ज्ञान, शील एवं एकता के साथ राष्ट्र पुनर्निर्माण का कार्य करें अभाविप कार्यकर्ता : मोहन भागवत

ABVP workers should work for nation building with knowledge, modesty and unity: Mohan Bhagwat

संजय दीक्षित

नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहन भागवत ने आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रकल्प अंतर राज्य जीवन दर्शन (सील) के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया I राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित “यशवंत” नामक नए भवन के उद्घाटन अवसर पर भवन परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का अनावरण करने के बाद संघ प्रमुख भागवत ने कार्यालय भवन का अवलोकन किया I

उद्घाटन के बाद बाल भवन में आयोजित एक समारोह में दीप प्रज्वलित करने के बाद सरसंघचालक डा. भागवत ने कहा कि दिल्ली जैसी जगह में एक महत्वपूर्ण स्थान पर एक अच्छा कार्यालय बनाना संगठनों के लिए बहुत कठिन काम होता है I ऐसे में नया कार्यालय बनाना एक उपलब्धि मानी जाएगी और हम उस खुशी के हकदार हैं I इसमें अभाविप कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं समाज में बनी साख की भी अपनी भूमिका है I दिल्ली में बने कार्यालय का नाम अभाविप के पूर्व अध्यक्ष प्रा. यशवंतराव केलकर के नाम पर रखा गया है, जिनकी इस वर्ष जन्म शताब्दी मनाई जा रही है I वह सील प्रकल्प के पहले अध्यक्ष भी थे और उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से अभाविप कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास पैदा करने में गंभीर भूमिका निभाई थी I

नए भवन को अभाविप कार्यकर्ताओं की भावना का कार्यालय बताते हुए सरसंघचालक डा. भागवत ने कहा कि ज्ञान, शील और एकता का मंत्र लेकर चलने वाली अभाविप विविधता में एकता को सामने रखती है I भारत विश्व में सिरमौर बने ? इसके लिए अपने देश के अनुसार प्रयोग करने होंगे और यह कार्य युवा या तरुण ही कर सकते हैं I

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों का बड़ा योगदान होता है I लेकिन उत्साह में हम भूल जाते हैं जो नहीं भूलना चाहिए I अभाविप हमारा है और इसी भावना से कार्य करना चाहिए I अभाविप में कार्य करने वाले अधिकांश विद्यार्थी राष्ट्र पुनर्निर्माण के क्षेत्र में एक अंग के रूप में कार्य करते हैं I विश्व में हो रहे परिवर्तन के कारण दुनिया भारत की ओर देख रही है I उन्होंने सभी रास्तों पर चलकर देख लिया लेकिन समाधान नहीं मिला I उन्हें अब भारतवर्ष से ही आशा है I

इससे पहले अंतर राज्य छात्र जीवन दर्शन (सील) ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल कुलकर्णी ने बताया कि राजधानी दिल्ली में नए कार्यालय भवन का निर्माण सील के माध्यम से हुआ है I सील एक ऐसा प्रकल्प है, जो उत्तर-पूर्वी राज्यों में भावनात्मक एकीकरण का कार्य कर रहा है I

समारोह में अभाविप अध्यक्ष डा. राजशरण शाही ने कहा कि प्रा. यशवंत राव केलकर की स्मृति में निर्मित नया कार्यालय भवन साधनों के संग्रह की भावना का केंद्र है I लगभग 60 हजार वर्ग फिट में निर्मित कार्यालय का निर्माण अभाविप कार्यकर्ताओं के माध्यम से हुआ है I अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डा. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि नए भवन के निर्माण से उत्तर-पूर्व के विद्यार्थियों को मदद मिलेगी I वर्तमान समय में उत्तर-पूर्वी राज्यों में दो लाख से अधिक अभाविप कार्यकर्ता बहु-रचनात्मक कार्य में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं I राजधानी दिल्ली में पूर्वोत्तर के छात्रों का केंद्र अब यशवंत भवन बनेगा, इसमें कोई संदेह नहीं है I

समारोह में अभाविप की छात्रा कार्य प्रमुख मनु शर्मा कटारिया ने नए भवन से जुडी कई जानकारियों को सामने रखा I समारोह में नए भवन के निर्माण से जुड़े रहे कई कामगारों को सम्मानित भी किया गया I इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल, नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, गजेंद्र शेखावत, भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, भाजपा संगठन मंत्री बी. एल. संतोष दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूर्व उपराष्ट्रपति वैंकैया नायडू, भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. मुरली मनोहर जोशी, संघ पदाधिकारी सुरेश सोनी, डा. कृष्ण गोपाल, मुकुंद सी आर, अरुण कुमार सहित अभाविप कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे I