दशहरा पर पति,सास-ससुर व ननद का ‘दहन’

‘Burning’ of husband, mother-in-law, father-in-law and sister-in-law on Dussehra

संजय सक्सेना

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के हमीरपुर में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां दशहरा के दिन जब पूरा देश रावण का पुतला दहन कर रहा था, तभी मुस्करा क्षेत्र में बहू ने अपनी ससुराल के बाहर पति, सास, ससुर दो ननद व एक अन्य महिला के पुतलों का दहन किया। महिला का आरोप है कि उसका पति 14 वर्ष से दूसरी महिला के साथ रह रहा है। ससुराल वाले भी पति का समर्थन कर रहे हैं, इसलिए विरोध करने का यह तरीका अपनाया है।
गौरतलब हो, 12 अक्टूबर को मुस्करा कस्बे में जयपुर से आई प्रियंका ने ससुराल के बाहर तीन पुतले रखे। एक पुतले में सास-ससुर, दूसरे में पति व महिला और तीसरे पुतले में दो ननद का फोटो लगा दिया। इसके बाद सभी पुतलों का दहन कर दिया। उस वक्त घर में कोई ससुराली मौजूद नहीं था। प्रियंका ने बताया कि उसका पति अपनी बहन की सहेली के संपर्क में था। शादी के कुछ दिनों बाद ही पति उसे छोड़कर उसी युवती के साथ लिव इन में रहने लगा। उसने विरोध किया, लेकिन सास-ससुर व ननद ने उसका साथ नहीं दिया। वह जयपुर में गर्ल्स हॉस्टल में नौकरी करती है। मायका जालौन में है। वहीं, महिला के पति ने फोन पर बताया कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट का जो फैसला होगा वह मान्य होगा। इससे ज्यादा और कुछ नहीं कह सकते।