मुंबई (अनिल बेदाग) : भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शुमार थलपति विजय के प्रशंसकों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जना नायगन’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान हो चुका है। 23 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही यह फिल्म सिर्फ एक बड़े बजट की मनोरंजक प्रस्तुति नहीं, बल्कि विजय के शानदार फिल्मी करियर का भावनात्मक समापन भी मानी जा रही है। यही वजह है कि इस घोषणा ने फैंस के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया है।
निर्देशक एच. विनोथ और केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘जना नायगन’ को भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में तैयार किया गया है। निर्माता वेंकट के. नारायण ने इसे इतिहास रचने वाला पल बताते हुए कहा कि विजय का सफर लाखों लोगों के लिए प्रेरणा रहा है और यह फिल्म उनके असाधारण योगदान को यादगार श्रद्धांजलि देगी। रिलीज डेट की घोषणा के साथ ही फिल्म को लेकर उत्साह चरम पर है और अब दर्शकों की निगाहें इसके ट्रेलर, संगीत और आगामी प्रमोशनल अभियानों पर टिकी हैं। 23 जुलाई 2026 को सिल्वर स्क्रीन पर यह फिल्म निश्चित रूप से साल के सबसे बड़े सिनेमाई आयोजनों में से एक साबित हो सकती है।





