लखनउ सुपर जायंटस और केकेआर में खासे रोचक संघर्ष की उम्मीद

A very interesting clash is expected between Lucknow Super Giants and KKR

पंत की अगुआई में लखनउ लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के मकसद से उतरेगी

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : विकेटकीपर बल्लेबाज कप्तान ऋषभ पंत के सूझबूझ भरे अर्द्धशतक और सदाबहार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के मात्र 9 रन दे चटकाए दो विकेट की बदौलत लखनउ सुपर जायंटस की टीम सनराइजर्स हैदराबाद को उसके घर हैदराबाद में पांच विकेट से हरा जीत की राह पर वापस लौट चुकी है। लखनउ सुपर जायंटस अब बृहस्पतिवार को मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को ईडन गार्डंस पर हरा तीन मैचों में लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के मकसद से उतरेगी। केकेआर शुरू के तीन में दो हारने और तीसरा अधूरा बेनतीजा समाप्त होने के चलते बुरी जूझती नजर आ रही है। लखनउ सुपर जायंटस ने केकेआर से बीते बरस अपने आखिरी मैच सहित पांच में तीन मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच भले ही लखनउ सुपर जायंटस का पलड़ा केकेआर के खिलाफ भारी रहा,लेकिन पिछले पांच में से ज्यादातर मैच बेहद करीबी रहे हैं। लखनउ सुपर जायंटस और कोलकाता में केकेआर के खिलाफ बृहस्पतिवार को खेला जाने वाले मैच में खासे रोचक संघर्ष की उम्मीद है। मोहम्मद शमी घरेलू रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए ईडन गार्डंस पर खेले हैं और ऐसे में उनका अनुभव लखनउ सुपर जायंटस के बहुत काम आ सकता है। शमी ने यदि हैदरबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच की तरह बृहस्पतिवार को केकेआर के शुरू के विकेट सस्ते में निकाल दिए तो फिर लखनउ सुपर जायंटस शुरू में ही मैच पर अपनी पकड़ बना सकती है।

लखनउ सुपर जायंटस के लिए ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श (कुल 56 रन) व दक्षिण अफ्रीका के एडन मरक्रम(कुल 49 रन) शुरू के दो मैचों में अच्छे आगाज को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए हैं। पिछले संस्करण में बल्ले से दमदार प्रदर्शन करने वाले निकोलस पूरन का शुरू के दो मैच में कुल 9 रन और आयुष बडौनी का कुल 16 रन ही बना पाना मार्श और मरक्रम की सलामी जोड़ी के साथ नाकाम रहना लखनउ सुपर जायंटस के लिए बड़ी चिंता का सबब है। कप्तान ऋषभ पंत (कुल 68) ने लखनउ में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले मैच में बदकिम्सती से रनआउट होने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बल्ले से अनुकरणीय प्रदर्शन कर अविजित अर्द्ध शतक जड़ने के साथ अब्दुल समद (कुल 52 रन) के साथ मिल कर जिस तरह लखनउ सुपर जायंटस को पांच विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई उससे साफ है कि वह अपनी टीम के जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने के मकसद से ही ईडन गार्डंस में उतरेंगे। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी(4 विकेट), वैभव अरोड़ा (तीन विकेट) और नए गेंदबाजी एक्शन के साथ उतरने वाले उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी (2 विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति के साथ अपनी रंगत पाने के लिए जूझ रहे लेग स्पिनर सुनील नारायण (एक विकेट) और अनुकूल राय (एक विकेट) तथा विकेट के लिए तरस गए वरुण चक्रवर्ती जैसे केकेआर के गेंदबाजों के लिए लखनउ सुपर जायंटस के कप्तान ऋषभ पंत, मिचेल मार्श, मरक्रम और निकोलस पूरन को रोकना कड़ी चुनौती होगा।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के निर्देश पर ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को आईपीएल 2026 के शुरू के चार मैचों में गेंदबाजी नहीं करनी थी। ग्रीन ने मौजूदा सीजन में केकेआर के लिए मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच 10 गेंदों में 18 और दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रनआउट होने से पहले दो गेंद कर दो रन बनाए थे।कैमरून ग्रीन को ऑलराउंडर के रूप में केकेआर ने नीलामी में सबसे महंगा 25 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा था। बल्ले से नाकाम रहने के बाद ग्रीन के गेंदबाजी भी न कर पाने से केकेआर का गेंदबाजी संयोजन भी गड़बड़ा गया है। 2023 आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए कैमरूनग्रीन ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 16 पारियों में 50 की औसत से 432 रन बनाए थे और तब वह बल्ले से खासे प्रभावी दिखे थे। आप बल्लेबाजी करते हुए कैमरून ग्रीन खासे असमंजस में नजर आ रहे हैं। केकेआर को जीत की राह पर लौटना है तो कैमरून ग्रीन को बल्ले से कमाल दिखाने के साथ गेंदबाजी कर शुरू कर विकेट चटकाने में अहम योगदान करने की जरूरत है।

