मुंबई (अनिल बेदाग) : उत्तराखंड के सिल्कयारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन ने वर्ष 2023 में पूरी दुनिया को इंसानी हौसले, तकनीकी कौशल और टीमवर्क की ऐसी मिसाल दिखाई थी, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। अब यही प्रेरणादायक और रोमांच से भरपूर सच्ची घटना बड़े पर्दे पर उतरने जा रही है। आमिर खान प्रोडक्शंस, ऑस्ट्रेलिया की माइंड ब्लोइंग फिल्म्स और कबीर खान फिल्म्स ने ‘सिल्कयारा 41’ की घोषणा की है। यह भारत-ऑस्ट्रेलिया की महत्वाकांक्षी को-प्रोडक्शन फिल्म होगी, जो उन 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के ऐतिहासिक अभियान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित टनलिंग विशेषज्ञ प्रोफेसर अर्नोल्ड डिक्स की अहम भूमिका को सिनेमाई रूप देगी।
फिल्म का निर्देशन ‘बजरंगी भाईजान’ और ’83’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक कबीर खान करेंगे, जबकि पटकथा ऑस्ट्रेलियाई लेखक एंड्रयू अनास्टासियोस ने लिखी है। आमिर खान का मानना है कि यह केवल एक रेस्क्यू मिशन नहीं, बल्कि साहस, इंसानियत और वैश्विक सहयोग की मिसाल है। वहीं कबीर खान इसे हाल के वर्षों की सबसे प्रेरक मानवीय कहानियों में से एक बताते हैं। अर्नोल्ड डिक्स और माइंड ब्लोइंग फिल्म्स की संस्थापक मितु भौमिक लांगे का भी मानना है कि यह फिल्म दुनिया को यह संदेश देगी कि जब अलग-अलग देश और लोग एक लक्ष्य के लिए साथ आते हैं, तो असंभव भी संभव हो जाता है। ‘सिल्कयारा 41’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उम्मीद, जज्बे और मानवता की जीत का सिनेमाई दस्तावेज बनने की ओर बढ़ रही है।





