कृष्णा गौतम ने की फ़िल्म ‘आदि जगतगुरु शंकराचार्य’ की सिनेमाई घोषणा

Krishna Gautam makes the cinematic announcement of the film 'Adi Jagatguru Shankaracharya'

मुंबई (अनिल बेदाग) : राम नवमी के पावन अवसर पर अभिनेत्री और निर्मात्री कृष्णा गौतम ने एक ऐसी सिनेमाई घोषणा की, जिसने आध्यात्मिकता और भव्यता के संगम की नई उम्मीद जगा दी है। उनकी आगामी द्विभाषी फिल्म ‘आदि जगतगुरु शंकराचार्य’ न केवल एक बायोपिक होगी, बल्कि भारतीय दर्शन और संस्कृति की गहराइयों को बड़े पर्दे पर जीवंत करने का एक साहसिक प्रयास भी है।

आदि शंकराचार्य के जीवन पर आधारित यह फिल्म उनके अद्वैत वेदांत दर्शन, आध्यात्मिक यात्राओं और पूरे भारत में सनातन परंपराओं को एक सूत्र में पिरोने के उनके महान कार्य को दर्शाएगी। कृष्णा गौतम ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर साझा करते हुए यह स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य सिर्फ एक फिल्म बनाना नहीं, बल्कि दर्शकों को फिर से सिनेमाघरों तक खींच लाना है जहां सिनेमा का असली जादू जीवित होता है।

एक्सव्हाईज़ेड प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बन रही यह फिल्म 2027 की शुरुआत में रिलीज़ होगी और इसे खास तौर पर भव्य थिएटर अनुभव के लिए डिज़ाइन किया जा रहा है। इतिहास, भक्ति और सिनेमाई वैभव का यह संगम भारतीय सिनेमा में आध्यात्मिक बायोपिक्स के एक नए युग की शुरुआत कर सकता है।