- जो भी हारा उसका सफर खत्म होने की शुरुआत हो जाएगी
- नीदरलैंड को जीतना है तो नामीबिया के श्मिट से चौकस रहना होगा
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : अपने पहले बेहद करीब मैच में एशियाई दिग्गज पाकिस्तान से तीन गेंद के बाकी रहते तीन विकेट से हार के साथ आगाज करने वाले नीदरलैंड के लिए मौजूदा आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप 2026 में बने रहने के लिए नामीबिया से यहां फिरोजशाह कोटला के अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलवार को अपना ग्रुप ए का मैच हर हाल में जीतना होगा। नामीबिया इस संस्करण में अपने अभियान का आगाज नीदरलैंड के खिलाफ मैच से मंगलवार को करेगी। मंगलवार को जो भी टीम हारी उसके मौजूदा संस्करण में सफर के खत्म होने की शुरुआत हो जाएगी। नीदरलैंड ने नामीबिया से अपने पिछले पांच में से तीन मैच जीते और एक हार और एक बेनतीजा रहा है। नीदरलैंड को जीतना है उसे दबाव बनाने के बाद अहम मौकों को भुनाना होगा। आंकड़ों के लिहाज से बेशक नीदरलैंड का पलड़ा नामीबिया के मुकाबले भारी है। ऐसे में नीदरलैंड को हराने के लिए नामीबिया को बेहद चुस्त खेल दिखाना होगा।
नीदरलैंड की बल्लेबाजी विकेटकीपर बल्लेबाज स्कॉट एडवडर्स (69 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच, 2008 रन) , बल्लेबाजी ऑलराउंडर कॉलिन एकरमैन, बैस डी लीड पर निर्भर करेगी। नीदरलैंड को जीतना है बल्ले और गेंद से नाजुक मौकों पर दबाव बनाए रखना होगा।एक दिलचस्प बात है कि शुरू के दो दिन में नेपाल, नीदरलैंड व अमेरिका जैसी एसोशिएट देशों की क्रिकेट टीमों ने इंग्लैंड, पाकिस्तान और भारत जैसी पूर्णकालिक देशों की टीमों से हारने से पहले मैच को आखिर तक ले जाने के साथ एक झटका देकर यह बताया कि उन्हें कमतर आंकना किसी को भी भारी पड़ सकता है। नीदरलैंड और नामीबिया का यह मैच भले ही स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान भले ही आकर्षित न करे, लेकिन खुद इन दोनों के लिए अपनी चुनौती बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। भारत मूल के ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त और दक्षिण अफ्रीका में जन्में अपने बाएं हाथ के तेज गेदबाज पॉल वान मीकरन ने दो दो विकेट चटका पाकिस्तान की हालत खस्ता कर उसे एकबारगी हार की ओर धकेल दिया था। नीदरलैंड को जीतना है तो आर्यन व मीकरन को नामीबिया के खिलाफ भी गेंद से कमाल दिखाना होगा।
नीदरलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले पॉवरप्ले में दो विकेट पर 50 और 15 ओवर में चार विकेट पर 123 रन बनाए और तब कप्तान स्कॉट एडवडर्स क्रीज पर डटे थे। तब नीदरलैंड 170 के करीब रन बनाने की आस कर रहा लेकिन पांच गेंदो में तीन विकेट गंवाने से उसकी आस पर पानी फिर गया और वह 147 रन तक ही सीमित रह गई। पाकिस्तान के खिलाफ में अपने गेंदबाजों की एक इकाई के रूप में बेहतरीन गेंदबाजी से नीदरलैंड संतुष्ट होगा उसमें बिना कोई बदलाव किए ही नामीबिया के खिलाफ उतरेगा।
पॉल मीकरेन ने अपने एक ओवर में बिना कोई रन देकर दो विकेट लेकर पाकिस्तान को गहरे दबाव में डाल दिया था और उन्होंने अपने चार ओवर में मात्र 20 रन देकर दो विकेट चटकाए थे। बदकिस्मती से नीदरलैंड यह मैच हार गया और मीकरन सुर्खियों में आते आते रह गए। नीदरलैंड को जीतना है तो उसे नामीबिया के ऑलराउंडर जेजे श्मिट से चौकस रहना होगा। श्मिट ने पांच मैचों में अफ्रीकी क्वॉलिफायर में करीब 200 रन बनाए थे और आधा दर्जन विकेट चटकाए थे। श्मिट बढ़िया बल्लेबाज होने के साथ अपनी मध्यम तेज गेंदबाजी से नीदरलैंड के बल्लेबाजों पर लगाम लगाने में भी सक्षम हैं।
नामीबिया बड़ा स्कोर बनाने के लिए अपने सबसे कामयाब ऑलराउंडर गेरहर्ड इरासमस व जॉन निकोलस फ्रीलिंक पर निर्भर करेगा।नामीबिया के लिए सबसे ज्यादा 77 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल कर इरासमस ने एक शतक और 13 अर्द्बशतक सहित 1833 रन बनाने के साथ अपनी ऑफ स्पिन से 55 विकेट भी चटकाए हैं। वहीं निकोलस ने 74 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल एक शतक और दो अर्द्धशतक सहित 1041 रन व 63 विकेट चटकाए हैं जबकि लॉफ्टी एटन ने 51 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल 1113 रन व 23 विकेट चटकाए हैं। नीदरलैंड को सस्ते में आउट करने के लिए नामीबिया अपने तुरुप के सौ टी 20 अंतर्राष्ट्रीय विकेट चटकाने वाले बाएं हाथ के स्पिनर गेंदबाज बर्नर्ड शुल्ज पर निभर करेगा। अरुण जेटली स्टेडियम पर बड़ा स्कोर देखने को मिलता रहा है। दरअसल अरुण जेटली स्टेडियम की छोटी बाउंड्री का लाभ उठाकर बल्लेबाज बड़े स्ट्रोक खेलने की कोशिश करेंगे।
‘अब निगाहें नामीबिया के खिलाफ नतीजा पलटने पर’
‘मैं साफ करना चाहूंगा कि पाकिस्तान ने मैच नहीं जीता, बल्कि हम खुद यह मैच हार गए है। हमारी टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैच में गेंदबाजी में हमारी टीम पाकिस्तान से बेहतर दिखी। हमें पाकिस्तान से मैच जीत उसे घर वापस भेज देना चाहिए था। पाकिस्तान के हाथों यह हार शर्मसार करने वाली है लेकिन हार तो हार है। अब हमारी निगाहें नामीबिया के खिलाफ नतीजा पलट जीतने पर टिकी हैं। खिलाफ मैच में जीत बाजी के हकदार थे एक बेहद एकजुट है और इसीलिए हमें इस हार से बहुत निराशा हुई। – पॉल वॉन मीकरेन, नीदरलैंड के तेज गेंदबाज
‘हम पाक के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ खेल नही दिखा पाए‘
‘हमारे लड़कों ने पाकिस्तान के खिलाफ जो जोरदार संघर्ष क्षमता दिखाई उसके लिए उनकी तारीफ की जानी चाहिए। सच यह है कि हम पाकिस्तान के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं दिखा पाए। हम अहम मौके पर बराबर विकेट गंवाते रहे। हमारा मानना था कि यदि हमने 160 रन बनाए तो हम पाकिस्तान को चुनौती दे सकते थे। हमें अपनी जीत की उम्मीद बनाए रखने के लिए बढ़िया गेंदबाजी की जरूरत थी। -स्कॉट एडवडर्स, नीदरलैंड के कप्तान
मैच का समय : सुबह 11 बजे से।





