शिमला फल मंडी में टाइडमैन सेब की आवक बढ़ी

Arrival of Tideman apples increased in Shimla fruit market

  • यूनिवर्सल कार्टन में पहुंची सेब की एक हजार पेटी
  • दाम कम लेकिन बागवान यूनिवर्सल कार्टन में बिकने से खुश

रविवार दिल्ली नेटवर्क

शिमला : शिमला भट्ठाकुफर फल मंडी में सेब की आवक बढ़ने लगी है।फल मंडी में सोमवार को टाइडमैन किस्म के सेब की यूनिवर्सल कार्टन में लगभग हजार पेटियां बिकने के लिए पहुंची। करसोग क्षेत्र से फल मंडी पहुंचा टाइडमैन सेब 700 से 1500 रुपये प्रति पेटी मे बिका।

शुरुआती दौर में सेब का साइज छोटा होने के कारण कम दाम में बिक रहा है।सेब का आकर छोटा और रंग फीका होने की वजह से इसे बेहतर दाम नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में बागवानों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

भट्टाकुफ़्फ़र फल मंडी के आढ़ती जयकुमार ने कहा कि फल मंडी में अब सेब की आवक में बढ़ोतरी हो रही है। स्टोन फ्रूट के साथ नाशपाती भी मंडी में पहुंच रही है। सेब का साइज छोटा होने के कारण दाम भी कम मिल रहे हैं।सूखे की मार का असर सेब पर देखने को मिल रहा है।साइज इस बार छोटा है। अभी स्टोरेज का सेब मार्केट में बिक रहा है ।लोग कम दाम वाला ही सेब खरीद रहे हैं इस कारण आने वाले दिनों में दाम में अधिक उछाल आने की संभावना कम है।अगर सेब का साइज बेहतर हुआ तो दाम बेहतर मिल सकते है।

वहीं देहा बल्सन से नाशपती बेचने पहुंचे शशिकांत ने कहा कि इस बार फसल कम हैं और नाशपती के दाम सामान्य ही मिल रहे हैं। सरकार द्वारा यूनिवर्सल कार्टन के निर्णय का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि अभी शुरुआती दौर है इसे बागवानों को समझना पड़ेगा। पहले जहां एक पेटी में 35 किलो तक भी सेब भर दिया जाता था अब वह नही होगा। अब एक बात बेहतर है कि सभी को बराबर दाम मिलेंगे। आने वाले दिनों में जहां सेब की खेप में बढ़ोतरी के साथ अगर साइज व रंग बेहतर हुआ तो बागवानों को सेब के बेहतर दाम मिलने की संभावना है।वहीं स्टोन फ्रूट व नाशपाती भी फल मंडी पहुंच रही है।