दिल्ली – विश्व प्रसिद्ध “लव कुश रामलीला” केंद्रीय मंत्री “जुएल ओराम” ने निभाई निषाद राज की भूमिका

Delhi - World famous "Luv Kush Ramleela" Union Minister "Jual Oram" played the role of Nishad Raj

केंद्रीय मंत्री “जुएल ओराम” के अभिनय की दर्शकों ने की खूब सराहना।

दीपक कुमार त्यागी

  • रामलीला में राम वन गमन और निषाद राज से भेंट के प्रसंगों ने भारी संख्या में लीला पंडाल में उपस्थित रामभक्तों को किया भावुक
  • दैनिक भास्कर परिवार के सदस्य फिल्म अभिनेता मोहित त्यागी ने निभाई महाराज दशरथ के मुख्य मंत्री और परम मित्र सुमंत की भूमिका

दिल्ली : लालकिला मैदान में आयोजित देश-विदेश में विख्यात लव कुश रामलीला के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि आज लीला स्थल पर श्री राम बारात भव्य शोभा निकाली गई, यात्रा में प्रभु श्री राम की धुने बजाते हुए बैंड, ढोल, नगाड़ों, शहनाई, नफेरी, शंख,घड़ियाल, डमरू की मधुर आवाज, राम भक्त नृत्य करते साथ चल रहे थे, इस शोभायात्रा के वातावरण को राममय कर दिया। आज लीला मंच पर प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक की घोषणा, मंथरा-कैकेयी संवाद, कैकेयी-दशरथ संवाद, श्रीराम वनगमन तथा निषाद राज से भेंट के भावपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया गया। इन प्रसंगों ने दर्शकों को रामकथा के महत्वपूर्ण पड़ावों से रूबरू कराया।

आज की लीला में केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने निषाद राज की भूमिका निभाई। उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा और रामभक्तों ने उनकी प्रस्तुति की भूरी-भूरी प्रशंसा की। लीला अवलोकन के लिए प्रशासनिक अधिकारी, आईएएस, आईपीएस, सेक्रेटरी, अंडर सेक्रेटरी, भारत सरकार के अधिकारी भी लीला अवलोकन के लिए पधारे।

लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि रामलीला के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में रामभक्त लीला देखने पहुंच रहे हैं। दर्शकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कमेटी ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। दिल्ली पुलिस, सिविल डिफेंस और कमेटी के स्वयंसेवकों के साथ-साथ अब मैदान के चारों ओर बाउंसर भी तैनात किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल ने बताया कि 15 अक्टूबर को नितिन नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी लीला के अवलोकन के लिए पधारेंगे, प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने वाले केवट प्रसंग का विशेष आकर्षण देखने को मिलेगा। इस प्रसंग में प्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं सांसद मनोज तिवारी केवट की भूमिका निभाएंगे।