नई दिल्ली (योगेश कुमार गोयल) : ‘नेशनल अकाली दल’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा के सामाजिक संघर्षों और जनहित के कार्यों पर आधारित 10वां गाना ‘पम्मा बिना धरना सफल नहीं’ जल्द रिलीज होने जा रहा है। इस गाने के बोल लिखे हैं प्रसिद्ध लेखक बलविंदर सिंह सोढ़ी ने जबकि इसे अपनी आवाज दी है गायिका रैश कौर ने। पम्मा पिछले 32 वर्षों से लगातार समाज और जनता के हितों के लिए संघर्ष करते आ रहे हैं। उनके कार्यों और संघर्षों को लेकर समय-समय पर कई प्रसिद्ध गायकों और लेखकों द्वारा गाने बनाए जा चुके हैं। उनके जीवन और सामाजिक आंदोलनों पर कई डॉक्यूमेंट्री भी बन चुकी हैं, जिन्हें काफी सराहा गया है। बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज उठानी हो, बच्चों की स्कूल फीस और कॉलेज दाखिलों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करना हो, ऑनलाइन गेम्स से युवाओं और बच्चों के बिगड़ते भविष्य को लेकर सरकार को चेतावनी देनी हो या फिर महिलाओं और व्यापारियों के हितों की बात सरकार तक पहुंचानी हो, पम्मा हर मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और सदैव आम जनता की आवाज बनकर सामने आए हैं। सामाजिक कार्यों के दौरान उन्हें कई बार कठिन परिस्थितियों का सामना भी करना पड़ा। लगातार संघर्षों और जन आंदोलनों के बीच उनके हार्ट में चार स्टंट तक पड़ चुके हैं लेकिन इसके बावजूद उन्होंने समाज सेवा और जनहित की आवाज उठाना कभी बंद नहीं किया। उनके इसी संघर्ष को रेखांकित करता यह नया गाना उनके संघर्ष, जज्बे और समाज के प्रति समर्पण को दर्शाएगा।





