‘वीवन’ से रचेगा नया सिनेमाई इतिहास

'Weaven' will create new cinematic history

मुंबई (अनिल बेदाग): मुंबई में आयोजित कॉमिक कॉन इस बार सिर्फ कॉसप्ले और फैंटेसी का मंच नहीं रहा, बल्कि यहां बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म वीवन ने अपनी रहस्यमयी दुनिया की ऐसी झलक पेश की, जिसने फैंस की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया। हॉरर, कॉमेडी और फैंटेसी के अनोखे मिश्रण से बनी यह फिल्म पहले ही चर्चा में थी, लेकिन अब इसकी दुनिया स्क्रीन से बाहर निकलकर कॉमिक्स तक पहुंच चुकी है।

इवेंट में सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, एकता आर कपूर और अरुणाभ कुमार की शानदार मौजूदगी ने माहौल को और खास बना दिया। इसी दौरान टीम ने द लीजेंड ऑफ वीवन कॉमिक लॉन्च की, जो फिल्म की कहानी और उसके रहस्यमयी यूनिवर्स को और विस्तार देती है। यह कॉमिक फैंस को फिल्म रिलीज से पहले उस दुनिया के अनदेखे रहस्यों से रूबरू कराएगी, जहां डर, हास्य और रहस्य एक साथ सांस लेते हैं।

बालाजी टेलीफिल्म्स और टीवीएफ मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी वीवन को दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने निर्देशित किया है। सिद्धार्थ और तमन्ना के साथ मनीष पॉल, सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और अनुप सोनी जैसे कलाकार फिल्म को और दमदार बनाते नजर आएंगे। 28 अगस्त 2026 को रिलीज होने जा रही यह फिल्म अब सिर्फ एक मूवी नहीं, बल्कि एक बड़े सिनेमाई अनुभव के रूप में देखी जा रही है।