गाजियाबाद में एलिवेटेड रोड पर इंदिरापुरम की तरफ से दिल्ली जाने व वसुंधरा की तरफ दिल्ली से आने वालों के लिए बनेगा नया लूप

A new loop will be built on the elevated road in Ghaziabad for those going to Delhi from Indirapuram and those coming from Delhi towards Vasundhara

उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की गाजियाबाद की पॉश कॉलोनी वसुंधरा व इंदिरापुरम के निवासियों को बड़ी सौगात

दीपक कुमार त्यागी

गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश शासन स्तर से व्यय वित्त समिति ने राजनगर एक्सटेंशन एलिवेटेड रोड पर इंदिरापुरम की तरफ से दिल्ली जाने के लिए व वसुंधरा की तरफ दिल्ली से आने वालों लोगों के लिए नया लूप बनाने की गाजियाबाद के निवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने पर अपनी मौहर लगा दी है।

अधिक्षण अभियंता अजय कुमार मित्तल ने बताया कि आवास आयुक्त डॉक्टर बलकार सिंह जो कि सचिव, शहरी नियोजन एवं आवास उत्तर प्रदेश शासन भी है ने गाजियाबाद में स्थित एलिवेटेड रोड पर इंदिरापुरम की तरफ से दिल्ली जाने व वसुंधरा की तरफ दिल्ली से आने वालों के लिए नया लूप बनाने के लिए पूर्व में उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद के गाजियाबाद के अधिकारियों तथा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये थे। डॉक्टर बलकार सिंह ने स्वयं गाजियाबाद क्षेत्र का निरीक्षण भी किया तथा वह अपने इस महत्वाकांक्षी योजना को पूर्ण करने में सतत् प्रयासरत रहे, अंततः शासन की उच्च स्तरीय व्यय वित्त समिति की बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना की धनराशि पर मौहर लग गयी है, लूप के निर्माण के लिए शासन ने 92 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत कर दी है, जिससे अब जल्द ही वसुंधरा व इंदिरापुरम के लोगों का एलिवेटेड रोड से दिल्ली जाने व दिल्ली से आने का सपना धरातल पर साकार होगा।

वहीं अधिक्षण अभियंता अजय कुमार मित्तल ने बताया की उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की गाजियाबाद स्थित सिद्धार्थ विहार योजना की कनेक्टिविटी सुगम बनाने के लिए आवास आयुक्त डॉक्टर बलकार सिंह पूर्व में ही हिंडन नदी पर एक नये पुल के निर्माण के लिए अपनी सहमति दे चुके हैं, जिसके निर्माण के लिए 52 करोड़ रुपए के फंड की आवश्यकता है, आगामी बोर्ड बैठक में इसको भी हरी झंडी मिलने की पूरी संभावना है। यह दोनों कार्य गाजियाबाद के वसुंधरा योजना, इंदिरापुरम योजना, सिद्धार्थ विहार योजना, प्रताप विहार योजना के लाखों निवासियों के लिए उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के द्वारा दी गई बहुत बड़ी सौगात हैं और दोनों कार्य पूर्ण होने पर गाजियाबाद के निवासियों को जाम के झाम से राहत मिलेगी व सुगमतापूर्वक दिल्ली से आने और जाने का सपना धरातल पर साकार होगा।