ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर फिल्म देखने पहुंची बीमार लड़की, ‘कृष्णावतारम’ से जुड़ी भावुक कहानियों ने छुआ दिल
मुंबई (अनिल बेदाग): आज के दौर में जहां फिल्मों की चमक अक्सर पहले वीकेंड तक सीमित रह जाती है, वहीं ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 – द हार्ट’ रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी दर्शकों के दिलों पर राज कर रही है। मुंबई में आयोजित इसकी विशेष स्क्रीनिंग किसी फिल्मी इवेंट से कम नहीं, बल्कि भक्ति, आस्था और भावनाओं के विराट उत्सव में बदल गई। 1000 से अधिक भक्तों और दर्शकों की मौजूदगी में पूरा माहौल “जय श्री कृष्ण” और “राधे-राधे” के जयकारों से गूंज उठा। ऐसा लग रहा था मानो सिनेमाघर नहीं, बल्कि कोई आध्यात्मिक महोत्सव सज गया हो।
इस भव्य आयोजन में जसपिंदर नरूला, राखी सावंत, पूनम पांडे, अरुण बक्शी, गुरप्रीत चड्ढा सहित कई चर्चित हस्तियां शामिल हुईं। खास आकर्षण रहे प्रसिद्ध बांसुरी वादक नवीन कुमार, जिन्होंने लाइव बांसुरी वादन से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। फिल्म में श्रीकृष्ण बने सिद्धार्थ गुप्ता और सत्यभामा की भूमिका निभाने वाली संस्कृति जयना ने भी दर्शकों से मिलकर उनका आभार व्यक्त किया।
40 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी यह फिल्म अब सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ी एक दिव्य अनुभूति बन चुकी है।





