कुमाऊं के रेल सफर को मिलेगी नई रफ्तार, काठगोदाम से वंदे भारत चलाने की तैयारी

Kumaon's rail journey will get new momentum, preparations to run Vande Bharat from Kathgodam

रविवार दिल्ली नेटवर्क

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में पहल

देहरादून/हल्द्वानी : उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की तैयारी है। देहरादून के बाद अब कुमाऊं के प्रमुख रेलवे स्टेशन काठगोदाम से भी वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की संभावनाओं पर चर्चा तेज हो गई है। योजना साकार होने पर क्षेत्र के यात्रियों को तेज, आधुनिक और सुविधाजनक रेल सेवा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में परिवहन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। काठगोदाम से वंदे भारत ट्रेन शुरू होने पर हल्द्वानी, नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन और कारोबार को मिलेगा लाभ

कुमाऊं उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में शामिल है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। आधुनिक रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक और समयबद्ध हो सकेगा। बेहतर रेल संपर्क का लाभ स्थानीय कारोबार, होटल उद्योग और पर्यटन से जुड़े अन्य व्यवसायों को भी मिलने की संभावना है।

आधिकारिक घोषणा का इंतजार

हालांकि, काठगोदाम से वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की अंतिम मंजूरी, प्रस्तावित मार्ग, समय-सारिणी और शुरुआत की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में यात्रियों की निगाहें रेलवे की आगामी घोषणा पर टिकी हैं।