डार्क कॉमेडी में नया रंग: ‘मां बहन’ में तृप्ति डिमरी ने दिखाया अपना फनी अवतार

A new twist to dark comedy Tripti Dimri showcases her funny side in 'Maa Behan'

तृप्ति डिमरी की कॉमिक टाइमिंग ने सोशल मीडिया जीता

मुंबई (अनिल बेदाग) : बुलबुल और कला जैसी गहरी और गंभीर फिल्मों के बाद अभिनेत्री तृप्ति डिमरी अब एक बिल्कुल नए अंदाज़ में दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार हैं। नेटफ्लिक्स की आने वाली फिल्म ‘मां बहन’ में तृप्ति डार्क कॉमेडी के ज़रिए अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से लोगों का दिल जीतती नज़र आ रही हैं।

इस फिल्म में तृप्ति के साथ माधुरी दीक्षित, रवि किशन और धारणा दुर्गा जैसे दमदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है, जो अपनी सशक्त और अलग तरह की कहानियों के लिए जाने जाते हैं।

‘मां बहन’ की कहानी रेखा और उसकी दो बेटियों—जया और सुषमा—के इर्द-गिर्द घूमती है। मोहल्ले में जिनके बारे में पहले से ही तरह-तरह की बातें उड़ती रहती हैं, उनकी ज़िंदगी उस वक्त पूरी तरह उलट-पुलट हो जाती है जब उनके किचन में अचानक एक लाश मिल जाती है। इसके बाद तीनों महिलाएं उस राज़ को छुपाने की कोशिश करती हैं और यहीं से कहानी मज़ेदार, ट्विस्ट्स और ब्लैक ह्यूमर से भरपूर मोड़ ले लेती है।

फिल्म में तृप्ति डिमरी बड़ी बहन की भूमिका निभा रही हैं—जो एक तरफ़ ज़िम्मेदार है, तो दूसरी तरफ़ हल्की-फुल्की शरारत और मज़ाक से माहौल को संभालना भी जानती है। उनकी कॉमेडी टाइमिंग और नैचुरल परफॉर्मेंस को देखकर दर्शक खासे प्रभावित नज़र आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर तृप्ति की तारीफों की बाढ़ सी आ गई है। एक यूज़र ने लिखा, “तृप्ति कॉमेडी में कमाल हैं।” दूसरे ने कहा, “फिल्म मज़ेदार और परफेक्ट टाइमपास लग रही है।”

वहीं किसी ने उन्हें “आज की स्मिता पाटिल” तक कह दिया। इस पर नेटफ्लिक्स इंडिया ने भी मज़ेदार अंदाज़ में जवाब दिया, “वो कभी गई ही नहीं!”

हर फिल्म के साथ खुद को और निखारती जा रहीं तृप्ति डिमरी ने पहले गंभीर किरदारों में गहरी छाप छोड़ी और अब कॉमेडी में भी अपनी रेंज साबित कर दी है। ओ’ रोमियो के बाद ‘मां बहन’ में उनका यह नया, चुलबुला और स्मार्ट अवतार दर्शकों को खूब गुदगुदाने वाला है। डार्क कॉमेडी, दमदार परफॉर्मेंस और महिलाओं के नज़रिए से कही गई यह कहानी—‘मां बहन’ वाकई हंसी के साथ सरप्राइज़ भी देने वाली है।