval, Baipan Bhari Deva, Shool और Made in Korea की गाला स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। साथ ही, Manoj Bajpayee के साथ विशेष संवाद सत्र, Scriptwriting से Acting तक की मास्टरक्लास तथा AI in Filmmaking और Cross-Cultural Cinema पर पैनल चर्चाएं भी आयोजित की जाएंगी।
3. 28 मार्च 2026
कार्यक्रम के अंतर्गत Gondhaal, Rang De Basanti और Dear Maa की गाला स्क्रीनिंग प्रस्तुत की जाएगी, साथ ही अंतरराष्ट्रीय फिल्म Ilo Ilo का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, Piyush Mishra पर केंद्रित विशेष सत्र और Film Distribution तथा Independent Cinema पर विषयगत पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी।
4. 29 मार्च 2026
इस दिन Virupaksha, Aranmanai 4 और Jana Gana Mana की गाला स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। साथ ही Cinematography पर के.के. सेंथिल कुमार की मास्टरक्लास, “Reimagining Filmmaking with AI” सत्र और Regional Cinema के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा भी आयोजित की जाएगी।
5. 30 मार्च 2026
समापन दिवस पर गाला रेड कार्पेट और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर Sholay (Restored) की विशेष स्क्रीनिंग प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही Anupam Kher द्वारा Acting पर मास्टरक्लास और Bhumi Pednekar के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा।
6. 31 मार्च 2026 (अंतिम दिवस)
अंतिम दिन Laalo – Krishna Sada Sahaayate की गाला स्क्रीनिंग और Amoeba के रूप में समापन फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। “Delhi on Reel – Cinema & the Capital” विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अंतरराष्ट्रीय और भारतीय फिल्मों की अंतिम स्क्रीनिंग के साथ महोत्सव का समापन होगा।
7. अन्य प्रमुख स्थान
- दिल्ली के विभिन्न PVR सिनेमाघरों (साकेत, वसंत कुंज, द्वारका, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, पीतमपुरा, कौशांबी आदि) में पूरे सप्ताह फिल्म स्क्रीनिंग
- PictureTime एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शो
- शॉर्ट फिल्म, आर्काइव और ऑडियंस शोकेस सेक्शन





