क्या अक्षर की कप्तानी में पूरी होगी दिल्ली कैपिटल्सकी पहली बार आईपीएल खिताब जीतने की हसरत?

Will Axar's captaincy fulfill Delhi Capitals' ambition of winning their first IPL title?

दिल्ली को खिताब जिताने का दारोमदार केएल राहुल, कप्तान अक्षर व आकिब पर

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : भारत को हाल ही में आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल दुनिया की सबसे महंगी टी 20 क्रिकेट लीग आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी बार दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे। बड़ा सवाल यह रहेगा कि शुरू के 18 संस्करणों में अब तक एक बार भी आईपीएल खिताब न जीत पाने वाली दिल्ली कैपिटल्स की पहली बार खिताब जीतने की हसरत क्या इस बार 19 वें संस्करण में आखिर अक्षर पटेल की कप्तानी में पूरी होगी। दिल्ली कैपिटल्स को पहली बार आईपीएल खिताब जिताने का दारोमदार भरोसेमंद स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर अक्षर पटेल के साथ भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल और 60 विकेट चटका जम्मू कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब जिताने वाले बेहद सटीक तेज गेंदबाजी करने वाले आकिब नबी पर रहेगा। दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान का आगाज लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ उसके घर लखनउ में अटल बिहारी एकाना स्टेडियम में 1 अप्रैल को करने के बाद अगले दो मैच अपने घर में अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (4 अप्रैल) और गुजरात टाइटंस (8 अप्रैल) को खेलेगी और फिर अगला मैच चेन्नै सुपर किंग्स (11 अप्रैल) को चेन्नै के एमए चिदांबरम स्टेडियम में खेलेगी।

दिल्ली कैपिटल्स 2025 आईपीएल में लगातार चार जीत के साथ आगाज करने के बाद अपने आखिरी पांच में से मात्र एक मैच जीत लगातार चौथे सीजन में प्ले ऑफ में स्थान बनाने से चूक गई थी। अक्षर पटेल शांत रह कर दिग्गजों की मौजूदगी के बावजूद बल्ले और गेंद से दमदार प्रदर्शन कर अपनी छाप छोड़ कर अपनी टीम को जिताना जानते हैं। अक्षर न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में टी 20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में 27 देकर तीन विकेट चटका भारत को जिता खिताब बरकरार रखने में अहम भूमिका निभा दिखा चुके हैं। बतौर कप्तान दिल्ली कैपिटल्स के लिए अक्षर पटेल का 2025 आईपीएल में प्रदर्शन बेहद सामान्य रहा था और वह 12 मैचों में पांच विकेट चटका पाए थे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह सुखद है कि उसके कप्तान अक्षर पटेल 2026 में टी 20 विश्व कप 2026 में सात मैचों में 12 विकेट चटकाने के साथ उतर रहे हैं। बेशक दिल्ली कैपिटल्स के लिए पिछले सीजन में चिंता पॉवरप्ले और आखिरी के मारधाड़ वाले ओवर में उसकी गेंदबाजी बड़ी चिंता है। बावजूद इसके दिल्ली की स्पिन गेंदबाजी अक्षर पटेल और बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव पर निर्भर करेगी। अक्षर और कुलदीप की जोड़ी आईपीएल के आखिर में टूटती पिचों पर बहुत घातक साबित हो सकती है और इन दोनों के साथ विपराज निगम के रूप में तीसरा लेग स्पिनर भी है।

दिल्ली कैपिटल्स को इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट के मौजूदा सीजन से ठीक पहले आईपीएल से हटने और तुरुप के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के कार्यभार प्रबंधन के चलते शुरू के कुछ मैचों के लिए उपलब्ध न होना बहुत अखरेगा। डकेट को इस तरह आखिर क्षणों में आईपीएल से हटने के कारण आईपीएल में खेलने पर दो बरस का प्रतिबंध भी लग सकता है। दिल्ली कैपिटल्स ने डकेट को दो करोड़ रुपये में खरीदा था। डकेट आईपीएल से हटने के अपने फैसले के लिए दिल्ली कैपिटल्स से भले ही माफी मांगे लेकिन इससे उसका संतुलन जरूर ही गड़बड़ा गया है। 2025 के संस्करण के कोर ग्रुप को दिल्ली कैपिटल्स ने भले ही 2026 के सीजन में बरकरार रखा है लेकिन उसने 2025 के संस्करण में खासतौर पर पॉवरप्ले में अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए टी 20 विश्व कप में बढ़िया बल्लेबाजी करने वाले श्रीलंका के पथुम निसका और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर के साथ दिल्ली के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बाएं हाथ के नीतिश राणा के साथ महाराष्ट्र के लिए टी 20 क्रिकेट में ठीक ठाक प्रदर्शन करने वाले पृथ्वी शॉ को वापस अपनी टीम में शामिल किया है। साथ ही दिल्ली ने पॉवरप्ले में अपनी गेंदबाजी को दमदार बनाने के गेंदबाजी को धारदार बनाने के लिए दक्षिण अफ्रीका के लिए अपनी चतुराई से फेंकी धीमी गेंदों पर टी 20 विश्व कप में सबसे जयादा विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी, न्यूजीलैंड के साढ़े छह फुट से भी लंबे तेज गेंदबाज काइल जेमीसन के साथ रफ्तार के साथ धार दिखा 60 विकेट चटका जम्मू कश्मीर को पहली बार रणजी ट्र्रॉफी खिताब जिताने वाले तेज गेंदबाज आकिब नबी को आठ करो़ड़ 40 लाख रुपये में खरीद अपनी टीम में शामिल किया है। दिल्ली ने महाराष्ट्र के 18 बरस के तेज गेंदबाज साहिल पारिख को टीम में शामिल जरूर किया लेकिन उन्हें एकादश में मौका मिलने की संभावना कम है।

दिल्ली कैपिटल्स के सामने सबसे बड़ी पहेली रहेगी कि केएल राहुल के साथ पथुम निसंका, पृथ्वी शॉ, अभिषेक पॉरेल में कोई एक या फिर कोई और पारी का आगाज करेगा। दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी 2025 आईपीएल में उसके लिए 2016 से दस सीजन में अलग अलग टीमों से खेलने के बावजूद नौवीं बार 500 से ज्यादा रन बनान वाले केएल राहुल, श्रीलंका के पथुम निसंका, दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर व ट्रस्टन स्टब्ज जैसे कुछेक ओवर में धमाल कर गेंदबाज को हताश करने का दम रखने वाले बल्लेबाजों के साथ खुद कप्तान अक्षर पटेल पर निर्भर करेगी।

दिल्ली की संभावित एकादश: केएल राहुल, पथुम निसंका, नीतिश राणा, ट्रस्टन स्टब्ज, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, दुष्मंता चमीरा/ लुंगी एंगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन।