मनीष कुमार त्यागी
- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने किया रामलीला का अवलोकन
- प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री यामी गौतम और निर्माता आनंद एल. राय ने भी की शिरकत
- लव कुश रामलीला में रावण-कुंभकर्ण-मेघनाद के पुतलों का हुआ दहन।
- दैनिक भास्कर परिवार के सदस्य व फिल्म अभिनेता मोहित त्यागी ने विभिषण की भूमिका निभाई।
दिल्ली : विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला कमेटी, लालकिला मैदान के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने विजयदशमी के पावन पर्व पर समस्त देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह भी बताया कि कमेटी के विशेष आमंत्रण पर भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू तथा चांदनी चौक सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने रामलीला स्थल पर पहुंचकर लीला का अवलोकन किया।
अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि हमें गर्व है कि पिछले 51 वर्षों में कमेटी ने समय के साथ रामलीला के मंचन में व्यापक बदलाव किए हैं। इंटरनेट और डिजिटल मनोरंजन के इस दौर में युवा पीढ़ी, विशेषकर जेनरेशन Z (Gen Z), को प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन से जोड़ने के लिए हमने रामलीला के प्रमुख पात्रों की भूमिकाओं में लोकप्रिय फिल्मी कलाकारों को शामिल करना शुरू किया। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है और आज रामलीला में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
अर्जुन कुमार ने सभी विशिष्ट अतिथियों को शक्ति के प्रतीक हनुमान जी की गदा, प्रभु श्रीराम की प्रतिमा तथा रामनामी पटका भेंट कर सम्मानित किया।
रामलीला के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री यामी गौतम और निर्माता आनंद एल. राय भी पहुंचे। दोनों कलाकारों ने रामभक्तों के साथ ‘जय श्रीराम’ का जयघोष किया, जिससे पूरा लीला मैदान भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।
उपराष्ट्रपति ने दिया कर्तव्य, त्याग और समर्पण का संदेश
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने देशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें प्रभु श्रीराम के जीवन से कर्तव्य पालन, त्याग और समर्पण की शिक्षा लेनी चाहिए। उनके आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी सभी देशवासियों को दशहरे की हार्दिक बधाई दी। सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि अपने संसदीय क्षेत्र की लोकप्रिय लव कुश रामलीला के मंच पर देश के उपराष्ट्रपति और दिल्ली के उपराज्यपाल का स्वागत करते हुए उन्हें अत्यंत हर्ष हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से इस रामलीला में युवा दर्शकों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जो भारतीय संस्कृति और प्रभु श्रीराम के आदर्शों के प्रति नई पीढ़ी के बढ़ते जुड़ाव का प्रमाण है।
उपराष्ट्रपति एवं अन्य आमंत्रित अतिथियों ने रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया। इस दौरान लव कुश रामलीला कमेटी की विशेष तकनीकी प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। रावण के पुतले पर जैसे ही तीर लगा, उसकी नाभि से अमृत गिरने का दृश्य दिखाई दिया। उसकी आंखें मटकने लगीं और आंखों से खून के आंसू बहते नजर आए। दोनों हाथों में मौजूद तलवारें घूमने लगीं और गले में पहनी मालाएं अलग-अलग रंगों में चमक उठीं। इसके साथ ही रावण के मुख से ‘हे राम, हे राम’ का जयघोष सुनाई दिया।
लीला मैदान के चारों ओर लगाए गए 12 ट्रैक स्टीरियोफोनिक डिजिटल साउंड सिस्टम से सुसज्जित स्पीकरों के माध्यम से पटाखों की गगनभेदी आवाज गूंज उठी। अर्जुन कुमार ने आगे बताया पहली बार रावण जलने से पूर्व दिल्ली वालो को तीन संदेश, इनमें पहला संदेश अपने अंदर के अहंकार को खत्म करने का होगा , रावण के पुतले से आवाज निकलेगी हर साल यहां मैं तो जल जाता हूं, मुझे मेरे अहंकार ने मारा, सो आप भी अपने अंदर छुपे रावण को मार डाले, रावण का दूसरा संदेश दिल्ली के ट्रैफिक को कम करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करने से जुड़ा और तीसरा संदेश प्रदूषण को खत्म करने और ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने को लेकर था, रावण ने कहा दिल्ली का प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है, दूषित हवा जहां हम सब से स्वास्थ्य को खराब कर रही है वहीं हमारी भावी पीढ़ी के लिए भी खतरे की घंटी है, इस लिए आओ हम सब मिलकर पेड़ लगाए और दिल्ली से प्रदूषण का खात्मा करे। देखते ही देखते रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले आग की लपटों में घिर गए और एक के बाद एक मैदान में धराशायी हो गए। इस अद्भुत दृश्य को देखकर मैदान में मौजूद दर्शकों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ विजयदशमी का उत्सव मनाया। युवा दर्शकों के साथ-साथ महिलाओं और बच्चों ने भी रामलीला के अंतिम क्षण तक पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
लीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि विजयदशमी के दिन मंचन का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद रावण द्वारा भगवान शंकर की पूजा, चंद्रहास तलवार के गिरने का प्रसंग, श्रीराम-रावण युद्ध तथा रावण वध का भव्य मंचन किया गया। इसके पश्चात तीनों पुतलों का दहन संपन्न हुआ।
अर्जुन कुमार ने बताया कि बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को लव कुश रामलीला मैदान में प्रसिद्ध गायक सुनील लोधी अपने लाइव बैंड के साथ हनुमान भजनों की विशेष प्रस्तुति देंगे। सुनील लोधी के लोकप्रिय भजन ‘मैं तेरे ही भरोसे हनुमान’ और ‘सागर में नैया डाल दई’ सहित हनुमान भक्ति से जुड़े गीतों की प्रस्तुति दर्शकों को भक्तिरस में सराबोर करेगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा सांसद बांसुरी स्वराज कार्यक्रम में रहेंगे।
कार्यक्रम की समाप्ति के बाद कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल, चेयरमैन पवन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन, सौरव गुप्ता, रविश अग्रवाल, प्रवीण गोयल, गौरव सूरी, कोषाध्यक्ष अंकुर गोयल, लीला मंत्री प्रवीण सिंघल, राजेश वर्मा, देवेंद्र चौधरी, मानसी अरोड़ा, राजकुमार गुप्ता, वीरू सिंधी, लोकेश बंसल, मुकुल गुप्ता, शशिकांत शर्मा, निशांत गुप्ता, सुनील कुमार, संजय वर्मा, राजकुमार कश्यप सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
अंत में प्रभु श्रीराम की आरती और चरण वंदना के साथ विजयदशमी की रामलीला संपन्न हुई।





