दो पक्षों के विवाद में आठ माह की गर्भवती महिला घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

An eight-month pregnant woman was injured in a dispute between two parties and was admitted to the district hospital

पंकज शर्मा

सासनी (हाथरस) : क्षेत्र के गांव जलालपुर में आपसी कहासुनी के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने आठ माह की गर्भवती महिला के पेट में लात मार दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय भूमि कुमारी पत्नी रविेंद्र सिंह निवासी जलालपुर शनिवार को घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बीच मारपीट शुरू हो गई और महिला के साथ भी अभद्रता की गई। परिजनों का कहना है कि महिला गर्भवती है और उसके पेट पर लात मारी गई, जिससे उसे तेज दर्द और बेचैनी होने लगी।

घटना के बाद परिवार के लोग घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।