बल्लेबाजी में दोनों ही टीमों का शीर्ष क्रम जूझता नजर आया लेकिन लखनउ सुपर जायंटस के लिए अच्छी बात यह है कि उसके लिए दिल्ली के बाशिंदे नवोदित गेंदबाज प्रिंस यादव ने दो मैचों में चार और मोहम्मद शमी ने खासतौर पर हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रफ्तार के साथ धार दिखा दो विकेट चटकाए उससे साफ है कि केकेआर के शीर्ष क्रम में पहले मैच में अर्द्ध शतक जड़ने वाले सलामी बल्लेबाज कप्तान अजिंक्य रहाणे,शुरू के दो मैचों में दो अर्द्ध शतक जड़ने वाले अंगकृष रघुवंशी और उनके सलामी जोड़ीदार एलन फिन, पिछली आईपीएल के सबसे महंगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरून ग्रीन के साथ के लिए चुनौती खासी मुश्किल रहने वाली है।

नौजवान बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी के शुरू के दो मैचों में दो तथा कप्तान अजिंक्य रहाणे के पहले मैच में जड़े अर्द्ध शतकों के बावजूद फिन एलन कैमरून ग्रीन सरीखे अपने सबसे महंगे खिलाड़ी सहित अपने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजो की नाकामी और अपने तुरुप के लेग स्पिनर सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती तथा तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के सबसे ज्यादा चार विकेट और वैभव अरोड़ा के तीन विकेट चटकाने के बावजूद सबसे महंगे साबित होने के कारण शुरू के दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा। केकेआर ने मेहमान पंजाब किंग्स के खिलाफ मात्र कोलकाता में चौथे ओवर में बारिश आने से पहले मात्र दो विकेट 25 रन गंवा दिए थे और इसके बाद आगे खेल न होने पर यह मैच अधूरा बेनतीजा समाप्त हो गया। केकेआर को शुरू के दोनों मैचों में मुंबई इंडियंस से मुंबई में छह विकेट से फिर मेहमान सनराइजर्स हैदराबाद से अपने घर में 65 रन से हार चुकी है। केकेआर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ ईडन गार्डंस में ही तीसरा मैच बारिश के चलते बेनतीजा अधूरा समाप्त हुआ और उसका शुरू के तीन मैचों से मात्र एक अंक है।

गेंदबाज तय करते हैं मैच की दिशा : ऋषभ पंत
लखनउ सुपर जायंटस के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, ‘मेरा आखिर तक क्रीज पर रह कर अपनी लखनउ सुपर जायंटस टीम को जिता कर लौटना मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि रहा। गेंदबाजों की तारीफ की जानी चाहिए क्योंकि वे ही मैच की दिशा तय करते हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और आवेश खान के साथ लेग स्पिनर दिग्वेश राठी सहित हमारे सभी गेंदबाजों ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उसके घर मे हमारी टीम को जिताने में योगदान किया साथ ही बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ ने भी गेंद से योगदान किया। हमारा यह मानना है कि कोई भी मैच आदर्श मैच नहीं होता। प्रबंधन के लिहाज से हमें हमें आलोचनात्मक रुख अपनाना पड़ता है, लेकिन हम योजना को अमली जामा पहनाने की तारीफ करते हैं। मैं जानता हूं कि मैं बढ़िया ढंग से तैयारी कर रहा था। बस यही कहूंगा कि अंत भला, तो सब भला। मैं अपने बल्ले से जवाब देना चाहता था। मेरी टीम के साथी और हमारा प्रबंधन जानता है कि मैं कितनी शिद्दत से मेहनत कर रहा था और यही बात मायने भी रखती है।’

मैंने धीमी गेंद का बहुत इस्तेमाल किया : शमी
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैन ऑफ द’ मैच रहे लखनउ सुपर जायंटस के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा, ‘हम अपना पिछला मैच हार गए थे और लय पाने के लिए हमारे लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच जीतना जरूरी था। आप यदि खेलना चाहते हैं तो आपको मैच में बने रहता है। आप पूरी तरह फिट होने पर अपना कौशल बेहतर करने के लिए मेहनत कर सकते हो। मैं इसीलिए घरेलू मैचों में बराबर खेलता रहा। बिना कौशल और अनुभव के कुछ मुमकिन नहीं। बावजूद इसके आपको हालात के मुताबिक ढालना होता है। मैं बीते बरस भी यहां था, और मैंने धीमी गेंद का बहुत इस्तेमाल किया। प्रतिद्वंद्वी टीमों के गेंदबाजों ने धीमी गेंदों का बहुत इस्तेमाल किया तो फिर हम भी क्यों न इसका इस्तेमाल करें।‘
बृहस्पतिवार का मैच : लखनउ सुपर जायंटस वि केकेआर, कोलकाता (शाम साढ़े सात बजे से)।