नीति गोपेन्द्र भट्ट
डूंगरपुर/उदयपुर/जयपुर : स्वच्छता अभियान को लेकर एक बार के. के. गुप्ता फिर से चर्चा में हैं। हाल ही में आयोजित RPSC की SI भर्ती परीक्षा में उनसे जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रश्न पूछा गया, जिसमें अभ्यर्थियों से यह जानना चाहा गया कि फरवरी 2026 में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) का ब्रांड एम्बेसडर किसे बनाया गया था? इस प्रश्न के विकल्पों में सुनिधि जांगिड़, जयेश उपाध्याय, के. के. गुप्ता और रवि जैन के नाम शामिल थे। जबकि इस प्रश्न का सही उत्तर के. के. गुप्ता है।
उल्लेखनीय है कि के. के. गुप्ता 2016 से 2019 तक दक्षिणी राजस्थान के ऐतिहासिक शहर डूंगरपुर नगर परिषद के सभापति रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान वर्ष 2017 में उन्हें पहली बार स्वच्छता अभियान का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया था। इसके बाद 2019 में भी उन्हें यह जिम्मेदारी दोबारा सौंपी गई।स्वच्छता के क्षेत्र में उनके बेजोड़ कार्यों के चलते डूंगरपुर शहर को राजस्थान ही नहीं देश का रोल मॉडल माना गया। उनकी कार्यशैली, जुनून और ऊर्जा को देखते हुए राजस्थान की भजन लाल सरकार ने फरवरी 2026 में उन्हें एक बार फिर से स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया। वर्तमान में के. के. गुप्ता प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में जाकर 180 से ज्यादा नगरीय निकायों में स्वच्छता को लेकर समीक्षा बैठकें कर चुके हैं और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
गौरतलब है कि डूंगरपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष श्री के. के. गुप्ता को देश में स्वच्छता को समर्पित राजदूत कहें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। उन्होंने दक्षिणी राजस्थान के डूंगरपुर नगर में स्वच्छता, जल संरक्षण, वन और पर्यावरण, शिक्षा और युवा विकास आदि विभिन्न क्षेत्रों में राजस्थान ही नहीं देश का सबसे सुंदर शहर बनाने का कार्य कर देश-विदेश में अपार शोहरत अर्जित की है। उनके योगदान की देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सहित देश-विदेश के अनेक नेताओं ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है। उनकी इन अभूतपूर्व सेवाओं को देखते हुए राजस्थान सरकार ने उन्हें तीसरी बार स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) का ब्राण्ड एम्बेसेडर मनोनीत किया है। इससे पहले उन्होंने भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा भी स्वच्छ भारत मिशन का को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया। इसके साथ ही माननीय न्यायालय ने भी श्री के.के. गुप्ता को राजस्थान के शेखावाटी अंचल, मेवाड़ और वागड़ क्षेत्र की नगर पालिकाओं की स्वच्छता कार्यक्रमों की समीक्षा करने के लिए न्यायमित्र भी नियुक्त किया। वे इन दिनों राजस्थान के मुख्य मंत्रि श्री भजन लाल शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी 41 जिलों की स्थानीय निकायों में स्वच्छता आंदोलनों को गति देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। स्वच्छता के प्रति उनके समर्पण और जुनून देखने लायक है।





